ईशा रेसिपी

आम-बादाम टार्टलेट
(बिना बेक किये हुए)

सामग्री: (6 टार्टलेट्स के लिए)

मक्खन (नमकीन) : 1/3 कप

गेहूँ का आटा : 1/3 कप

कोकोआ पाउडर : 1/3 कप

गुड़ का बूरा या पिसी हुई चीनी : 1/2 कप

कच्चा बादाम : 500 ग्राम

अलफाँसो आम : 2-3

टार्टलेट मोल्ड (यदि न हो, तो बटर पेपर और टिन फॉयल का इस्तेमाल करते हुए होममेड मोल्ड बनाए जा सकते हैं)

विधि

बादाम तैयार करने के लिए:

  1. कच्चे बादाम को एक मिनट के लिए उबलते पानी में डालकर हल्का उबाल लें।
  2. एक छलनी में बादाम को छानकर एक साफ, सूखे कपड़े से पोंछ कर सुखा लें।
  3. फिर अपनी उंगलियों से हल्के-हल्के दबाते हुए उसका छिलका उतार लें।
  4. सारे बादाम को एक ब्लेंडर में डालकर लगभग 15-20 सेकेंड तक दरदरा पीस लें।

आम का पल्प तैयार करने के लिए:

  1. अलफाँसो आम को काटकर उसकी गुठली हटा लें और एक चम्मच से उसका गूदा निकाल लें।
  2. आम के गूदे को एक ब्लेंडर में हल्का ब्लेंड कर लें। एक चम्मच से फालतू पानी निकालकर चिकना और गाढ़ा लेकिन रसदार आम का पल्प रख लें।


टार्टलेट का आटा तैयार करने के लिए:

  1. एक नॉन स्टिक बर्तन धीमी आँच पर एक मिनट के लिए गर्म करें, फिर उसमें गेहूँ का आटा डाल लें। लकड़ी के स्पेटुला से चलाते रहें जब तक कि उसका रंग न बदलने लगे। इसमें लगभग 3-4 मिनट लगेंगे। आटे को बर्तन से निकालकर एक तरफ रख लें।
  2. सामान्य तापमान पर रखा हुआ मक्खन और गुड़ का बूरा (या पिसी चीनी) एक मिक्सिंग बाउल में मिलाएँ। हाथ से या इलेक्ट्रिक मिक्सर से मध्यम स्पीड पर फेंटें, जब तक मक्खन का मिश्रण हल्के पीले रंग का, हल्का और फूला हुआ न हो जाए। (अगर गुड़ का इस्तेमाल कर रहे हों, तो पहले उसे छानना जरूरी है।)
  3. अब आटे और कोकोआ पाउडर को एक मिक्सिंग बाउल में छानकर अच्छी तरह फेंट लें।
  4. थोड़ा पिसा हुआ बादाम सजावट के लिए रखकर बाकी को मिक्सिंग बाउल में डालकर अच्छी तरह मिला लें।
  5. एक नॉन स्टिक बर्तन धीमी आँच पर एक मिनट तक गर्म करें, फिर उसमें तैयार आटा डालें। लकड़ी के स्पेटुला से लगातार चलाते रहें और बीच-बीच में आटे को अलग-अलग करके फैलाते रहें ताकि वह समान रूप से पक सके। लगभग 5-7 मिनट में बादाम से अच्छी सुगंध आने लगेगी।
  6. फिर आटे को बर्तन से निकालकर उसे छह बराबर भागों में बाँट लें और हर भाग को अलग-अलग टार्ट मोल्ड में डाल लें।

अगर आपके पास टार्ट मोल्ड नहीं है तो कोई बात नहीं। टिन फॉयल के दस इंच के टुकड़े को लंबाई में मोड़ें, हर एक मोड़ को एक इंच मोटा रखें। फिर दोनों सिरों को साथ स्टेपल करके गोल बना लें। उसे मोड़े हुए बटर पेपर के शीट पर रखें और आपका घरेलू टार्टलेट मोल्ड तैयार है।


टार्टलेट बनाने के लिए:

  1. धीमी आँच पर एक नॉन स्टिक बर्तन में बटर पेपर की एक शीट रखें। इससे टार्टलेट का निचला हिस्सा जलेगा नहीं। टार्टलेट मोल्ड को बर्तन में डालें।
  2. आटे के सख्त होने तक टार्टलेट को पकाएँ, इसमें लगभग 4-5 मिनट लगेंगे। आप एक ही बर्तन पर कई टार्टलेट पका सकते हैं।
  3. पक जाने पर मोल्ड को बर्तन से हटाएँ और टार्टलेट बेस को धीरे से मोल्ड से निकाल लें। उस पर आम की प्यूरी डाल कर दरदरे पिसे बादाम से सजा लें। फिर टार्टलेट्स को तुरंत फ्रिज में रख दें ताकि वे सख्त हो जाएँ।

30 मिनट ठंडे होने के बाद आपके टार्टलेट परोसने के लिए तैयार हैं।