घटनाक्रम

सद्‌गुरु के साथ एक सफ़र

स्मिता प्रकाश एवं सद्‌गुरु की अध्यात्म और प्रजातंत्र पर बातचीत

7 मार्च

ईशा होम स्कूल के प्रांगण में विचारों को झकझोरने वाली एक बातचीत में ए.एन.आई. की मुख्य संपादक स्मिता प्रकाश एवं सद्‌गुरु ने अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और इसके भारत में होने वाले चुनाव के साथ संयोग के बारे में बात की। सद्‌गुरु ने प्राण प्रतिष्ठा के समय में किसी राजनीति को नकारा और उन भक्तों की अद्भुत प्रतिबद्धता पर जोर दिया, जिन्होंने पांच सदियों से मंदिर की भूमि को सुरक्षित रखा था।

उन दोनों ने हिंदू आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक गरिमा के पुनर्जागरण की बात की जिसमें सद्‌गुरु ने इस बात पर ध्यान आकर्षित किया कि दूसरी संस्कृतियों में किसी स्वर्ग के सुख की बात की जाती है, जबकि उनसे अलग यह संस्कृति भीतरी खोज के द्वारा मुक्ति की बात करती है। इसमें व्यक्तिगत अनुभव महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने प्राण-प्रतिष्ठा की प्रक्रिया को समझाया कि यह वह प्रक्रिया है जो एक वस्तु को एक शक्तिशाली आध्यात्मिक रूप में बदल देती है।

सनातन धर्म की प्रकृति के बारे में बताते हुए सद्‌गुरु ने इसमें सबको शामिल करने और परिवर्तन को स्वीकार करने के गुणों की बात की। उन्होंने भारत की धर्मनिरपेक्षता के नाम पर हिंदू मंदिरों पर सरकार के नियंत्रण की आलोचना की और हिंदू संस्कृति को लचीला और निर्देश न देने वाला बताया।

सद्‌गुरु ने ‘हिंदू’ शब्द के विकास की व्याख्या की और उसकी भौगोलिक पहचान और सर्वसमावेशी प्रकृति पर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने इतिहास में हिंदू समाज के द्वारा सैन्य शक्ति पर कम ध्यान देने की बात की और आक्रमणों के दौरान सांस्कृतिक लचीलेपन (वापसी) के महत्व को बताया। सद्‌गुरु ने इस लचीलेपन को ‘भारत’ के विचार से जोड़ा, जो हिंदू धर्म में निहित जीवन के प्रति एक समग्र दृष्टिकोण की बात करता है।

G-20 में अफ्रीका के देशों को शामिल करने पर वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका के बारे में बात करते हुए सद्‌गुरु ने भारत के समावेशी दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने चुनाव को कोलाहल समझने की धारणा को नकारते हुए प्रजातांत्रिक प्रक्रिया को सत्ता हस्तांतरण का सबसे शांत तरीका बताया।

इस बातचीत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विकास के बारे में भी बात हुई। इसके भावी प्रभाव को लेकर सद्‌गुरु आशावान थे। मीडिया संबंधी चुनौतियों के बारे में उन्होंने व्यक्तिगत अनुभव बताते हुए फर्जी समाचारों के प्रसार की बात को स्वीकारा और लंबे समय से चले आ रहे उन मुद्दों के लिए आगाह भी किया जिनकी रिपोर्टिंग बढ़ा-चढ़ाकर की गई है।

‘ग्रेस ऑफ योग’: शिव की महा-रात्रि की तैयारी

5 - 8 मार्च

पूरी दुनिया से लगभग 2400 लोगों ने ईशा योग केंद्र में महाशिवरात्रि 2024 की तैयारी के लिए ‘ग्रेस आफ योग’ कार्यक्रम में भाग लिया। अन्य प्रक्रियाओं के साथ उन्हें सद्‌गुरु के साथ एक विशेष सत्र में भाग लेने का अवसर भी मिला। जहाँ सद्‌गुरु ने उनके ज्वलंत प्रश्नों के उत्तर दिए और एक शक्तिशाली ध्यान कराया। इस सत्र का अंत ‘शंभो’ की पवित्र ध्वनि के जाप से हुआ, जो पूरे आदियोगी आलयम में गूंजती रही।

भारत की आध्यात्मिक विरासत पर सद्‌गुरु एवं डॉ संपत की बातचीत

14 मार्च

इतिहासविद् डॉ विक्रम संपत के साथ ईशा योग केंद्र कोयंबटूर में एक बातचीत के दौरान सद्‌गुरु ने भारतीय इतिहास के फिर से मूल्यांकन कराने की बात की और इतिहास में अक्सर नजरअंदाज कर दिए गए आक्रांताओं द्वारा भारत के लोगों पर किए गए भारी अत्याचार को जानने पर जोर दिया, और कहा कि यह ऐसी घटनाएं हैं जिन्हें लोकप्रिय मीडिया और शिक्षाविदों द्वारा बड़े पैमाने पर नजरअंदाज किया गया है।

सद्‌गुरु ने इतिहास में आक्रमणकारियों को महान चरित्र की तरह प्रस्तुत किए जाने पर सवाल उठाया और ध्यान दिलाया कि इसने किस तरह से राष्ट्रीय चेतना को नष्ट किया है और अनेक भारतीयों को उनकी संस्कृति और आध्यात्मिक पहचान से काटकर रख दिया है। सद्‌गुरु ने भारत की अद्वितीय सभ्यता को रेखांकित किया, जो विशेष तौर पर आज की तकनीक से जुड़ी दुनिया में महत्वपूर्ण है। उन्होंने देश के सांस्कृतिक लोकाचार में मौजूद समावेशी प्रकृति पर भी ध्यान आकर्षित किया।

डॉ संपत के साथ हुई बातचीत में काशी विश्वनाथ मंदिर और दूसरी सुरक्षित भूमियों को फिर से प्राप्त करने के लिए चल रहे कानूनी प्रयासों पर भी बात की गई। सद्‌गुरु ने उत्तरी भारत के पवित्र स्थानों के रखरखाव से संबंधित मुद्दों को भी उठाया और उन्हें नजरअंदाज करने के लिए, अतीत की तथा आजादी के बाद की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया जिससे हिंदू मंदिरों की स्थिति कमजोर होती गई। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय परंपरा की ऐतिहासिक घटनाओं के साथ व्यक्तिगत कहानियाँ जोड़ने की प्रवृति पर भी बात की। यह तरीका हमेशा से ही भारतीय परंपरा के साथ जुड़ा रहा है और बहुत प्रभावी रहा है।

डॉ विक्रम संपत एवं सद्‌गुरु ने इन पवित्र स्थानों को फिर से पाने जैसे संवेदनशील मुद्दे को भी छुआ और इस पर चर्चा की कि ऐसे स्थानों को दोबारा प्राप्त करने और सामाजिक सद्भाव के बीच कहाँ रेखा खींची जानी चाहिए। सद्‌गुरु ने इस प्रक्रिया को तीव्र बनाने के लिए एक प्राधिकरण बनाने का प्रस्ताव रखा, जिससे निर्णय अंतहीन मुकदमेबाजी के बजाय ठोस सबूतों और सामाजिक याद्दाश्त पर आधारित हों। उन्होंने जोर देकर कहा किसी पवित्र स्थान की पुनर्स्थापना को पूरी सभ्यता के उत्सव के रूप में मनाना चाहिए न कि इसे किसी समुदाय विशेष के विरोध में देखा जाना चाहिए। उन्होंने ऐसे नेताओं की भर्त्सना की जो बेवजह समुदायों के बीच आपसी तनाव पैदा कराते हैं।

डॉक्टर संपत ने धर्मशास्त्र की दृष्टि से मंदिर और मस्जिद के बीच अंतर पर बात की जिससे सद्‌गुरु सहमत हुए और कहा कि यदि समुदाय के बुद्धिमान और धर्मनिष्ठ सदस्य बात करें तो शांतिपूर्ण समाधान निकल सकता है। और आगे उन्होंने हिंदू मंदिरों के नीचे बौद्ध-स्थलों के होने के ऐतिहासिक संदर्भ की भी बात की, जिसके बारे में सद्‌गुरु ने सुझाव दिया कि यदि सबूत मिलते हैं तो उनके दावों को माना जाना चाहिए चाहे धर्म कोई भी हो।

सदगुरु और डॉ विक्रम संपत ने आगे ऐतिहासिक एवं समकालीन मुद्दों पर बात की जिसमें काशी विश्वनाथ मंदिर तथा भारत में मंदिरों के स्वामित्व जैसे मुद्दे भी शामिल थे। सद्‌गुरु ने बहुत सारे मंदिरों को सरकार के नियंत्रण से पुनः प्राप्त करने एवं पुनर्जीवित करने के महत्व को बताया। उन्होंने बताया कि ऐसे मंदिरों की पवित्रता को बनाए रखने के लिए आवश्यक पूजा-पाठ भी नहीं हो पा रहा है। डॉ संपत ने मंदिर का समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व और विस्तृत इतिहास साझा किया और विनाश की अनेक लहरों के बीच खुद को बचाए रखने के मंदिरों के सदियों के संघर्ष का विस्तृत इतिहास साझा किया।

बातचीत में ज्ञानवापी मस्जिद केस की कानूनी प्रक्रियाओं और वर्तमान स्थिति की भी बात की गई, जिसमें खास तौर से 2021 में माँ श्रृंगार गौरी की ओर से एडवोकेट हरिशंकर जैन द्वारा दायर केस की भी बात हुई।

दोनों ने मंदिर के पुनरुद्धार के लिए समावेशी एवं शाश्वत सनातनी मूल्यों को महत्वपूर्ण बताया। सद्‌गुरु ने जगहों के नाम आक्रांताओं के नाम पर रखकर अत्याचार करने वालों के महिमा मंडन करने के पाखंड की आलोचना की। इस मामले में हिंदुओं के लिए ऊंची और स्पष्ट आवाज उठाने के महत्व पर जोर दिया। इस बातचीत का अंत भारत की एक नवीन राष्ट्रीय भावना की संभावना के साथ हुआ जो धार्मिक सीमाओं के परे अपनी प्राचीन विरासत का सम्मान करते हुए धर्मनिरपेक्षता के ताने-बाने को कायम रखती है।

इंडिया टुडे कांक्लेव

16 मार्च

दिल्ली में हुए इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में वरिष्ठ पत्रकार शिव अरूर ने सद्‌गुरु के साथ एक दिलचस्प चर्चा की। सत्र के शीर्षक ‘कलयुग में रामराज्य’ के बारे में चर्चा करते हुए सद्‌गुरु ने इस सामान्य धारणा को चुनौती दी कि हम कलयुग में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि बल्कि हम द्वापर युग के अंत के पास हैं और त्रेता की ओर जा रहे हैं, जो राम राज्य या एक ऐसे शासन का पर्यायवाची है जो न्यायपूर्ण है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भले ही एक पूर्ण आदर्श समाज प्राप्त करना संभव न हो, लेकिन सुधारों के सतत प्रयास से जीवन सुंदर बन जाता है।

विवादस्पद नागरिकता संशोधन अधिनियम के बारे में सद्‌गुरु ने कहा कि यह पड़ोसी देश में उत्पीड़न का सामना कर रहे लोगों के प्रति करुणा दिखाने का एक ऐसा कदम है जिसे बहुत देर से उठाया गया। उन्होंने लगातार हो रहे चुनाव चक्र की आलोचना की और ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के विचार को बेहतर शासन की दिशा में कदम कहा। सद्‌गुरु ने मिट्टी बचाओ अभियान, घटनाओं को मीडिया द्वारा पेश किए जाने के तरीके, भारतीय संस्कृति के अंदर उत्सव की महत्ता और अध्यात्म की प्रकृति जैसे अनेक मुद्दों पर बात की। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता किसी मत या विचार पर विश्वास कर लेना नहीं है, बल्कि सत्य की खोज करना है जो कि स्थिर अवस्था न होकर एक यात्रा है।

शिव अरूर ने कुछ और मुद्दों पर सद्‌गुरु के विचार जानने चाहे जैसे एक स्वस्थ संशय, अस्तित्व की क्षणभंगुर प्रकृति और जीवन को उसकी पूर्णता में जीना। सद्‌गुरु ने कहा कि जीवन के क्षणों को अच्छे और बुरे में विभाजित नहीं करना चाहिए क्योंकि वह हमारे क्षणिक अस्तित्व की क्षणभंगुर घटनाएं हैं। आध्यात्मिकता के बारे में बात करते हुए सद्‌गुरु ने कहा कि लोगों को गुरु की प्रामाणिकता पर ध्यान देने के बजाय इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि आध्यात्मिक शिक्षा व्यक्तिगत रूप से उनके लिए सहायक है या नहीं।

ऑनलाइन दुर्व्यवहार के बारे में बात करते हुए सद्‌गुरु ने इस तरह के व्यवहार के बारे में अपनी उपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह दूसरों के दिमाग में उपजी नकारात्मकता से तब तक उदासीन रहते हैं, जब तक वह उनके काम में बाधा न डाले। जब आलोचना की बात आई तो सद्‌गुरु ने इसे दुर्व्यवहार से अलग बताया। उन्होंने कहा कि वे आधारहीन दुर्व्यवहार, जिसका वह अक्सर सामना करते हैं, के बजाय तथ्यात्मक एवं रचनात्मक आलोचना को स्वीकार करते हैं। सत्र का समापन सद्‌गुरु के बहुमूल्य योगदान की सराहना करते हुए हुआ।

इंडिया टुडे के लिए एक साक्षात्कार में पत्रकार प्रेरणा कौल मिश्रा ने सद्‌गुरु से विभिन्न विषयों के बारे में प्रश्न किए। जिनमे प्रौद्योगिकी के उपयोग से लेकर कृत्रिम बुद्धिमता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और स्वाभाविक मूर्खता के बारे में उनकी राय आदि शामिल थे। सद्‌गुरु ने अपने फोन को अपने काम के प्रबंधन के लिए एक महत्वपूर्ण उपकरण बताया और इस बात पर ज़ोर दिया कि वे मूर्खता से नाराज नहीं होते क्योंकि यह हर जगह प्रचलित है।

उन्होंने मजाकिया ढंग से इस धारणा को चुनौती दी कि आध्यात्मिक गुरुओं के लिए अति उल्लास उचित नहीं है। उन्होंने अतीत के उन सम्मानित साधु-संतों का उदाहरण दिया, जिन्होंने नृत्य और गीत के माध्यम से अपना आनंद व्यक्त किया है। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि जीवन में ऐसी जीवंत अभिव्यक्तियां आध्यात्मिकता के विपरीत नहीं हैं, बल्कि वे इसे विविध रूपों में दिखाती हैं।

उन्होंने मृत्यु और उसकी अनिवार्यता पर भी चर्चा की। सद्‌गुरु ने इस बात पर जोर दिया कि जीवन को एक सीमा तक निर्धारित किया जा सकता है, लेकिन मृत्यु से समझौता नहीं किया जा सकता। प्रेरणा ने उस धातु के छल्ले के बारे में पूछा जो सद्‌गुरु अपने टखने में पहनते हैं। सद्‌गुरु ने बताया कि वे इसे अपनी ऊर्जा को भूमिगत करने के लिए एक बंधन की तरह पहनते हैं और यह संकेत दिया कि इसे हटाने के बाद 40 दिनों के भीतर वे शरीर छोड़ देंगे।

कंटेंट बनाने वालों के साथ एक सौहार्द पूर्ण बातचीत में सद्‌गुरु ने बौद्धिक विस्तार के लिए प्रश्नों के महत्व पर जोर दिया। यह बातचीत दक्षिण भारत से उनके विशेष संबंध से लेकर संयुक्त राज्य अमेरिका में एक योग शहर स्थापित करने के उनके प्रयास तक चली। यह योग नगर 32 वर्ग मील भूमि में होगा और जागरूक धरती अभियान का हिस्सा होगा। इस बातचीत के दौरान सद्‌गुरु की सरलता और मजाकिया अंदाज के साथ वैश्विक प्रभाव और मानव कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट हुई।

यक्ष 2024: भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य का अद्भुत उत्सव

5 -7 मार्च

ईशा योग केंद्र में भारतीय संस्कृति, संगीत एवं नृत्य के हर्ष और जोश से भरे उत्सव के रूप में यक्ष-2024 का आयोजन हुआ। इस उत्सव में ऐसे विश्व-स्तर के कलाकार शामिल हुए, जिन्होंने अपनी अद्वितीय प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने अपनी प्रतिभा के शानदार प्रदर्शन और शास्त्रीय कलाओं के प्रति अपने समर्पण से भारत की समृद्ध कला-विरासत का गौरव भी बढ़ाया।

पहला दिन: पंडित संजीव अभ्यंकर के शास्त्रीय रागों और निर्वाण शट्कम के मंत्रमुग्ध कर देने वाले प्रदर्शन ने इस वर्ष के यक्ष समारोह के लिए एकदम सही मंच तैयार कर दिया। वे हिंदुस्तानी शास्त्रीय एवं भक्ति संगीत में अपनी निपुणता के लिए जाने जाते हैं। अभ्यंकर ने श्रोताओं को कला के आध्यात्मिक पहलू से परिचित कराया और अपने संगीत कौशल से गहरी और अमिट छाप छोड़ी।

दूसरा दिन: विद्वान आर. कुमारेश ने दूसरे दिन अपने वायलिन के तारों और उम्दा तकनीक के जरिए आवाज के अद्भुत नजारे से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

तीसरा दिन: श्रीमती आनंद शंकर जयंत और शंकारानंद कलाक्षेत्र के दल ने ‘बैल और शेर की कहानियों’ की अद्भुत भरतनाट्यम प्रस्तुति दी। यह यक्ष-2024 का एक शानदार समापन रहा। उपस्थित दर्शक भारत की समृद्ध सांस्कृतिक छवि और पारंपरिक कला रूपों की सराहना करते नहीं थक रहे थे।

आदियोगी के लिए 1,00,008 रुद्राक्षों की एक नई माला

1 मार्च

ईशा योग केंद्र में रहने और काम करने वाले पूर्णांग, स्वयंसेवक एवं ब्रह्मचारी साथ आए और एक भव्य समारोह में आदियोगी को 1,00,008 मनकों वाली रुद्राक्ष माला बनाकर भेंट की। यह माला आदि योगी के गले में 1 साल तक अर्थात महाशिवरात्रि 2025 तक विराजमान रहेगी।

श्रद्धालुओं ने ईशा योग केंद्र की 1500 किलोमीटर की पैदल तीर्थ यात्रा पूरी की

7 मार्च

पूरे दक्षिण भारत से 450 से भी अधिक श्रद्धालु ईशा योग केंद्र पहुंचे और आदियोगी की उपस्थिति में शिव यात्रा का समापन किया। शिव यात्रा किसी के गृह नगर से ‘दक्षिण का कैलाश’ कही जाने वाली पवित्र वेलंगिरी पहाड़ी होते हुए ध्यानलिंग तक पैदल, बैलगाड़ी में या साइकिल के द्वारा की जाने वाली तीर्थ यात्रा है। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने 1500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की और उनकी भक्ति की लहर 20 से अधिक जिलों और 300 गांवों से बहती हुई आई। 

तमिल संस्कृति का जीवंत दर्शन तमिल थेंबू

9 -17 मार्च

महाशिवरात्रि की शक्तिशाली रात के बाद आदियोगी की उपस्थिति में लोक संस्कृति का अद्भुत उत्सव तमिल थेम्बू मनाया गया। 9 दिनों तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अनेक गतिविधियों के जरिए दर्शक तमिलनाडु की बहुमुखी परंपराओं और इतिहास के सागर में गोते लगाते रहे।

इस उत्सव में रोमांचक सवारियां, ललचाने वाले स्थानीय व्यंजनों के पारंपरिक खाद्य स्टॉल और स्थानीय नस्ल के पशुओं का प्रदर्शन शामिल था।

प्रतियोगिताओं में शामिल - बहुत अधिक ऊर्जा वाली रेक्ला रेस, जटिल आकारों से बनने वाली कोलम प्रतियोगिता और युद्ध कला को दिखाने वाली सिलाबम प्रतियोगिताएं थीं जिन्होंने कार्यक्रम में रोमांच भर दिया।

तमिल थेंबू प्रदर्शनी में तमिलनाडू के हजारों साल के सांस्कृतिक गौरव की दृश्य यात्रा का प्रदर्शन था, जिसने अतिथियों के बीच सामुदायिक भावना को बढ़ाया।

कावेरी कॉलिंग के तहत 10 करोड़ 80 लाख पेड़ लगाए गए

14 मार्च

नदियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय कार्यवाही दिवस पर यह घोषणा की गई कि दो दशकों के जमीनी अनुभवों के आधार पर तैयार हुई कावेरी कॉलिंग पहल के तहत 10 करोड़ 80 लाख पेड़ों को लगाना संभव हुआ है। और 1998 से अब तक 1,96,000 किसानों को वृक्ष आधारित कृषि की ओर मोड़ा गया है। हम कर्नाटक के वन विभाग का हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने इसे सक्षम बनाने में अपना बहुमूल्य सहयोग दिया।

सद्‌गुरु सन्निधि बेंगलुरु में सप्तऋषि आह्वाहन

25 मार्च

25 मार्च को बेंगलुरु के सद्‌गुरु सन्निधि में बनारस के काशी विश्वनाथ मंदिर के सात पुजारियों द्वारा शिव को अर्पित एक शक्तिशाली एवं प्राचीन प्रक्रिया सप्तऋषि आह्वाहन का आयोजन किया गया। ऐसा कहा जाता है कि इसे स्वयं शिव ने उन सात ऋषियों को सिखाया था जिन्हें सप्तऋषि के नाम से जाना जाता है। यह अनुष्ठान शिव की उपस्थिति एवं कृपा को जागृत करने लिए बनाया गया है। सप्तऋषि आह्वाहन की प्रामाणिकता और शुद्धता को काशी के पुजारियों ने सावधानीपूर्वक बचाकर रखा है। उल्लेखनीय रूप से वाराणसी के अलावा कोयंबटूर में ईशा योग केंद्र एवं बेंगलुरु में सद्‌गुरु सन्निधि ही ऐसे स्थान हैं, जहाँ यह महत्वपूर्ण ऊर्जा-प्रक्रिया भेंट की जा रही है, जिससे भक्तों को इस गहन अभ्यास का अपनी मूल जगह वाराणसी के बाहर भी अनुभव प्राप्त हो सके।