
जैसे ही सद्गुरु की आपात मस्तिष्क सर्जरी की खबर बाहर आई, दुनिया भर के उन लाखों लोगों में चिंता की लहर दौड़ गई, जिन्हें सद्गुरु के कार्यों ने छुआ है। दुनिया के हर कोने में लोग सद्गुरु के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी का इंतजार करने लगे। इस खामोश इंतजार के बीच सबको एक अच्छी खबर पाने की पूरी उम्मीद थी। प्रेम और भक्ति का वह प्रवाह इस बात का प्रमाण था कि सद्गुरु का दुनिया भर पर कितना प्रभाव है। नीचे दिए गए विस्तृत वर्णन में हम ऑपरेशन कक्ष से लेकर ईशा योग केंद्र के शांत वातावरण तक की सद्गुरु की यात्रा के मुख्य चरणों को बताएंगे। एक ऐसी यात्रा जिसमें सद्गुरु की चिर स्थाई प्रतिबद्धता, अदम्य भावना, और स्वाभाविक शक्ति झलकती है।
चिकित्सकों ने पता लगाया कि पिछले चार हफ्तों से सद्गुरु गंभीर सिरदर्द को नजरअंदाज कर रहे हैं और बिना रुके स्वयं को कठिन कार्यक्रमों में झोंक रहे हैं, जिनमें महाशिवरात्रि भी शामिल था। 15 मार्च के दिन एक MRI में उनके मस्तिष्क में भारी रक्तस्राव की रिपोर्ट आई। हालांकि तब भी सद्गुरु ने अपने कार्यक्रम रद्द करने से इन्कार कर दिया, जिनमें इंडिया टुडे कांक्लेव का सत्र भी शामिल था। इस सत्र में वे शक्तिशाली दर्द निवारक दवाओं के प्रभाव के साथ शामिल हुए।
17 मार्च की सुबह सद्गुरु को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ यह पता लगा कि उनके मस्तिष्क में सूजन आ गई है जो जानलेवा हो सकती है।
उसी दिन यानी 17 मार्च को एक आपात सर्जरी हुई जिसके बाद से अब सद्गुरु के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है।
अपोलो हॉस्पिटल के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत सूरी ने कहा कि, ‘हम उनके साथ मजाक कर रहे थे कि हम जो कर सकते थे हमने किया। लेकिन आप खुद ही स्वयं को ठीक कर रहे हैं। जिस तरह का सुधार हम देख रहे हैं वह हमारी अपेक्षाओं से परे है। अब वह बहुत अच्छे हैं। उनका मस्तिष्क, शरीर और सभी जरूरी पैरामीटर सामान्य हैं और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं।’
सद्गुरु की स्वास्थ्य जानकारी:
17 मार्च 2024 को हुई एक आपात मस्तिष्क सर्जरी के बाद सद्गुरु को 27 मार्च को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। नई दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल में हुई सर्जरी से पहले सद्गुरु पिछले कुछ हफ्तों से गंभीर सिर दर्द का सामना कर रहे थे।
अपोलो हॉस्पिटल ग्रुप की संयुक्त प्रबंध निदेशक डॉ संगीता रेड्डी, जो अस्पताल में सद्गुरु से मिलीं, उन्होंने साझा किया कि ‘चिकित्सकों ने उनके ठीक होने और उपचार के बारे में संतोष व्यक्त किया है। सद्गुरु खराब स्वास्थ्य के बाद ठीक हो रहे हैं, फिर भी उनमें वही भावना बनी हुई है। विश्व की बेहतरी के लिए उनकी प्रतिबद्धता, उनका तेज दिमाग और उनका मजाकिया अंदाज – सब वैसे ही बरकरार हैं। मेरे ख्याल से यह उन लाखों लोगों के लिए अच्छी खबर है जो उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछ रहे हैं।’
ईशा फाउंडेशन ने लाखों स्वयंसेवकों और दुनिया भर के लोगों के साथ मिलकर डॉ. विनीत सूरी, डॉ. प्रणव कुमार, डॉ. सुधीर त्यागी, डॉ. एस चटर्जी और अपोलो हॉस्पिटल की पूरी टीम को, उनके असाधारण सहारे और देखभाल के लिए आभार व्यक्त किया।
फाउंडेशन उस प्रेम और सहयोग के लिए बेहद आभारी है, जो इस दौरान हर किसी ने सद्गुरु पर उड़ेला है।