क्या आप अपने विचारों और भावनाओं के गहरे भंवर में फँसे हुए हैं? यहां सद्गुरु ऐसे अभ्यास के बारे में बता रहे हैं जिन्हें रात में करने पर आप दिन भर के मानसिक बोझ से मुक्त रह सकते हैं। आइए इस आलेख के माध्यम से स्पष्टता की एक नई समझ विकसित करके भारहीन होकर आजादी के साथ जीने का एक नया तरीका जानें। इस तरीके को अपनाकर आप अपने दिमाग में गढ़ी हुई कहानियों और वास्तविक सच के बीच के अंतर को भी समझ पाएँगे। सद्गुरु यहाँ खुशहाल जीवन जीने के लिए व्यावहारिक परामर्श दे रहे हैं।
प्रश्न: सद्गुरु अस्तित्वगत सच्चाई एवं मनोवैज्ञानिक सच्चाई के बीच अंतर कैसे किया जाए? क्या आप संपूर्ण भागीदारी के साथ जीने का मतलब और उसका तरीका विस्तार से बता सकते हैं?
सद्गुरु: चूंकि आपने अस्तित्वगत बनाम मनोवैज्ञानिक के बारे में पूछा है… हर चीज जो आप बनाते हैं - आपके विचार,आपकी भावनाएं, आपकी राय, आपके दर्शन वह सब मनोवैज्ञानिक है। उन्हें आपने कहीं न कहीं से लिया है, अपने धर्म से, अपनी संस्कृति से या किसी और से। लेकिन हैं ये सब मनोवैज्ञानिक ही। यह सिर्फ आपके सिर में काम करता है।
यदि आप अपने नजरिए को बदलना चाहते हैं, तो आपको आज रात सोने से पहले एक अभ्यास करके देखना चाहिए। अपने बिस्तर पर बैठ जाइए और इस जीवन में जो भी आपने इकट्ठा किया है, आपकी संपत्ति, आपका पैसा, कपड़े, शरीर, मन, आपके रिश्ते, सब कुछ, उसे सचेतन होकर अलग रख दीजिए। और फिर बिस्तर पर सिर्फ ‘आप’ जाइए। शुरुआत में आपको थोड़ी परेशानी होगी लेकिन इसका हर दिन अभ्यास कीजिए।
जब सुबह आप जागेंगे तो आप एक बिल्कुल ताजा जीवन होंगे। जब आप पैदा हुए थे आप एक छोटे से शरीर के साथ आए थे, अब यह बहुत बड़ा हो गया है। आपने यह सब इकट्ठा किया है। जब आप बिना जागरूकता के चीजें इकट्ठी करते हैं, चाहे वह आपका शरीर हो, मन हो, संपत्ति हो या लोग हों - यह सब कुछ बोझ बन जाता है। जागरूकता के बिना हर चीज आपसे चिपक जाती है और आपको उसे हर जगह अपने साथ ढोना पड़ता है।
कल्पना कीजिए यदि आप एक कुर्सी पर बैठें और वह आपसे चिपक जाए। आपके पीछे चिपकी हुई कुर्सी के साथ यहाँ-वहाँ चलना बहुत बुरा लगेगा। यही अधिकांश लोगों की सच्चाई है। बात बस इतनी है कि उन्हें पता भी नहीं है कि वह हजारों चीजें अपने साथ लिए घूम रहे हैं।
जब आप बच्चे थे, तो आपका चेहरा कितना सुंदर था। जैसे-जैसे आप बड़े हुए आपने बहुत सारी चीज़ें इकट्ठी कीं। तो आपको और खुशनुमा हो जाना चाहिए था। लेकिन जीवन बोझ बन गया। क्योंकि सभी आप ही की तरह हैं, इसलिए आप सोचते हैं कि यह ठीक है। यह ठीक नहीं है। जीवन का हर रूप, कीड़े-मकोड़े से लेकर चिड़िया, पेड़ और मनुष्य तक, हर कोई उल्लासपूर्ण और पूर्ण विकसित जीवन बनने की कोशिश कर रहा है। लेकिन यदि आप यह सोचने लगें कि इकट्ठी की गई चीज़ें ही आप हैं, तो आप शायद ही कुछ कर पाएँ।
जब आप अपनी मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया को सच मानने लगते हैं, तो हर चीज आपसे चिपक जाती है। सबसे पहले आपको यह समझने की जरूरत है कि आप एक बहुत छोटे से ग्रह पर हैं जो विशाल शून्य के बीच सूर्य के चारों ओर चक्कर लगा रहा है। आप नहीं जानते कि यह कहाँ से शुरू हो रहा है और कहाँ खत्म हो रहा है। हम कुछ भी नहीं जानते। इस छोटी सी दुनिया में हम सर्कस कर रहे हैं।
सृष्टि के संदर्भ में आप बहुत छोटे हैं। एक बार जब आप इसे समझ लेते हैं तो आप अपने विचारों, राय और सूत्रों में इतना ज्यादा उलझे नहीं रहेंगे। लेकिन अपने दिमाग में आप सोचते हैं कि आप बहुत बड़े हैं - यह एक गंभीर समस्या है। इस ब्रह्मांड में आप एक सूक्ष्म धब्बे के बराबर भी नहीं है। लेकिन अपने घर में आप सोचते हैं आप एक बड़े आदमी हैं - यह एक गंभीर समस्या है।
तो रात में जब आप सोने जाएं तो पहले हर चीज उतारकर नीचे रख दीजिए। ऐसे बन जाइए जैसे आप कुछ नहीं हैं। इस दुनिया में आपको इस तरह घूमना है, जैसे आप कुछ हैं। यह ठीक है। आप दूसरे लोगों को यह दिखा सकते हैं। लेकिन आपको इस पर विश्वास करने की जरूरत नहीं कि आप कुछ हैं। जब आप यह सब बकवास अपने दिमाग में लेकर नहीं चलते तो जिंदगी अद्भुत होती है। केवल सांस लेना और बस यहाँ बैठना भी बहुत बढ़िया लगेगा।
क्या आप कभी किसी के अंतिम संस्कार में गए हैं? वह व्यक्ति जो नीचे सोया हुआ है वह बिल्कुल ठीक मुद्रा में है। एक दिन पहले हो सकता है वह पैसों के पीछे कूदकर भाग रहा हो। लेकिन यदि आप अभी उसके पास जाकर उससे कहें कि उसने एक हजार करोड़ की लॉटरी जीत ली है या उसे अपने घर के पिछवाड़े में सोने की एक बहुत बड़ी ईंट मिल गई है, तो उसे इन बातों में कोई दिलचस्पी नहीं होगी। आप उसे उसकी पसंद की किसी भी चीज के बारे में बताएं, खाना, औरत, शराब या कुछ भी, उसे कोई दिलचस्पी नहीं होगी। जबकि एक दिन पहले इन्हीं चीजों के लिए वह चारों तरफ भागता फिर रहा था।
एकमात्र चीज जो तब और अब के बीच इसके साथ बदल गयी वह यह कि उससे जीवन ले लिया गया। एक बार जीवन के चले जाने के बाद कोई भी चीज उसके लिए मायने नहीं रखती। अभी भी एकमात्र चीज जो आपके पास है, वह है जीवन, बाकी सब कुछ आपकी कल्पना है। यदि मैं आपकी स्मृति ले लूं तो आपको नहीं पता होगा कि आपके माता और पिता कौन हैं, आपके खाते में कितना पैसा है। तो यह सब कुछ मनोवैज्ञानिक है। समाज में जीने के लिए इसका महत्व है लेकिन आपके भीतर इसका कोई महत्व नहीं है।
मान लीजिए हम आपके सिर पर एक ताज रख देते हैं जिसका वजन 25 किलोग्राम है जिसमें 20 किलोग्राम सोना और उस पर 5 किलोग्राम का हीरा। आप उसे पहनकर आसानी से चल नहीं पाएंगे। चाहे हम आपके सिर पर 25 किलोग्राम के पत्थर रखें या 25 किलोग्राम का सोना, बोझ तो बोझ है। इस समाज में कुछ मूर्ख आपकी ओर देखकर यह कह सकते हैं कि, ‘अरे वाह! उसके सिर पर सोने का ताज है।’ लेकिन बोझ तो फिर भी उतना ही रहेगा। तो आपका मानवीय अनुभव और आपके सामाजिक लेन-देन - यह दो अलग चीजें हैं। महत्वपूर्ण यह है कि आप समझदारी से इन्हें भीतर और बाहर अलग-अलग निभाएँ।
जब तक आपकी मनोवैज्ञानिक सच्चाई, वास्तविक सच्चाई से ज्यादा बड़ी होगी, तब तक कोई सच्ची भागीदारी नहीं होगी। अधिकांश लोगों का पूरा जीवन इसी से जुड़ा होता है कि वे क्या सोचते हैं और क्या अनुभव करते हैं। उनके विचार, उनकी भावनाएं, उस सच्चाई से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हैं, जिसमें वह वास्तव में रह रहे हैं। इसका अर्थ यह हुआ कि आपने जीवन को बिल्कुल ही गलत तरीके से समझा है। आप केवल अपने विचारों में शामिल हैं। जब आप अपने विचारों और भावनाओं में आसक्त रहते हैं तब आप हर चीज या किसी भी जरूरी चीज में भागीदारी कैसे कर सकते हैं?
अपने विचार और भावनाओं को आप बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण इसलिए समझते हैं क्योंकि आप सोचते हैं कि आप प्रकृति के सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं या फिर इस ब्रह्मांड का केंद्र हैं। यही कारण है कि यहाँ भक्ति और आध्यात्मिक प्रक्रियाओं के बारे में बहुत सारी बातें की जाती हैं। भक्ति की शुरुआत तब होती है जब आप किसी चीज या किसी व्यक्ति को अपने से अधिक महत्व देते हैं। जब आप किसी चीज या किसी व्यक्ति को अपने से अधिक महत्वपूर्ण मानते हैं तो भागीदारी एक स्वाभाविक प्रक्रिया बन जाती है।
जब लोग किसी के प्यार में पड़ते हैं तो कुछ हद तक इसका अनुभव करते हैं। शुरुआत में यह सब कुछ उस व्यक्ति के बारे में होता है जिससे आप प्रेम करते हैं, लेकिन थोड़े समय के बाद यह सब कुछ आपके, और कैसे आप उसे व्यक्ति को अपने लाभ के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं इस बारे में होता है। और तब जीवन का रोमांचक अनुभव, एक उलझन बन जाता है।
जब आप खुद को ब्रह्मांड के केंद्र के रूप में देखते हैं, तब आप सोचते हैं कि सारा ब्रह्मांड बस आप में ही उलझा रहे और कहीं भी नहीं। ब्रह्मांड पहले ही आपको हर क्षण जीवित रखने के लिए बहुत गहराई के साथ लगा हुआ है। यदि ब्रह्मांड आपके साथ शामिल नहीं होता तो आप मर चुके होते।
वह हवा जिसे आप अपनी सांस में भरते हैं, वह धरती जिस पर आप बैठे हैं, वह पानी जिसे आप पीते हैं, हर चीज आपको जीवित रखने में लगी हुई है। कोई भी चीज जो आपके बाहर या भीतर है वह आपको जीवित रखे हुए है। उन पर ध्यान दीजिए। यदि कोई आपको गले से पकड़ ले तो आप बहुत ध्यान से अपनी सांस से जुड़े रहेंगे। अभी आपकी भागीदारी केवल पीड़ा और खतरे के क्षणों में ही होती है। यदि आप जीवन को नजरअंदाज करेंगे तो वह आपको छोड़कर निकल जाएगा
आपके द्वारा ली गई एक साधारण सी सांस आपको प्राण देने वाली है। बस फेफड़ों में भरी हुई सांस अभी आपको जिंदा रखे हुए है। यह एक बहुत ही अद्भुत और जादुई घटना है। लेकिन आप सोचते हैं कि यह नजरअंदाज करने की चीज है, क्योंकि आप अपने ही विचारों और भावनाओं में इतना डूबे हुए हैं कि किसी और चीज में शामिल होने के लिए कोई तरीका ही नहीं है।
बगैर किसी शराब या मादक पदार्थों के, बगैर कुछ किए भी आप परमानंद में रह सकते हैं। यह एक ऐसी संभावना है, जिसे आपको खोजना चाहिए। आपके भीतर कुछ ऐसा है, जो कमाल की चीजें करने में सक्षम है, लेकिन अभी आपने उसे बंद करके रखा हुआ है। अब समय है उस पर काम करने का। हमारा भाव-स्पंदन कार्यक्रम इस संभावना से अपका परिचय करा सकता है।
खुद की खोजबीन बहुत जरूरी है, लेकिन अधिकांश लोग किश्तों में खुलते हैं। वह एक निश्चित मुकाम पर पहुंचते हैं और फिर उसे किश्तों में खर्च करना शुरू करते हैं। समय के गुजरने के साथ उनका खुलना कम होता जाता है, क्योंकि किसी ने कुछ ऐसा कहा है या कुछ वैसा किया है। ऐसी चीज एक समस्या है क्योंकि आप एक सीमित इकाई बन जाते हैं और तब हर मुकाम पर खतरा महसूस होता है। जैसे-जैसे यह खतरा महसूस होना बढ़ता जाता है वैसे-वैसे सुरक्षा-तंत्र और अधिक मजबूत होते जाते हैं।
मानव के भीतर दो आधारभूत आयाम हैं - एक आत्म-संरक्षण की प्रवृत्ति और दूसरी असीमित विस्तार की इच्छा। आप किसे सशक्त बनाने वाले हैं? यदि आप असीमित विस्तार की इच्छा को सशक्त बनाते हैं तभी हम जो कुछ कर रहे हैं, वह आपके लिए मतलब का होगा। यदि आप अपनी सीमाओं को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं तो हर चीज या तो आपके विरोध में होगी या फिर कम से कम आपको अपने अनुभव में ऐसा लगेगा।
भाव स्पंदन कोई पूर्ण प्रक्रिया नहीं है। यह एक तरह से ट्रामपॉलिन की तरह है। यदि आप ऊँचा कूदेंगे तो आप दीवार के पार देख सकते हैं। यह आपको दृश्य दिखाता है। लेकिन आप भाव स्पंदन के साथ दीवार के उस पार नहीं जा सकते। हम यह विश्वास करते हैं कि यदि आप दीवार के उस पार देख लेंगे तो धीरे-धीरे सीढ़ी बनाकर एक दिन आप दीवार के उस पार भी चले जाएंगे। इनर इंजीनियरिंग वही सीढ़ी है। यही कारण है कि यह इतना कम आकर्षक है। इसमें सब कुछ बहुत तार्किक है। आप एक के बाद एक पायदान चढ़ते हैं और आखिरकार आप दीवार के उस पार चले जाते हैं। लेकिन समस्या यह है कि आप तीसरे पायदान पर खड़े हैं और आप सोच रहे हैं कि आप पहुंच गए। आप हर दिन चढ़ना नहीं चाहते। या तो आप स्थिर खड़े रहते हैं या फिर नीचे उतर आते हैं।
भाव स्पंदन केवल आपको झलक देता है, जो उत्साहित करती है, लेकिन यह आपको कहीं ले नहीं जाता। यदि आप यह जानना चाहते हैं कि दीवार के उस पार कैसे जाना है तो इसके लिए भी एक व्यवस्था है। वह व्यवस्था बहुत उत्साहित करने वाली नहीं होगी। लेकिन यदि आप एक सीढ़ी बना लेते हैं तो आप उस पार चले जाएंगे।
आपको इनर इंजीनियरिंग के बुनियादी सिद्धांतों को अपने दैनिक जीवन की सच्चाई बनाने की जरूरत है। यदि आप इनर इंजीनियरिंग के हर पहलू को अपने जीवन में लागू कर लेते हैं तो यह आपके लिए रास्ते खोल देगा और धीरे-धीरे चीजें घटित होने लगेंगी। प्रत्येक व्यक्ति के लिए यह स्वाभाविक रूप से अपनी गति से घटित होगा क्योंकि यह अपने आप में एक संपूर्ण मार्ग है।