पिछले कुछ हफ़्तों की गतिविधियों पर एक नज़र
ईशा इंस्टिट्यूट ऑफ़ इनर साइंस में बहुत समय से प्रतीक्षित इस दर्शन में सद्गुरु ने मानव मन की क्षमताओं के बारे में बताया और इस बात पर जोर दिया कि हमारा मन हमें चमत्कार भी दिखा सकता है और परेशानी में भी डाल सकता है, यह बस इस बात पर निर्भर करता है कि हम इसका इस्तेमाल कैसे करते हैं। उन्होंने मन की तुलना एक ऐसे विशाल महल से की जिसमें लाखों कमरे हों, लेकिन अपने सीमित जीवन काल के कारण हम इन सबकी छानबीन नहीं कर पाते, उनको जान ही नहीं पाते। उन्होंने मन की क्षमताओं का दोहन करने के बदले इसके बुनियादी रूप को समझने की सलाह दी।
सद्गुरु ने इस बात पर फिर से जोर दिया कि बुद्धिमत्ता सिर्फ़ मस्तिष्क तक ही सीमित नहीं है, बल्कि मानव शरीर में उससे कहीं ज़्यादा बुद्धि है। उन्होंने 2024 में शुरू होने वाले ‘मिरेकल ऑफ़ माइंड’ कार्यक्रम की घोषणा की। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दुनिया भर में 300 करोड़ लोगों पर एक सकारात्मक प्रभाव डालना है। इस कार्यक्रम में हर दिन 15 मिनट की एक निर्देशित साधना कराई जाएगी जिससे बुद्धि के गहन आयाम तक पहुँचा जा सके।
मानसिक स्वास्थ्य के बड़े संकट के पूर्वानुमान के चलते, खासकर अमेरिका में, सद्गुरु ने कुछ कारकों की बात की, जैसे अस्वास्थ्यकर जीवन-शैली और पेट में कम होते माइक्रोबायोम। मन और चेतना की व्यापक समझ से मानसिक स्वास्थ्य में सुधार की संभावना पर उन्होंने जोर दिया और कहा कि मानसिक बीमारी की बढ़ती दर की वजह एक-दूसरे से बढ़ती अलगाव की भावना और बेलगाम उपभोक्तावाद भी है।
अभिनेता मैथ्यू पैरी द्वारा, जो कि लोकप्रिय कॉमेडी 'फ्रेंड्स' में अपने रोल के लिए जाने जाते थे, हाल ही में की गई दुःखद आत्महत्या का हवाला देते हुए सद्गुरु ने बताया कि कैसे आजकल के दौर में सफलता के पीछे अकेलापन और निराशा भी मौजूद दिखाई देती है। उन्होंने एक बेबस प्राणी से एक सचेतन इंसान के रूप में बदलने के महत्व पर जोर दिया। एक सचेतन इंसान अकेले होते हुए भी अकेलापन महसूस नहीं करता।
प्रश्नों के उत्तर देते समय सद्गुरु ने पश्चिमी समाज में रूपांतरण के साधनों को स्वीकार करने, अपनी बुनियादी आदतों को बदलने के लिए योगिक क्रियाओं का सहारा लेने, समय के साथ तालमेल बैठाने और सही निर्णय लेने में आने वाली कठिनाइयों को सम्बोधित किया।
भारत की 2023 की रोमांचक क्रिकेट वर्ल्ड कप यात्रा 19 नवंबर को अहमदाबाद में स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपनी चरम सीमा पर पहुँच गई। यह एक एक असाधारण मंच था जो कि शुरू में 92,453 क्रिकेट प्रेमियों की धड़कती हुई ऊर्जा से झूम रहा था। जब मैच से पूर्व ध्वनि और रंग के अद्भुत प्रदर्शन का जश्न चल रहा था तब कइयों को एक अप्रत्याशित दृश्य देखने को मिला - सद्गुरु और क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर स्टैंड में साथ-साथ बैठकर शायद मैच की बारीकियों के बारे में बातचीत कर रहे थे।
खेल से पहले एक वीडियो सन्देश में सद्गुरु ने भारत की टीम से कहा, ‘हमारी कोशिश बस यह होनी चाहिए कि खेल को पूरी तरह से खेलें। बॉल को हिट कीजिए, विकेट को उड़ा दीजिए, बस इतना ही करना है।’
आकाश में जेट विमानों की चक्कर खाती हुई कलाबाजियां और रवि शास्त्री के उत्तेजित कर देने वाले प्रचार के बाद खेल का उत्साह, तनावपूर्ण पूर्वानुमान और भारत के वर्चस्व की लुभावनी आशा साफ़ नज़र आ रही थी। जैसे-जैसे दिन गुज़रने लगा रोमांचक वाह-वाही धीरे-धीरे अभूतपूर्व चुप्पी में बदल गई और क्रिकेट युद्धभूमि हार-जीत की आशा और निराशा के अपने ही रंगों में रंग गई।
साधनापद द्वारा आयोजित ईशा योग केंद्र के इस साल सेवा मेले में पिछले सालों की अपेक्षा कई रंग और जीवंतता देखने को मिली। 80 से ज़्यादा विभागों ने मूल-विषय - ‘सद्गुरु के लक्ष्य में हमारा योगदान,’ पर अपनी चित्रकला, डिज़ाइन, शिल्पकला, खेलों और अलग-अलग गतिविधियों के मेल से अपनी प्रस्तुति पेश की।
इस जोशपूर्ण उत्सव में अपने सेवा कार्यों के प्रति भागीदारों का उत्साह और समर्पण साफ़-साफ़ दिखता था जो कि एक जोशपूर्ण संगीत और नृत्य के प्रदर्शन से अपनी चरम सीमा पर पहुँच गया। हमारे स्लाइड-शो में इस कार्यक्रम के शानदार चित्रों का आनंद लीजिए।
12 नवंबर को ईशा योग केंद्र दीपावली के उत्साह से भर गया। चमचमाते दीए और रंग बिरंगी सजावट से स्थान सुशोभित था और चारों तरफ जोश और प्रकाश देखते बनता था।
लेकिन ये खुशियाँ केवल ईशा योग केंद्र की चौखट तक सीमित नहीं थीं। ईशा स्वयंसेवक दीपावली की खुशियां आसपास के गाँवों तक ले गए और बच्चों को मिठाई और नए कपड़े देकर खुशियाँ भी बांटने लगे। उनके चेहरे की मुस्कुराहटों ने इस उत्सव के माहौल में एक जान डाल दी और इसे और दीपावली की रात को और भी रौशन कर दिया।
सेवादारों के लिए भी, जिनमें से कई अपने घर और परिवारजनों से दूर थे, एक शानदार उत्सव प्रतीक्षा कर रहा था। ब्रह्मचारियों और आश्रमवासियों ने आगे बढ़कर उनके समर्पण को सम्मानित किया, खासकर स्त्रियों के हाथों में खूबसूरत मेहँदी डिज़ाइन बनाए, और सबने उपहार, भोजन, संगीत और नृत्य का आनंद लिया। इस उत्सव ने सेवादारों को घर से बाहर भी घर की अनुभूति देने वाली ख़ुशियों से ओत-प्रोत कर दिया।
दीपावली के इस पारम्परिक उत्सव पर ईशा योग केंद्र ने रोशनी के साथ समावेश, आभार, प्रेम और आनंद की भावना को सबके साथ बांटा।
सद्गुरु ने ईशा इंस्टीट्यूट ऑफ इनर-साइंसेज, मैकमिनविले, टेनेसी, यूएसए में इस अवसर का उत्सव मनाया।