जागरूक जीवन

जीवन-यात्रा को कैसे बनाएँ एक तीर्थ-यात्रा?

जीवन महज़ एक यात्रा नहीं -  एक तीर्थयात्रा है। सद्‌गुरु बताते हैं कि इस निरंतर गतिशील दुनिया में, जहाँ हर चीज एक विशाल शानदार योजना का हिस्सा है, और हम सभी तीर्थयात्री हैं।

सद्‌गुरु: तीर्थयात्रा का अर्थ मात्र किसी पवित्र या शक्तिशाली स्थान की यात्रा करना नहीं है। जीवन ख़ुद एक तीर्थयात्रा है। आप चाहें तो इसे एक तीर्थयात्रा, एक पिकनिक, एक साहसिक कारनामा या फिर एक बोरिंग जीवन बना सकते हैं। ये आपका चुनाव है। वैसे भी, इस धरती पर बैठे हुए हम सभी यात्रा कर रहे हैं और आगे बढ़ते जा रहे हैं। हम नश्वर मनुष्य हैं।

भौतिक नज़रिए से भी हम सब लगातार घूम रहे हैं। यह धरती अंतरिक्ष में अभी 1600 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है, लेकिन हम इसे महसूस नहीं कर पाते। अपनी माँ की कोख से निकलने के बाद अब हम एक बहुत बड़ी कोख में बंद हैं - इस धरती की कोख में। हो सकता है कुछ लोग इसे नकार दें या फिर कुछ दूसरे तर्कों से इसे खारिज करें, लेकिन इस पृथ्वी का वायुमंडल नाइट्रोजन, ऑक्सीजन , कार्बन डाइऑक्साइड, आर्गन, हाइड्रोजन और बाकी सभी गैसों का एक गर्भ ही तो है।

जब आप ऊँचाई पर जाते हैं तो हो सकता है आप थोड़ी तकलीफ़ महसूस करें, इस कोख -  इस ग्रह ने एक खास तरह के दबाव के साथ आपको सँभाल रखा है। जब ये दबाव बढ़ता या घटता है तो इसका आपके सिस्टम के ऊपर अलग तरह का असर पड़ता है। एक खास तरह की दबाव की ज़रूरत रहती है, ठीक वैसी ही जैसे माँ की कोख में बच्चे को खास तरह के दबाव की ज़रूरत होती है। इस दबाव से एक नाज़ुक सा सहारा मिलता है जिसको आप कभी महसूस नहीं कर पाते। यही सबसे खूबसूरत चीज है। अगर आपको कोई ज़्यादा जोर से जकड़ ले तो ये अच्छा नहीं है। ये ज़रूरी है कि आपको इस तरह थामा जाए जिससे आप बंधे हुए या जकड़े हुए महसूस न करें।

तीर्थयात्रा का अर्थ मात्र किसी पवित्र या शक्तिशाली स्थान की यात्रा करना नहीं है। जीवन ख़ुद एक तीर्थयात्रा है।

लिंग भैरवी देवी जैसे एक शक्तिशाली रूप के निर्माण के पीछे, कई मायनों में यही विचार है। वे आपको इस तरह थामकर रखती हैं कि आपको इसका पता भी नहीं चलता। आप चाहें तो उनके प्रति आभार प्रकट कर सकते हैं, लेकिन वे किसी आभार की अपेक्षा नहीं रखतीं। आपको जो करना है, वह केवल इतना कि वहाँ मौजूद रहना है। क्या आपकी माँ आपसे ये उम्मीद रखती हैं कि आप रोज़ उनसे कहें, ‘मुझे इस दुनिया में लाने के लिए धन्यवाद?’ नहीं, ये आपका चुनाव है।

आप कितने आभार के साथ जीते हैं ये आपके बारे में बहुत कुछ बताता है, आपकी माँ के बारे में नहीं। हम में से कई लोग इसे पारिवारिक संबंधों या सामाजिक ढाँचे के नज़रिए से देखते हैं, लेकिन ये इससे कहीं ज़्यादा है। आपकी माँ आपके अस्तित्व का स्रोत रही हैं।

इसी तरह कई दूसरे आयाम भी हैं, जिन्होंने हमें थाम रखा है। अगर ये सभी आयाम हमें थामे नहीं रखते तो आज हम यहाँ शारीरिक रूप से जीवित भी नहीं होते। लेकिन आम तौर पर जो सीमाएं लोगों को रोककर रखती हैं उनसे ऊपर उठने के लिए आपको थोड़े सहारे की ज़रूरत होती है वरना केवल जीवन यापन ही हो पाता है। दो जोड़ी हाथ-पाँव और दिमाग में काम करती हुई कुछ कोशिकाओं के साथ आप केवल जीवित रह सकते हैं, फल-फूल नहीं सकते।

फलने-फूलने का मतलब शेयर बाज़ार में मुनाफ़ा कमाना नहीं है - यह केवल जीवन-यापन का साधन मात्र है। अगर आपके पास 10 करोड़ डॉलर हैं तो भी ये केवल जीवन-यापन ही है - दूसरों की क़ीमत पर। अगर कोई बस जीवन-यापन ही कर रहा है तो भी मैं उसका आदर करता हूँ।

लिंग भैरवी देवी या तीर्थयात्रा आपके जीवन में तब आती है जब आपकी कोशिशें जीवन-यापन से आगे के लिए होती हैं। आपने जीवन-यापन का इंतजाम कर लिया है और अब आप उसके परे कुछ चाहते हैं। ‘परे कुछ’ को स्पष्ट या तय मत कीजिए क्योंकि अगर आपने उसको तय  कर लिया तो वह केवल वही हो सकता है जिसे आप पहले से जानते हैं।

हरेक जीवन के भीतर कुछ और अधिक बनने की चाहत हमेशा होती है। यही चाहत विकास का रूप लेती है।

चाहे आप शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, सामाजिक या आर्थिक स्तर पर जीवन-यापन कर रहे हों, ये सब मात्र जीवन-यापन ही हैं। हम इसकी जटिलता बढ़ा सकते हैं लेकिन मूलतः ये केवल जीवन-यापन ही है। जीवन-यापन से परे होने का अर्थ है कि एक जगह बैठे हुए भी आप बिलकुल ठीक हैं - आपको किसी दूसरे चीज या इंसान की जरूरत नहीं है। लेकिन हरेक जीवन के भीतर कुछ और अधिक बनने की चाहत हमेशा होती है। यही चाहत विकास का रूप लेती है।

कुछ अधिक होने की चाहत, एक जीवन के रूप में हमारे लिए स्वाभाविक है। अगर आप इसे सचेतन होकर करेंगे तो इस प्रक्रिया की गति बढ़ जाएगी। आप जहाँ हैं वहाँ से अगली संभावना के लिए, चाहे वह जो भी हो, उसके लिए लाखों साल नहीं लगने चाहिए। आप इतने समय तक यहाँ नहीं रहने वाले।

जीवन जिस दिशा में स्वाभाविक तौर पर बढ़ना चाहता है, हम उस प्रक्रिया की गति बढ़ाना चाहते हैं। हम सारी रुकावटें दूर कर देना चाहते हैं जिससे ये आसानी से आनंदपूर्वक हो। मानव जाति जागरूकता और चेतना के एक खास स्तर तक पहुँच गई है, हम इस धरती पर क्रमिक विकास के सबसे ऊँचे शिखर तक पहुंच चुके हैं। अब इससे आगे हमारा विकास पूरी तरह से सचेतन होगा।

इस प्रक्रिया को दुखदायी नहीं होना है। अगर आप तैयार हैं तो आप अपने भीतर जो भी बदलाव चाहें, वो बिना किसी संघर्ष के हो सकता है। अगर आप तैयार नहीं हैं तो वही चीज़ कष्टपूर्वक होगी, यह जीवन के हरेक पहलू पर लागू होता है। तीर्थयात्रा और जीवन में यही चुनाव आपके पास होता है। आप चाहें तो इसे आनंदमय बना सकते हैं चाहें तो कष्टदायक।