
ब्लैक होल की तस्वीर लेना विज्ञान के लिए मील का पत्थर साबित हुआ, जिसने आइंस्टीन के स्पेस और गुरुत्वाकर्षण के सूक्ष्म सिद्धांत को अद्भुत आधार प्रदान किया। टेलिस्कोप से आँखें हटाकर भीतर की ओर गहराई से देखने का महत्व बताते हुए सद्गुरु हमें समझा रहे हैं कि ब्रह्मांड को जानने के लिए वैज्ञानिक अवलोकनों से कुछ अधिक की आवश्यकता है।
प्रश्नकर्ता: नमस्कारम सद्गुरु! इवेंट होराइजन टेलिस्कोप ने ब्लैक होल की आज तक की सबसे पहली तस्वीर खींची है, जिसने आइंस्टीन के सापेक्षता के सिद्धांत को और आगे बढ़ाया है, जो गुरुत्वाकर्षण को समय एवं स्पेस के विकृत या टेढ़े (कर्व्ड) होने का नतीजा बताता है। वह कहते हैं कि ब्लैक होल और कुछ नहीं बस एक खाली स्थान है। पदार्थ का एक बड़ा घनीभूत समूह जो एक छोटी सी जगह में समा गया है, जिसके परिणाम स्वरुप इतना विशाल गुरुत्वाकर्षण बल पैदा हुआ जिससे प्रकाश भी छूटकर आगे नहीं जा सकता। तो मेरा प्रश्न यह है कि गुरुत्वाकर्षण स्पेस और समय पर कैसे प्रभाव डालता है?
सद्गुरु: आपके पैर और पीठ केवल गुरुत्वाकर्षण के कारण ही आपको यह बता रहे हैं कि आप कितनी देर से यहाँ बैठे हैं। यदि यहाँ गुरुत्वाकर्षण नहीं होता तो कोई समस्या नहीं होती। यह इस तरह का वैज्ञानिक ज्ञान है जो साप्ताहिक पत्रिकाओं, ऑनलाइन लेखों और व्हाट्सएप संदेशों में मिलता रहता है। पूरी तरह से गलत नहीं है, पर कुछ ज्यादा ही सरल है। लेकिन इस प्रश्न में एक विसंगति है। आपने कहा कि गुरुत्वाकर्षण समय और स्थान के कर्व्ड होने का परिणाम है। लेकिन प्रश्न का आखिरी हिस्सा इस बात का विरोध करता है।
विज्ञान को उथले रूप से नहीं समझना चाहिए। इसे समझने के लिए इसमें एक खास स्तर की भागीदारी जरुरी है। मुझे लगता है कि इस धरती पर मुश्किल से 10 लोगों ने सापेक्षता के सिद्धांत को सच में समझा होगा, अधिक से अधिक 25 ने, और उनकी समझ भी कुछ हद तक सीमित ही होगी। अल्बर्ट आइंस्टीन स्वयं जानते थे कि उनकी समझ की कुछ सीमाएं हैं और उन्होंने खुले रूप से उसके बारे में बात की।
तो यह बेहतर है कि आप ऐसी चीज न बनाएं कि ‘समय और स्पेस कहीं विकृत हो रहे हैं।’ ब्रह्मांड में कुछ भी सीधी रेखा नहीं है। हर एक चीज ढेढ़ी है। यही अस्तित्व की और इस ग्रह की प्रकृति है। जब इसे आप बड़े पैमाने पर सच में देखते हैं, हर चीज विकृत है। यहाँ तक की सूर्य की किरणें भी हम तक सीधी रेखा में नहीं आतीं, वह भी ढेढ़ी हो जाती हैं। आप ब्रह्मांड की प्रकृति को अपने दिमाग में एक सीमित सिद्धांत बनाकर क़ैद नहीं कर सकते।
योगिक संस्कृति में बहुत सुंदर तस्वीरें हैं जिनमें शिव खुले मुख के साथ बैठे हैं, जहाँ से सारी आकाशगंगाएं पैदा हो रही हैं। कुछ दूसरे दृश्य भी हैं जिनमें सारी आकाशगंगाएं वापस समा रही हैं। शिव उसको दर्शाते हैं जिसकी प्रकृति भौतिक नहीं है। चाहे आप इसे ब्लैक होल कहना चाहें, डार्क एनर्जी कहना चाहें या कुछ और, सब ठीक है। मैं वैज्ञानिक सिद्धांतों के बारे में अधिक बोलने की कोशिश नहीं कर रहा हूँ, मैं बस इसका दूसरा रूप साझा कर रहा हूँ। ये तस्वीरें बस इतना कहती हैं कि हर चीज शून्य से आई है और वापस शून्य में समा जाएगी। एक तरह से विज्ञान भी इसी के करीब आ रहा है। लेकिन अपने दिमाग में एक खास समझ को पत्थर की तरह जमाने की कोशिश न करें।
एक बार शंकरन पिल्लई ने एक ऐसा मैकेनिक खिलौना बनाया जिसे बच्चे खुद जोड़-जोड़कर बना सकें। एक युवा माँ जब उसे जोड़ने में नाकाम रही, तो उसने पूछा, ‘क्या यह एक 8 साल के बच्चे के लिए ज्यादा मुश्किल नहीं है?’ शंकरन पिल्लई ने कहा, ‘नहीं, यह बहुत जरुरी है, क्योंकि यह खिलौना बच्चों को आज की दुनिया में जीने के लिए तैयार करता है। आप चाहे इसे जैसे भी जमा लें, वह गलत ही होगा।’
आप जिस भी तरीके से ब्रह्मांड की प्रकृति को समझने का प्रयास करेंगे, वह गलत ही होगा। इसलिए नहीं क्योंकि आपके निष्कर्ष गलत हैं, बल्कि इसलिए क्योंकि आप गलत उपकरण का इस्तेमाल कर रहे हैं। ब्रह्मांड को समझने के लिए दिमाग का इस्तेमाल करना ऐसा ही है, जैसे समुद्र की गहराई नापने के लिए रूलर का इस्तेमाल करना। आप निश्चित रूप से गलत परिणाम हासिल करेंगे।
आपके मानसिक उपकरण इस तरह के हैं कि आपको लगेगा कि ब्रह्मांड अथाह है। दिमाग कुछ चीजें तो कर सकता है, लेकिन वह हर चीज करने में सक्षम नहीं है। अगर आप अपने मन को एक ऐसी स्थिति में ले आते हैं जहाँ आप लगातार अपने नाटक में न फंसे रहें, बल्कि अपनी इच्छा से उसमें शामिल हों, तब शायद आप उससे अधिक देख पाएंगे जो अभी देख रहे हैं। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि पूरी तस्वीर अपने दिमाग में आप कैद कर पाएँगे। कुछ दूसरे तरीके हैं। लेकिन यदि आप सोचते हैं कि आप सब कुछ केवल विचार से ही समझ लेंगे तो यह मूर्खतापूर्ण तरीका है।
मुझे लगता है आधुनिक भौतिकविद इसे स्वीकार करने वाले हैं कि न केवल ‘हम नहीं जानते’ बल्कि ‘आगे भी नहीं जान पाएँगे।’ इसका अर्थ यह है कि वह यह स्वीकार कर रहे हैं कि जो उपकरण हमारे पास है वह किसी भी चीज को वास्तव में जानने के लिए पर्याप्त नहीं है। तो अपने दिमाग में इसे बैठाने की कोशिश मत कीजिए। यह इस तरह काम नहीं करता।
जब आप कहते हैं कि स्पेस विकृत है या समय विकृत है तो आपकी समझ में इसका वास्तविक अर्थ क्या है? यही हमारी वर्तमान शिक्षा पद्धति की समस्या है। यह सिर्फ शब्दों पर आधारित है। आप शब्दकोश बढ़ा लेते हैं, लेकिन किसी भी चीज का जीवंत अनुभव नहीं होता। किताबों, शब्दों और पाठ्य पुस्तक के विज्ञान से परे जाकर खुद को शिक्षित करने के लिए आपको थोड़ा और निवेश करना होगा। जीवन के बारे में और अधिक जानने के लिए प्रकृति के किसी हिस्से पर जैसे एक फूल, एक पत्ती, एक चींटी या एक पेड़, इन पर थोड़ा और गौर कीजिए। यदि आप सितारों पर गौर करने की कोशिश करेंगे तो आप देखेंगे कि यह कितना कठिन है। बस किसी चीज को गौर से देखिए।
बगैर ध्यान दिए ब्रह्मांड में कुछ भी आपके सामने जाहिर नहीं होगा। आजकल एकाग्रता या ध्यान की कमी को एक योग्यता की तरह देखा जाता है। दुर्भाग्य से विचार को ध्यान से अधिक महत्व दिया जा रहा है। एकाग्रता के साधन को बेहतर बनाने के बजाय आपने विचार-प्रक्रिया को और अधिक जटिल कर लिया है। आपके विचार आपकी सीमित स्मृति पर आधारित हैं। उससे परे आप नहीं सोच सकते। आपकी गौर करने की क्षमता विचार-प्रक्रिया से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है। आधुनिक समाज इसी बात को समझ नहीं पाया है। आपको एकाग्रता बढ़ानी होगी, विचार नहीं। यदि आप अपने बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाना चाहते हैं तो आपको यही करना चाहिए।
जब आपके बच्चे हों तो उन्हें आपको अपने जीवन के रूप में देखना चाहिए। यदि आपके पास इस स्तर की प्रतिबद्धता और समर्पण नहीं है, तो आपको बच्चे पैदा ही नहीं करने चाहिए। यदि आप एक शेर या शेरनी होते, तो आप 90% अपने आनुवंशिकी और स्वाभाविक वृत्ति का नतीजा होते, केवल 10% उस शिक्षा के द्वारा तय होता जो सिखाया जाता। लेकिन इंसान के तौर पर केवल 10% आपकी आनुवंशिकी से निर्धारित होता है और बाकी 90% आपकी शिक्षा के द्वारा।
जब आपके पास बच्चे हों, तब आपका व्यवहार, बोली, शारीरिक हाव-भाव और कैसे आप खुद को रखते हैं, बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है। उस मूर्खतापूर्ण नैतिक शिक्षा को देने का कोई लाभ नहीं है जिसे कोई भी नहीं सुनता। बच्चे आपकी बड़ी-बड़ी शिक्षाओं को नहीं सुनते, वे केवल इस बात पर गौर करते हैं कि आप कैसे बैठते हैं, कैसे खड़े होते हैं, कैसा व्यवहार करते हैं और दूसरों को कैसे देखते हैं। जब आपके पास बच्चे हों तो आपको विकसित हो जाना चाहिए।