
जीवन की बाहरी शक्तियों द्वारा लगातार चल रही खींचतान के बीच इनर इंजीनियरिंग एक राह दिखाता है जिससे हम खुद पर नियंत्रण रख सकते हैं। लेकिन क्या हम सच में अपने मन को निर्देश दे सकते हैं और अपने भाग्य का निर्माण खुद कर सकते हैं? सद्गुरु के ज्ञान-सागर में गोता लगाकर जानिए कि कैसे स्वयं को सशक्त बनाकर अपनी सीमाओं से ऊपर उठा जा सकता है।
प्रश्नकर्ता: हमारा मन लगातार उन बाहरी परिस्थितियों और आसपास के लोगों से प्रभावित होता रहता है, जो हमारे नियंत्रण में नहीं होते, ऐसे में क्या इनर इंजीनियरिंग सच में संभव है? मैं अपने मन पर ध्यान भी कैसे दूं?
सद्गुरु: मान लीजिए एक परिवार है जिसमें चार बच्चे हैं। उन सब के माता-पिता एक ही हैं, वे एक ही स्कूल में पढ़ने गए और उन्हें समान अवसर भी मिला। लेकिन उनमें से हर कोई अलग तरह का बना। उनमें से एक बच्चा परिवार की सीमाओं व परिस्थितियों से आगे निकल गया, लेकिन बाकी ऐसा नहीं कर पाए।
तो यह संभव है। एक ही समाज और संस्कृति में जिसमें बहुत सारी सीमाएं हैं, कुछ लोग सीमाओं से ऊपर उठ जाते हैं, लेकिन दूसरे ऐसा नहीं कर पाते। हो सकता है, वे यह नहीं जानते हों कि उन्हें अपने भीतरी तंत्र को किस तरह से इंजीनियर करना है, फिर भी केवल कुछ सामान्य अभ्यासों से, अनुशासन से, सीखने के अपने तरीके से, वे इन सीमाओं के पार जा सके, लेकिन उन्होंने इसे विज्ञान की तरह नहीं समझा।
मान लीजिए आप स्कूल नहीं गए होते तो क्या आप वही व्यक्ति होते जो आप अभी हैं? आपकी बोध-क्षमता और मानसिक क्षमता अभी जैसी नहीं होती। इसका अर्थ यह है कि आपकी शिक्षा ने कुछ हद तक आपको इंजीनियर किया है। किसी का चेहरा देखकर आप यह बता सकते हैं कि वह दिमाग का इस्तेमाल कितना करते हैं, उनका दिमाग कितना तेज है या कितना सुस्त है।
लोगों ने हमेशा ही खुद को इंजीनियर किया है लेकिन उन्होंने इसे विज्ञान की तरह नहीं देखा। वे मौजूद संसाधनों का इस्तेमाल करके विकसित हो गए। हमें लग सकता है कि वह भाग्यशाली है, लेकिन वास्तव में उन्होंने कुछ चीजें सही की हैं। इसलिए आज जहाँ वे हैं, वहाँ पहुँच पाए हैं।
बहुत सारे लोग कुछ विशेष काम करने से पहले ज्योतिष की भविष्यवाणियों पर विश्वास करते हैं, जैसे विवाह से पहले ज्योतिष की गणना जानने की कोशिश करते हैं। आप किसी से विवाह करने की योजना बना रहे हैं और आप किसी तीसरे व्यक्ति के पास जाकर यह पूछते हैं कि आप उस व्यक्ति के साथ खुश रहेंगे या नहीं। इस बात का कोई मतलब नहीं है। लोग ऐसी चीजों पर भरोसा कर रहे हैं क्योंकि उन्होंने अपने भीतर काम नहीं किया है। वह नहीं जानते कि यदि वे कुछ पहलुओं पर नियंत्रण पा लें तो मनचाही परिस्थितियां बना सकते हैं। आप जो भी हैं वह आपकी ऊर्जा की एक अभिव्यक्ति है। इसमें आपकी बुद्धिमत्ता या मूर्खता भी शामिल है।
आधुनिक विज्ञान यह साबित कर रहा है कि हम सभी में ऊर्जा का स्तर समान है। धर्म कहते हैं कि ईश्वर सब जगह है। यदि ईश्वर सब जगह है, तो वह आप सबके भीतर भी है। लेकिन वह अलग-अलग लोगों में अलग-अलग तरह से काम क्यों कर रहा है? उस ऊर्जा को अभिव्यक्त होने के लिए आपने जो संभावनाएं बनाई हैं, यह उस पर निर्भर करता है। चाहे आप कहें ‘ईश्वर सब जगह है’ या फिर कहें कि ‘सभी में एक ही ऊर्जा है,’ दोनों का अर्थ एक ही है।
जब आइंस्टीन ने इस E=mc2 (यह सूत्र पदार्थ और ऊर्जा के बीच का संबंध को दर्शाता है, जिसमें E=ऊर्जा, m=द्रव्यमान और c= प्रकाश की गति) का समीकरण दिया, तब उन्होंने यह दिखाया कि सब कुछ एक ही ऊर्जा है। बात बस इतनी है कि उन्होंने इस ऊर्जा को ‘E’ से दिखाया जबकि हम इसे ‘ईश्वर’ कहते हैं। हम कहते हैं कि ‘ईश्वर सब जगह हैं’ जबकि आइंस्टीन कहते हैं कि ‘E सब जगह है।’ एक मात्र अंतर यह है कि हमने ऊर्जा का मानवीकरण करने का प्रयास किया है, जबकि उन्होंने उसे ऊर्जा ही कहा है।
एक बात साफ है कि अध्यात्म और विज्ञान दोनों ही इस बात पर सहमत हैं कि हर व्यक्ति में जो सार समाहित है वह एक समान है। तो यह अलग-अलग स्तर की अभिव्यक्तियां क्यों है? यह उन अवसरों पर निर्भर करता है, जो हमने खुद के लिए बनाए हैं।