विख्यात गणितज्ञ और खगोलशास्त्री प्रोफेसर बर्नार्ड कैर और सद्गुरु के बीच हुई इस दिलचस्प बातचीत का आनंद लीजिए, जिसमें वे विज्ञान और अध्यात्म के अंतर्संबंध पर चर्चा कर रहे हैं। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में हाल ही में हुई पैनल चर्चा के इस रोचक अंश में प्रो. कैर ने मानसिक और आध्यात्मिक घटनाओं के अध्ययन के लिए भौतिक शास्त्र की जगह स्थान-समय (स्पेस-टाइम) ढाँचे को विकसित करने की ज़रूरत बताई। सद्गुरु ने योग के नज़रिए से चेतना के बहुआयामी सिद्धांत की परतों को खोला। आइए चलते हैं मन, आत्मा और अन्तरिक्ष की इस यात्रा पर:
प्रो. बर्नार्ड कैर: मेरे ख्याल से ये ज़रूरी है कि मानसिक और आध्यात्मिक घटनाओं को शामिल करने के लिए भौतिक शास्त्र का विस्तार किया जाए। मैं एक भौतिक शास्त्री हूँ और मेरा जुनून भौतिकी के लिए है। मैंने देखा है कि ये स्थूल संसार को समझाने में कितना सफल रहा है और मैं इस सफलता को इन दूसरे पहलुओं तक फैलाना चाहता हूँ। मेरे ख्याल से समय और स्थान के सिद्धांत को विस्तृत करके ऐसा किया जा सकता है। लेकिन मुझे ये कहना चाहिए कि जो भी मैं कहने जा रहा हूँ वो अनुमान अधिक है।
भौतिकी की अवधारणाओं में ही स्थान (स्पेस) को लेकर जो हमारी समझ थी, वह अब बदल गई है। न्यूटन के भौतिक-सिद्धांत के अनुसार स्पेस के तीन आयाम होते हैं और एक आयाम समय का होता है। सत्य को लेकर यही विचार था। लेकिन फिर आइन्स्टाइन आए और उन्होंने वास्तविकता को चार आयामों में देखा, जहाँ स्पेस और समय के आयामों को मिला दिया गया।
लेकिन फिर 1920 में भौतिक शास्त्री कालुज़ा और क्लीन ने अनुभव किया कि वे एक पांचवे आयाम को सामने लाकर विद्युत-चुम्बकत्व (इलेक्ट्रोमैग्नेटिज़्म) की ज्यामितीय व्याख्या दे सकते हैं। आइन्स्टाइन ने कर्व्ड स्पेस के रूप में गुरुत्वाकर्षण की ज्यामितीय व्याख्या दी थी। फिर 1990 के मध्य में प्रिंसटन के एक शानदार भौतिकविद एड विट्टन ने महसूस किया कि दरअसल आपको 11 आयामों की ज़रूरत है।
सद्गुरु: ओह! योगिक-विज्ञान में हमेशा से ही 11 आयामों की बात कही गई है। मुझे नहीं मालूम था कि प्रिंसटन का एक आदमी ये कह सकता है। [हंसते हैं] ये बहुत दिलचस्प है। सत्य की प्रकृति ही ऐसी है कि चाहे आप उसे किसी भी दिशा से देखें वो एक जैसा ही दिखता है।
प्रो. बर्नार्ड कैर: बिलकुल सही। इस 11-आयामों के सिद्धांत के अनुसार यह भौतिक जगत, ऊँचे आयाम वाले स्पेस का एक टुकड़ा मात्र है। अब मैं मन के नज़रिए से समस्या पर आना चाहता हूँ। इनमें से कुछ सिद्धांत पूरी तरह से गणितीय हैं। लेकिन जो लोग इन्हें खोज रहे हैं वे भौतिकशास्त्री हैं। मैं हमेशा यह मानता हूँ कि अभी प्रमाण नहीं हैं लेकिन यदि आप इंतज़ार करेंगे तो एक दिन प्रमाण मिल सकते हैं।
चलिए अब मानसिक अनुभव की बात करते हैं। हम सब जानते हैं, हमने इस दुनिया का – इस दृश्य जगत (फेनोमेनल स्पेस) का अनुभव किया है। लेकिन ये बस इस भौतिक दुनिया का अनुभव है। और यहाँ भौतिक जगत और दृश्य जगत के संबंधों पर लम्बी बहस चल रही है। लेकिन ये वास्तव में अपेक्षाकृत सीधा सा है। जबकि मेरी दिलचस्पी जागृत अवस्था के बजाय चेतन अवस्था में अनुभव किए गए जगत में अधिक है। यहाँ पर सपनों और स्पष्ट सपनों (लूसिड ड्रीम) को लेकर भी बहुत चर्चा हुई हैं और इसके अलावा शरीर से परे के अनुभव भी हैं। शरीर के बाहर के अनुभवों में आपकी चेतना आपके भौतिक शरीर को छोड़ देती है और बाहर घूमती हुई सी प्रतीत होती है। हालाँकि यह भौतिक स्थान (स्पेस) से संबंधित है फिर भी ठीक उसके जैसा नहीं है।
उसके बाद आपके पास भूत-प्रेतों के कुछ अनुभव भी हैं। अधिकांश मनोवैज्ञानिक कहेंगे कि भूत सिर्फ मतिभ्रम हैं। हालाँकि सामूहिक रूप से भूतों को देखने की कुछ ऐसी घटनाएं हुई हैं जहाँ एक से अधिक लोगों ने एक ही समय पर उन्हें देखा है। और ऐसा लगता है मानो भूतों का अपना ही एक जगत (स्पेस) है। ये सामान्य भौतिक स्थान(स्पेस) में नहीं हैं, इस वजह से इन्हें हकीकत नहीं माना जाता।
और फिर मृत्यु के क़रीब के कुछ अनुभव भी रहे हैं। वे कुछ ऐसे जगत (स्पेस) में होते हैं, जो मानो आप एक सुरंग में एक पुल पार कर रहे हैं। लेकिन फिर से ये भौतिक जगत(स्पेस) नहीं है। फिर कुछ आध्यात्मिक अनुभव भी हैं जिसमें कुछ में कोई स्थान (स्पेस) शामिल है लेकिन वह भौतिक जगत नहीं है। तो संक्षेप में मानसिक और आध्यात्मिक अनुभव अधिकतर किसी स्थान (स्पेस) को शामिल किए हुए हैं। यदि आप चाहें तो इसे कुछ ऐसे भी समझ सकते हैं कि एक सामूहिक मानसिक स्पेस है और व्यक्तिगत मन इस बड़े मन का हिस्सा है, उसी तरह व्यक्तिगत चेतना किसी बड़ी चेतना का एक हिस्सा है।
अब सवाल यह है कि मैं मन और आत्मा के इस जगत को भौतिक शास्त्रियों द्वारा बताए गए जगत से कैसे जोडूं? मेरा प्रस्ताव ये है कि हमें भौतिकशास्त्र के इस ऊँचे आयाम वाले स्पेस के साथ मानसिक और आध्यात्मिक अनुभवों के लिए ज़रूरी स्पेस को पहचानना चाहिए। मैं केवल अपने ही मानसिक अनुभवों से परिचित हूँ, तो अपने मानसिक और आध्यात्मिक अनुभवों को इस ऊँचे आयामों वाले स्पेस में रखना ही स्वाभाविक लगता है।
डॉ. बालचंद्र सुब्रमनियम: सद्गुरु, बर्नार्ड ने जो कुछ कहा क्या आप उस पर कुछ कहेंगे?
सद्गुरु: मन की आधुनिक समझ के अनुसार हम अक्सर उसे एकल इकाई के रूप में देखते हैं। लेकिन योगिक विज्ञान में हम मन के कई आयामों को देखते हैं। मन का बाहरी पक्ष बुद्धि है। इसका एक दूसरा आयाम है जिसे हम अहंकार कहते हैं, जो दरअसल वह पहचान ही है, जिससे हम ख़ुद को जोड़कर देखते हैं।
आप किसी चीज़ के साथ जितनी ज़्यादा अपनी पहचान जोड़ते हैं आपकी बुद्धि उस पहचान के साथ उतनी ही प्रतिबद्ध होती है, और उसी खांचे में काम करती है। आप एक वैज्ञानिक, एक आध्यात्मिक, एक योगी या जिस किसी भी रूप में पहचाने जाते हैं आपका मन उसी खांचे के भीतर काम करेगा। आपकी बुद्धि पूरी तरह से आपकी पहचान से जुड़ी हुई है। अगर आप किसी विशेष धर्म से अपनी पहचान जोड़ते हैं तो आपका मन एक तरह से काम करेगा, यदि आप ख़ुद को एक नास्तिक के तौर पर देखते हैं तो आपका मन दूसरे तरह से काम करेगा। यदि आप इस देश से अपनी पहचान जोड़ते हैं तो ये एक तरह से काम करेगा और यदि किसी दूसरे देश से आप अपनी पहचान जोड़ेंगे तो ये दूसरे तरह से काम करेगा।
एक निश्चित पहचान ही सभी इंसानों की बुद्धि के अलग-अलग तरीके से काम करने का आधार है। यहाँ योग की पूरी प्रणाली है जहाँ हम लगातार इस पर काम करते रहते हैं कि पहचान की प्रकृति ब्रह्मांडीय हो, आप किसी विशेष चीज़ से अपनी पहचान ना जोड़ें। किसी चीज़ से अपनी पहचान न जोड़ पाना मुश्किल है इसलिए आप उससे पहचान जोड़ते हैं जिसकी कोई प्रत्यक्ष सीमाएं नहीं हैं।
तो किसी पहचान से परे कैसे जाएँ? क्या ये संभव है? सौ प्रतिशत। लेकिन यदि आप अपनी पहचान से परे जाते हैं तो आप अपना व्यक्तित्व पूर्ण रूप से खो देते हैं। क्या आप ऐसा करने के लिए तैयार हैं?
मन का अगला पहलू – स्मृति के आठ आयाम हैं। हम इन्हें मौलिक स्मृति, विकासवादी स्मृति, वंशानुगत स्मृति, कर्म स्मृति, सचेतन और अचेतन स्मृति, और व्यक्त और अव्यक्त स्मृति के नाम से जानते हैं।
मैं आपसे एक साधारण सवाल पूछता हूँ कि आप अपनी बुद्धि को कैसा चाहते हैं पैना या कुंद? आपकी बुद्धि निश्चित रूप से एक काटने वाला औजार है। काटने वाले औजार से आप चीरफाड़ कर सकते हैं। चीरफाड़ करके मैं आपके लीवर, किडनी और स्प्लीन को पा सकता हूँ, पर आपको नहीं। मैं ऐसा करके आपके बारे में कुछ भी नहीं जान पाऊँगा। लेकिन यदि मैं आपको गले लगा लूँ, यदि किसी तरह से मैं आपको समाहित कर लूँ, तो मैं आपको थोड़ा बहुत जान जाऊंगा। हम इस काटने वाले धारदार औजार का उपयोग हर चीज़ के लिए कर रहे हैं। ये कुछ ऐसा ही है जैसे हम चाक़ू से कपड़े सीने की कोशिश कर रहे हों – सब कुछ फट जाएगा।
यदि आप अपने जीवन को सिर्फ अपनी बुद्धि से चलाने का प्रयास करेंगे तो उसके टुकड़े-टुकड़े हो जाएँगे। आपने देखा है कि आधुनिक शिक्षा के साथ लोग पहले से कहीं ज़्यादा भ्रमित हैं। आपके पास आने वाली किसी भी जानकारी से आप प्रभावित न हों इसके लिए बहुत प्रयास लगता है। फिर आप अपने पास की किसी भी जानकारी से प्रभावित नहीं होते, बेशक वह कितनी भी कीमती और पवित्र हो, कहीं से भी मिली हो। चाहे वो किसी शास्त्र से मिली हो, किसी अध्यापक से या गुरु से – आपने उसके साथ अपनी पहचान नहीं जोड़ी है। इसी तरह आपको अपने माता-पिता से, परिस्थितियों से, कई तरह के स्रोतों से बहुत सारी जानकारी मिलती है लेकिन आप सभी से अप्रभावित रहते हैं।
तो, चाकू कैसे हाथों में है यही तय करता है कि उसका इस्तेमाल कैसे होगा- वह किसी की रक्षा करेगा या किसी की जान लेगा? ये चाकू पर निर्भर नहीं करता बल्कि उन हाथों पर करता है जो इसे पकड़े हैं।
और अब ये हाथ स्मृति के ढेर से जुड़े हैं। यदि ये सीमित पहचान है तो ये इन सारी स्मृतियों की क्षमताओं को सीमित तरीके से इस्तेमाल करेगी। बुनियादी तौर पर बुद्धि ख़ुद को बचाए रखने यानी जीवन-संरक्षण का एक साधन है। आपको जीने के लिए शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, और बहुत सारे स्तरों पर ख़ुद को बचाने की ज़रूरत पड़ती है। ख़ुद के बचाव का अर्थ है – जीवन-यापन। जीवन-यापन बहुत ज़रूरी है लेकिन साथ ही ये आपको कभी संतुष्ट नहीं करता।
यदि आप इस धरती पर किसी दूसरे जीव की तरह आए होते तो पेट भर जाने पर आपका जीवन सेट हो जाता। लेकिन मनुष्य के रूप में आने पर पेट ख़ाली होने पर बस एक समस्या है, और पेट भरे होने पर सौ समस्याएं हैं। यही मानव-जाति की प्रकृति है। जब आपके जीवन-यापन की व्यवस्था हो जाती है, उसके बाद जो आप होते हैं, उसे ही मानव कहते हैं। उसके पहले तक आप बस किसी अन्य जीव की तरह हैं। एक बार जीवन-यापन का इंतजाम हो जाने पर, जीवन संरक्षण की आपकी स्वाभाविक वृत्ति शांत हो जाती है और तब आपके भीतर एक सचेतन इंसान बनने की संभावना जागती है।
अपनी पहचान को नीचे रखना या उसे अपनी कल्पना में जितना अधिक हो सके उतना सीमारहित बनाना – बहुत महत्वपूर्ण है, यह देखने के लिए कि विभिन्न स्रोतों से मिलने वाली जानकारी, स्मृति या सूचना इस तरह काम करते हैं कि वे न तो आपसे और न ही किसी और चीज़ से टकराव की स्थिति में हों। अभी जो भी जानकारी आपके पास है वो आपको हज़ार तरीकों से प्रताड़ित करती है क्योंकि यदि आपके पास तेज़ धार वाला चाक़ू है तो आपके हाथ बहुत सधे हुए होने चाहिए।
मन का तीसरा हिस्सा मानस कहलाता है जो स्मृतियों का ढेर है। चित्त मन का चौथा हिस्सा है जो सबसे आवश्यक है लेकिन बड़े स्तर पर उन लोगों के लिए अछूता रह जाता है जो बुद्धि के ज़रिए जीवन तक पहुँचना चाहते हैं। चित्त ऐसी बुद्धिमत्ता है जो स्मृति की मलिनता से अछूता है - शुद्ध है। यहाँ कोई स्मृति नहीं है लेकिन बुद्धिमत्ता है। यदि आप इसे थोड़ी स्मृति देते हैं केवल तभी ये उस स्मृति की इच्छा और दिशा में काम करेगा। नहीं तो ये निष्क्रिय रहेगा लेकिन यही हर चीज़ का आधार है।
अभी चेतना शब्द हर जगह है। सचेतन होना और अचेतन होना ये दो अवस्थाएं हैं लेकिन चेतना उस बारे में नहीं है। हम गलती से मानसिक जागरूकता को चेतना समझ रहे हैं। चलिए इसे दूसरी तरह से देखते हैं। यहाँ प्राण, प्रज्ञा और चित्त हैं। प्रज्ञा आपकी जागरूकता है। अभी आप प्रज्ञा में है, आप जागरूक हैं नींद में नहीं हैं।
प्राण आपके भीतर की वो बुद्धिमत्ता है जो आपके हृदय, लिवर और शरीर के बाकी सारे अंगों को चलाती है। आपके भीतर एक बुद्धिमत्ता है जो ये सब कर रही है। आप इसे पूर्ण रूप से कभी नहीं जान सकते क्योंकि बुद्धि उस सीमित जानकारी से काम करती है जो आप उसे देते हैं।
यहाँ तक कि आधुनिक भौतिकशास्त्री भी कह रहे हैं कि अस्तित्व सीमारहित है। सीमारहित शब्द को बुद्धि से परिभाषित करने का प्रयास करके हम लम्बे समय से एक गलफहमी में जी रहे हैं। ये देखना सौभाग्यपूर्ण है कि विज्ञान आखिरकार सही दिशा की ओर इशारा कर रहा है। अब इसे देखने के लिए आँखे मिलने का समय है। ये एक पूरी तरह से अलग काम है।