

आइए चलते हैं मृत्यु से परे जीवन की खोज की दिलचस्प यात्रा पर। विभिन्न संस्कृतियों - नेटिव अमेरिकी, ग्रीक, रोमन, जापानी और योगिक संस्कृति – की पौराणिक कथाओं की चर्चा करते हुए सद्गुरु नदियों की दिव्य उपमा के बारे में बता रहे हैं। साथ ही मुक्ति को लेकर हर संस्कृति की सोच की भी पड़ताल कर रहे हैं। तो जीवन के बाद के जीवन की गहन खोज के लिए तैयार हो जाइए।
सद्गुरु: कुछ नेटिव अमेरिकी परम्पराओं में, वे ये मानते हैं कि मृत्यु के बाद आत्माएँ एक श्वेत नदी - मिल्की वे, के साथ-साथ यात्रा करती हैं। उस नदी को पार करने के लिए एक बड़े लट्ठे का केवल एक ही रास्ता है जिसकी चौकसी एक प्राणी द्वारा की जाती है जिसे बाद में ब्रेन-टेकर के नाम से जाना जाने लगा। जब सूक्ष्म शरीर की यात्रा की बात होती है तो ऐसी नदी की परिकल्पना हरेक संस्कृति में मिलती है।
वे कहते हैं कि जब कोई मृतात्मा मिल्की वे यानी श्वेत नदी को पार करने की कोशिश करती है तो कुत्ते के भौंकने की आवाज़ से एक देवी सतर्क हो जाती हैं और वो उस मृतात्मा को ढूंढने निकल पड़ती हैं। ऐसा करने के लिए वो एक छड़ी का इस्तेमाल कर सकती हैं जिससे वो सिर में एक छेद करती हैं। हमारे सिर में पहले से ही एक छेद होता है जो कई मायनों में प्राणमय कोष को बांधकर रखने के लिए एक गाँठ की तरह होता है। तो यह देवी किसी को चोट पहुंचाने के लिए नहीं बल्कि मुक्ति के लिए ये छेद करती हैं। फिर भी कई लोगों को मुक्ति से डर लगता है क्योंकि ये अस्तित्वहीन होने के बराबर होता है।
मुक्ति का एक ही मार्ग है और वो है अस्तित्व को ख़त्म कर देना क्योंकि अस्तित्व ही सारे बंधनों का स्रोत है। चाहे ये भौतिक शरीर में हो या फिर सूक्ष्म शरीर में हों, ये एक खोल है जो एक बंधन बनाता है। इसलिए इसका समाप्त हो जाना ही मुक्ति है। ये लोगों में भय पैदा करता है और यही कारण है कि लोग इस देवी से घबराते हैं। हालाँकि वो उन्हें मुक्त करने के लिए हैं लेकिन मुक्ति को सम्पूर्ण नाश की तरह भी देखा जाता है जिससे लोग डरते हैं।
इस यात्रा को करते हुए कोई नदी को कैसे पार करे? सांस्कृतिक रूप से इस नदी और कुत्ते का प्रसंग हर जगह मौजूद है, योगिक संस्कृति में भी। मैं अपना अनुभव बताकर फिर विभिन्न संस्कृतियों के बारे में भी बताऊंगा।
मेरे व्यक्तिगत अनुभव के अनुसार, जब आप शरीर छोड़ते हैं, तो जो चीजें घटित होंगी, वह इस पर निर्भर करेगा कि आप विकास के किस पायदान पर हैं और आपका खोल कितना मोटा या पतला है। अगर आपका आवरण या आपका गुब्बारा काफी मोटा है तो वो फूट नहीं सकता और वो नदी से टकराकर वापस आएगा। तो ये नदी क्या है? ये पौराणिक नदी पूरी तरह से एक अलग प्रकार की ऊर्जा की धारा है जो न तो जीवन है न मृत्यु। बेहतर शब्द नहीं होने की वजह से इसे हम एक तरह की ऊर्जा कह सकते हैं जो आपको बचाती और विसर्जित करती है।
ये पौराणिक नदी पूरी तरह से एक अलग प्रकार की ऊर्जा की धारा है जो न तो जीवन है न मृत्यु।
यह कोई भौतिक नदी नहीं है बल्कि उस ऊर्जा की धारा के लिए एक उपमा है जिसे योगिक परंपरा में वैतरिणी कहा जाता है। शरीर छोड़ने पर प्रत्येक जीव इस नदी की तरफ जाता है। कुछ टकराकर वापस आते है, कुछ उसमें डूब जाते हैं, कुछ लोग इसे आसानी से पार कर लेते हैं और कुछ वहीं विसर्जित हो जाते हैं। यह कई पहलुओं पर निर्भर करता है। मैं इसके बारे में ज़्यादा नहीं कहूंगा क्योंकि हम देखना चाहते हैं कि दुनिया भर की संस्कृतियों ने कैसे इसे एक ही तरह से देखा है।
हरेक संस्कृति में कुछ लोग थे जिन्होंने इसका अनुभव किया और इसके आसपास कई तरह की बातें गढ़ी गईं। कुछ नेटिव अमेरिकी परम्पराओं में यह एक देवी है जो आपके सिर में छेद करने की कोशिश करती हैं जिससे आप हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगे या कहें कि मुक्त हो जाएंगे।
जापानी पौराणिक कथाओं में, मृत्यु के बाद मृतात्माएं ‘संजू नदी’ या 'रिवर ऑफ़ द थ्री क्रोस्सिंग्स' को पार करने की कोशिश करती हैं। कथाओं के अनुसार, वे आत्माएं जिन्होंने जीवन में अच्छे कर्म किए उनके लिए एक पुल होता है जिसपर चलकर वे नदी पार कर सकती हैं। थोड़े-बहुत अच्छे कर्म करने वालों के लिए एक नाव होती है - वे नाव से जाने के लिए उसका मूल्य चुका सकती हैं या फिर नदी को कम गहरे स्थान से पैदल पार कर सकती हैं।
कहा जाता है कि बुरे लोगों को निर्वस्त्र कर साँपों से भरे गहरे पानी से तैरने के लिए मजबूर किया जाता है। जब एक आत्मा आती है तो कहा जाता है कि एक जाल आत्मा से सब कुछ अलग कर लेता है और इसके कपड़ों के वजन या फिर इकट्ठा किए गए ढ़ेर से उसके द्वारा किए गए बुरे कर्मों की गंभीरता तय होती है। दरअसल ये अच्छे या बुरे का सवाल नहीं है, बल्कि यह कार्मिक संचय की मात्रा है।
तकनीकी भाषा में कहें तो कार्मिक शरीर की मजबूती या उसका आकार इसे तय करता है। ग्रीक और रोमन पौराणिक कथाओं में कहा जाता है कि मृत्यु के बाद आत्माओं को स्टिक्स नदी के पार नाव से ले जाया जाता है। यह नदी जीवित और मृत की दुनिया को अलग करती है। इन कथाओं में और भी कई चीजें मौजूद हैं जैसे अनेक सिर वाला कुत्ता जो मृत लोगों को उनकी दुनिया छोड़ने से रोकता है।
इजिप्ट की संस्कृति में भी ऐसी धारणाएं पाई जाती हैं। ऐसी धारणाएं सारी संस्कृतियों में मौजूद हैं क्योंकि हमेशा कोई न कोई होगा जिसे ऐसे अनुभव हुए होंगे। जब ये लोग अपने अनुभव बताते हैं तो बाकी लोग आम तौर पर सरल नतीजे निकालकर अपनी ख़ुद की व्याख्या बना लेते हैं।
महत्वपूर्ण बात यह है कि संस्कृतियों को ये स्पष्ट रूप से पता था कि यदि आप धक्के के लिए तैयार हैं तो आप मुक्त हो सकते हैं। इसकी व्याख्या पूरी तरह से समाप्त होने के रूप में की गई है जो निर्वाण, मुक्ति या आज़ादी के समान है। अगर आपको धक्का मिल गया तो आप मुक्त हैं, आपने निर्वाण प्राप्त कर लिया है। निर्वाण का अर्थ है आपने अपना अस्तित्व समाप्त कर दिया है। मुक्ति मतलब आप अस्तित्व के शिकंजे से पूरी तरह मुक्त हो गए हैं।
निर्वाण का अर्थ है आपने अपना अस्तित्व समाप्त कर दिया है। मुक्ति मतलब आप अस्तित्व के शिकंजे से पूरी तरह मुक्त हो गए हैं।
नेटिव अमेरिका में मृत शरीर को दफन करने के कई स्थान हैं, जिनमें से कुछ में मृत देह को पेड़ों पर या एक चबूतरे पर रख दिया जाता है। किसी को ऐसी जगहों पर जाने की अनुमति नहीं होती। हो सकता है वे इन जगहों को मृतात्माओं के उद्यान की तरह रखते हों जहाँ कुछ आत्माओं को कुछ भले कामों के लिए इस्तेमाल किया जा सके। यह ऊर्जा कई तरह के बलिदान और दूसरे तरह के कामों के लिए इस्तेमाल हो सकती हैं जिससे स्वास्थ्य, समृद्धि और आध्यात्मिक कल्याण हासिल किया जा सके।
काशी एक ऐसा स्थान था जहाँ ऐसे काम बड़े पैमाने पर किए जाते थे लेकिन वहाँ भी हर चीज़ के लिए सरकारी अनुमति लेना जरूरी होता है। ये सारी सूक्ष्म क्रियाएं, कला हो या विज्ञान, जो भी भौतिक शरीर के परे है, जिसका भौतिक पदार्थ से संबंध नहीं हो, दुर्भाग्य से उसे अब विज्ञान नहीं समझा जाता।
हम दुनिया को एक ऐसी जगह ले गए हैं जहाँ किसी विषय को विज्ञान कहने के लिए उसका A + B = C होना जरूरी है। अगर A और B को जोड़ा न जा सके या A और B को जोड़कर एक बड़ा A प्राप्त होता हो तो आज इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। लेकिन अस्तित्व की यही प्रकृति है और ये देखना अद्भुत है कि जीवन को लेकर इस तरह की खोज दुनिया के कई भागों में हो चुकी है।
