स्ट्रॉबेरी एक बहुपयोगी फल है, जो कई रैसिपीस में इस्तेमाल होता है। जैसे सलाद, कप केक, स्मूदीज और आइसक्रीम में इसका इस्तेमाल होता है। इसके अलावा, ताजा स्ट्रॉबेरी भी अपने आप में बेहद स्वादिष्ट लगती है। पेश है क्रिसमस के अवसर पर - ताजी स्ट्रॉबेरी टार्ट की रेसिपी। छुट्टियों के इस मौके पर बनाएं और इसका आनंद लें:


स्ट्रॉबेरी सिर्फ देखने में ही सुंदर नहीं है, बल्कि यह पौष्टिक भी होती है। इसमें कैलोरीज कम और विटामिन्स अधिक होते हैं। विटामिन सी, बी-6 तथा विटामिन-के तो होते ही हैं, साथ ही फॉलिक एसिड, पोटेशियम व अमीनो एसिड भी इसमें भरपूर पाया जाता है। इसके बारे में कहा जाता है कि ये दिल के रोगों व कुछ खास तरह के कैंसर की आशंका को भी कम करती है।

Subscribe

Get weekly updates on the latest blogs via newsletters right in your mailbox.

सामग्री:

  • डार्क चॉकलेट टार्ट क्रस्ट के लिए
  • बादाम का पाउडर या आटा - सवा कप
  • सी सॉल्ट - चौथाई चम्मच
  • बेकिंग सोडा - चौथाई चम्मच
  • कोकोनट ऑइल या हाइ क्वालिटी ऑइल - 2 चम्मच
  • शहद - 2 चम्मच
  • पिघले हुए डॉर्क चॉकलेट चिप्स - आधा कप

विधि:

ओवन को 350 डिग्री तक प्रीहीट करें और उसमें पहले से ही बीच वाले खाने में एक रैक रख दें। अब एक बड़े डोंगे में बादाम का पाउडर, नमक और बेकिंग सोडा डालकर तब तक मिलाएं, जब तक यह अच्छी तरह मिल न जाएं। अब एक छोटे डोंगे में तेल, शहद और पिघली हुई चाकॅलेट डालकर मिलाएं। अब इस चॉकलेट मिक्स को सूखे बादाम पाउडर वाले मिश्रण में मिला लें। इसे इस तरह चलाएं कि दोनों मिश्रण अच्छी तरह से मिल जाएं। अब क्रस्ट को 11 इंच वाले टार्ट पेन में दबाएं। इसे सब ओर बराबरी से फैलने में कुछ मिनट लगेंगे। इसे गीली उंगली से फैलाने में काफी मदद मिलती है। अब क्रस्ट को ओवन में रखकर 8 से 12 मिनट तक पकाएं जब तक क्रस्ट की सतह अपनी चमक न खोने लगे और यह सूखा दिखना न शुरू कर दे। इसे गर्म करते हुए सावधानी रखें कि कहीं यह ज्यादा न पक जाए या जल न जाए। अब ओवन से बाहर निकाल लें। टार्ट में फिलिंग भरने से पहले इसे कम से कम एक घंटे तक ठंडा होनेे दें।

फिलिंग व सजावट के लिए सामग्री

  • क्रीम या चीज - एक कप
  • हैवी व्हिपिंग क्रीम - चौथाई कप
  • शहद या ब्राउन शुगर - एक तिहाई कप
  • वेनिला एसेंस - एक चम्मच
  • ताजी, धुली व कटी हुई स्ट्राबेरी - आधा किलोग्राम
  • डॉर्क चॉकलेट इच्छानुसार - ऊपर से बुरकने के लिए

विधि:

मिक्सी में क्रीम या चीज को डालकर अच्छी तरह से तब तक चलाएं, जब तक यह हल्की और चमकदार न हो जाए। अब हैवी क्रीम को एक डोंगे में तब तक फेंटे, जब तक यह गाढ़ी न हो जाए। मिक्सी के मिश्रण में हैवी क्रीम को मिलाएं। इसमें शहद या ब्राउन शुगर स्वाद के अनुसार डालें। अब इसमें वेनिला एसेंस मिलाएं। इस क्रीमी मिक्सचर को चॉकलेट टार्ट के खांचों में भरें। इस फिलिंग के ऊपर स्ट्रॉबेरी की स्लाइस को कलात्मक रूप से सजाएं। ऊपर से डॉर्क चॉकलेट कद्दूकस करके डाल दें या चॉकलेट सॉस भी डाल सकते हैं। चाहें तो इस पर जायफल या दालचीनी का जरा सा पाउडर बुरक दें।

 

संपादक की टिप्पणी:
ये लेख ईशा लहर के नवम्बर 2016 अंक से उद्धृत है। आप इस मैगज़ीन को यहां से डाउनलोड कर सकते हैं।