योग और विवेक

आध्यात्मिक मार्ग पर कठिनाइयों से निपटने के सूत्र

जब एक साधिका अपनी आध्यात्मिक यात्रा में अचानक शारीरिक और मानसिक परेशानियों से घिर जाती है तो वह सद्‌गुरु से अपने लिए व्यक्तिगत मार्गदर्शन चाहती है। अपनी चिरपरिचित वाकपटुता और विवेक से जो उत्तर सद्‌गुरु दे रहे हैं वह विकास की राह में आतंरिक रुकावटों को हटाकर मुक्ति को अनुभव करने की कुंजी है।

प्रश्न: ध्यानलिंग और लिंग भैरवी के पास समय बिताने के बाद, और जब से हम देवी को घर लाये हैं, मैंने अपने अनुभवों को तीव्र होते हुए और अपने शारीरिक लक्षणों को बढ़ते हुए देखा है। मैं पेशे से एक डॉक्टर हूँ लेकिन मैं मरीज बन गई हूँ। क्या मैं आपसे व्यक्तिगत मार्गदर्शन और विशेष साधना पा सकती हूँ जो मेरे विकास को सहारा दे सके और इसके नकारात्मक प्रभावों को रोक सके।

सद्‌गुरु: क्या मरीज आपसे कोई खास दवा देने के लिए कहते हैं? मैं उस प्रकार का डॉक्टर नहीं हूँ जो मरीज़ों की बात सुने।

ध्यानलिंग और लिंग भैरवी को अलग-अलग प्रकार से बनाया गया है। लिंग भैरवी इस तरह की हैं कि अगर आप न चाहें तो आपको वहाँ जाने की जरुरत नहीं है। ध्यानलिंग पूरी तरह से अलग हैं। यह एक बहुत ही समरूप स्थान है। ध्यानलिंग सबके लिए है। भैरवी बावले लोगों के लिए हैं।

तो बात करते हैं आपके ‘लक्षणों’ के बारे में... क्योंकि आप डॉक्टर हैं तो मैं आपकी तरह से बताता हूँ। जब लोगों की धमनियों में रुकावट आती है और उनके हृदय को ज्यादा जोर लगाकर रक्त पम्प करना पड़ता है, जिससे परेशानियाँ बढ़ जाती हैं। वैसे हृदय का काम यह है कि उसे ज्यादा जोर तब लगाना होता है जब शरीर को अधिक ऑक्सीजन की जरूरत होती है। लेकिन अगर धमनियां सँकरी हो जायें और इस वजह से हृदय को ज्यादा ताकत लगानी पड़े तो समस्याएं पैदा हो सकती हैं। ये धमनियों का सँकरा और अवरुद्ध हो जाना केवल रक्त शिराओं के बारे में नहीं है - ये शरीर के विभिन्न स्तरों पर हो सकता है। ऊर्जा के स्तर पर यह कई लोगों के साथ होता है। एक ही हॉल में बैठे कई लोग, जो एक ही साधना से गुजर रहे होते हैं, इतने अलग-अलग अनुभवों से गुजरते हैं। कुछ लोग दर्द में होते हैं, कुछ लोग परमानन्द में होते हैं और कुछ लोग जमीन पर लोट रहे होते हैं। एक तरह से यह आपकी व्यक्तिगत परिस्थिति के लक्षण हैं।

तो आप इस निष्कर्ष पर मत कूदिए कि ये सकारात्मक लक्षण हैं या नकारात्मक। ये केवल लक्षण हैं। और यह विचार कि व्यक्तिगत मार्गदर्शन और विशेष साधना लाभदायक होगी - गलत है। ये लक्षण इसलिए आते हैं क्योंकि अभी तक बुनियादी पहलू ठीक से स्थापित नहीं हुए हैं। थोड़ा और समय दीजिए, साधनापद में आइए। इन 6 महीनों की पिसाई में कई लोगों के लक्षण ठीक हो गए हैं।

आपके कष्ट आपकी रुकावटों के अनुपात में होते हैं।

अभी के लिए 2 संकल्प लेने के बारे में सोचिए। पहला - अपने पसंदीदा भोजन से दूर रहिए। दूसरा - उस व्यक्ति के साथ आनंदपूर्वक काम कीजिए जिसे आप सबसे ज्यादा नापसंद करते हैं। ये दो काम करने से आपके कई लक्षण गायब हो जाएँगे। ये लक्षण कई बार आपकी पसंद-नापसंद से पैदा होते हैं जो आपने समय के साथ विकसित की हैं। सृष्टि का कौन सा हिस्सा ठीक है और कौन सा नहीं, ये तय करना आपका काम नहीं है, वे बस अलग-अलग हैं। जब आप इस तरह के फैसले करते हैं तो आप कई तरह की रुकावटें पैदा कर लेते हैं।

आप दर्द को कष्ट की तरह देख सकते हैं लेकिन सबसे बड़ा कष्ट तब होता है जब कोई जीवन घटित नहीं होता। दर्द के साथ, कम से कम कुछ हो तो रहा है। सबसे बुरा तब होता है जब कुछ होता ही नहीं है।

तो ये लक्षण अच्छे हैं। इनसे पता चलता है कि आपकी थोड़ी पिसाई होनी चाहिए। अगर आप ईशा योग केंद्र में नहीं रह सकते तो अपने घर कम से कम इन दो संकल्पों को लीजिए और उनकी तीव्रता के साथ साधना कीजिए। हो सके तो आप 6 महीने बाद अगले साधनापद के लिए आ जाइए।

क्योंकि आप कुछ विशेष साधना के लिए पूछ रही हैं, हजारों प्रतिभागी उसी शाम्भवी दीक्षा से गुजर रहे हैं लेकिन अगर आप उनसे बाद में पूछें तो उनमें से हर एक व्यक्ति अपना अनुभव अलग बताएगा। क्योंकि ये प्रक्रिया हमेशा व्यक्तिगत होती है, जब दीक्षा ऑनलाइन हो तब भी। और इसे इस तरह से करने में बहुत ऊर्जा की आवश्यकता होती है।

आपको कोई अंदाजा नहीं है कि इस दीक्षा को हरेक व्यक्ति के लिए व्यक्तिगत बनाने के लिए कितनी जीवन-शक्ति की आवश्यकता होती है, जब हर सप्ताह हजारों इससे गुजर रहें हों। इसके लिए बहुत अधिक जीवन लगाना पड़ता है लेकिन इसका व्यक्तिगत होना ही इसे खास बनाता है। इसके व्यक्तिगत होने का अर्थ यह नहीं है कि आप व्यक्तिगत रूप से मेरे साथ बैठें, अगर आप ऐसा करेंगे तो शायद आप चूक जाएँगे। इसलिए आप भीड़ में बैठें, वही अच्छा है।