सद्‌गुरु एक्सक्लूसिव

नंगे पाँव चलना लाभदायी है: स्वास्थ्य और अध्यात्म दोनों के लिए

एम. एफ. हुसैन की चर्चा करते हुए सद्‌गुरु नंगे पाँव चलने के स्पष्ट लाभों पर प्रकाश डालते हैं। आइए जानते हैं कि कैसे  ये छोटी सी गतिविधि एक बड़ा प्रभाव पैदा करती है। ये आपकी जीवन-शक्ति को बढ़ाकर आपको धरती से जोड़ सकती है। शिवरात्रि और अमावस्या वाले दिन ऊर्जा की तीव्रता की वजह से इसका प्रभाव और बढ़ जाता है। अपने जूते छोड़िए और एक ऐसे अभ्यास को अपनाइए जो जितना व्यावहारिक है उतना ही आपको सशक्त भी करता है। 

प्रश्न: नमस्कारम सद्‌गुरु, नंगे पाँव चलने का क्या महत्व है? क्या अमावस्या और शिवरात्रि के दिन नंगे पाँव चलने के कुछ और भी शारीरिक और आध्यात्मिक लाभ हैं?

नंगे पाँव चलने से स्वास्थ्य और लम्बी उम्र का लाभ

सद्‌गुरु: एम. एफ. हुसैन (एक प्रसिद्ध भारतीय चित्रकार, जिन्हें अक्सर ‘भारत का पिकासो’ भी कहा जाता है) की मृत्यु 95 वर्ष की आयु में लंदन में हुई थी। उनकी मृत्यु के कुछ महीनों पहले एक साक्षात्कारकर्ता ने उनसे उनकी लम्बी उम्र, स्वास्थ्य और ताकत का राज पूछा। वे अपने अंतिम दिन तक बड़े ही ऊर्जावान और सक्रिय थे।

उन्होंने केवल दो बातें कहीं, ‘कम खाइए, नंगे पाँव चलिए।’

उन्हें कई विवादों का सामना करना पड़ा और उन्हें कई अभिजात्य वर्गों के क्लब्स में नंगे पाँव घुसने से रोक दिया गया था। लेकिन वे हमेशा नंगे पांव चलने के अपने संकल्प पर अडिग थे। उन्होंने लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए ये नुस्खा दिया है, ‘कम खाइए, नंगे पाँव चलिए।’ उनसे ये बात सुनना मेरे लिए बड़ा आनंददायक था।

नंगे पाँव चलने का क्या महत्व है? यदि आप धरती और आसमान किसी से भी नहीं जुड़े हैं तो आप मुश्किलों की तरफ जा रहे हैं। अगर आप इन दोनों में से कम से कम किसी एक से जुड़े हैं तो आपकी कुछ चीजें खुद ही संभल जाएंगी। अगर आप दोनों से ही नहीं जुड़े हैं तो आप मुश्किलों को न्यौता दे रहे हैं।

अगर कोई आध्यात्मिक साधना कर रहा है तो उसके लिए विशेषकर शिवरात्रि, अमावस्या और उसके अगले दिन इस धरती पर कुछ ऐसा मौजूद होता है जो असाधारण है।

आजकल अमेरिका में एक प्रकार के जूतों ने बड़ी लोकप्रियता हासिल की है जिन्हें ‘बेयरफुट’ के नाम से जाना जाता है। ये जूते एक बहुत ही महीन और एक खास तरह के सिंथेटिक पदार्थ के बने होते हैं जिनसे आपको ऐसा अनुभव होता है कि आप नंगे पाँव ही चल रहे हैं। लोग इनका इस्तेमाल दौड़ने, चलने और पहाड़ों पर चढ़ने के लिए कर रहे हैं।

आज घनी आबादी की वजह से रोज नंगे पाँव चलना एक समस्या है, नहीं तो ये आम बात थी। हम एक बार एक जंगल में 3 छोटे लड़कों के साथ गए जो वहीं के रहने वाले थे। वे नंगे पांव एक पत्थर से दूसरे पत्थर पर कूद रहे थे, जंगल में चारों ओर दौड़ रहे थे। उनमें से एक मुश्किल से साढ़े चार साल का था और बाकी 2 बच्चे 5-6 साल के थे। वे जंगल में पूरे उत्साह और मजे से अपनी बहादुरी दिखाते हुए दौड़ रहे थे।

उनका स्वास्थ्य, धरती और जंगल के साथ उनके रिश्ते से आता है। वातावरण, वायु और जमीन के साथ उनका जो संबंध है वही उन्हें सबसे अलग करता है।

खास तौर पर अगर आपका शरीर संगठित नहीं है और आपको हमेशा परेशान करता है तो आपको नंगे पाँव चलना चाहिए। अगर आप धरती से अधिक संपर्क बनाने के लिए रेंग सकें तो और भी अच्छा। यही कारण है कि आप दंडवत करते हैं जिससे आपका सम्पूर्ण शरीर धरती के संपर्क में आता है। मंदिर के तालाब में डुबकी लगाने और फिर अंदर साष्टांग प्रणाम करने का उद्देश्य यही होता है कि आपका पूरा शरीर पृथ्वी के संपर्क में आ जाए। साष्टांग का भी यही अर्थ है - आपके शरीर के मुख्य बिंदुओं का धरती को छूना।

आपने मंदिर के प्रांगण में लोगों को लोटते हुए देखा होगा। अंगप्रदक्षिणा (भक्तिवश जमीन पर लेटने और मंदिर के गर्भगृह के चारों ओर घूमने की प्रक्रिया) लगाने का यही कारण होता है कि आप अपने शरीर को ऊर्जान्वित भूमि के संपर्क में लाना चाहते हैं। अगर मंदिर शक्तिशाली हो तो धरती और शरीर के इस संपर्क से कई लोगों को बीमारियों से मुक्ति मिल जाती होगी। लेकिन ईशा योग केंद्र में अंगप्रदक्षिणा शुरू मत कीजिए। ये आजकल की दुनिया में बहुत ही नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है जहाँ लोग सत्य से दूर होकर अपनी ही मानसिक उलझनों में रहना चाहते हैं।

कुछ विशेष दिनों में नंगे पाँव चलने का आध्यात्मिक महत्व

अगर कोई आध्यात्मिक साधना कर रहा है तो उसके लिए विशेषकर शिवरात्रि, अमावस्या और उसके अगले दिन इस धरती पर कुछ ऐसा मौजूद होता है जो असाधारण है। ये आपको याद दिलाने के लिए भी है कि शिवरात्रि के दिन अपनी साधना को और तीव्र करके, जो मौजूद है उसका लाभ उठाने से न चूकें। तो उस दिन, नंगे पाँव चलिए।  

वैसे किसी भी दिन नंगे पांव चलने का महत्व है लेकिन शिवरात्रि के पास के तीन दिनों में इसका विशेष महत्व है। केवल शारीरिक स्वास्थ्य लाभ के लिए नहीं, बल्कि आध्यात्मिक कल्याण और अपने शरीर में ऊर्जा के ऊपर उठते संचार को गति देने के लिए ये 3 दिन जूते-चप्पल न पहनना लाभकारी होता है।