
प्रश्न: सद्गुरु हम जीवन को सही अर्थों में कैसे समझ सकते हैं? इस बारे में आपके विचार क्या हैं ?
सद्गुरु: चलिए समझते हैं कि समझने का सही मतलब क्या है। बहुत सारे लोग सोचते हैं कि समझने का अर्थ है किसी चीज़ को उनके तर्क के खांचे में फिट करने लायक बना लेना। हालाँकि मूलतः हम सभी ने तर्क के एक जैसे सिद्धांतों को ही सीखा है, फिर भी आपमें से हर किसी का अपना अलग ही तर्क होता है। यही वजह है कि यहाँ इतने सारे विवाद और बहसें हैं। जब कोई चीज आपके तर्क के खांचे में बैठ जाती है तो आपको लगता है आपने उसे समझ लिया। आपको समझने की ऐसी कोशिश छोड़ देनी चाहिए ।
आपने जीवन की प्रकृति के बारे में कुछ भी नहीं समझा है। आप कहाँ से आए हैं? आप कहाँ जाएंगे? धर्म के नाम पर आपके पास कुछ मूर्खतापूर्ण कहानियां हो सकती हैं, लेकिन अपने अस्तित्व के बारे में वास्तव में आप क्या जानते हैं? कुछ भी नहीं।
अध्यात्म समझने के बारे में नहीं, अनुभव करने के बारे में हैं। क्योंकि जब आप किसी चीज़ को समझने की कोशिश करते हैं तो या तो आप अपने दिमाग में विश्वास पैदा करते हैं या फिर ख़ुद को वहीं रोक लेते हैं, जहाँ तक वह आपकी तार्किकता में फिट बैठता है। ऐसा करना बंद कर दीजिए।
जब तक आप अपने पैरों पर खड़े नहीं हो जाते, जो कुछ हो रहा है उसे होने दीजिए। मेरा आशीर्वाद है - सब कुछ होने दीजिए। जब आप ये सोचते हैं कि किसी एक चीज़ को नहीं होना चाहिए तो इसका मतलब है आप जीवन को एक ख़ास तरीके से आने की उम्मीद कर रहे हैं और यदि यह किसी दूसरे तरीके से घटित होता है तो आप उसे अस्वीकार करना चाहते हैं। आप यह तय कीजिए कि आप ख़ुद को खुला रखेंगे, चाहे वह किसी भी रूप में आए आप उसे स्वीकार करने के लिए तैयार होंगे।
अध्यात्म आपके लिए रहस्यमय है क्योंकि आप उसे समझ नहीं सकते, इसका सिर्फ अनुभव कर सकते हैं। ऐसा ही कुछ हुआ जब पार्वती आदियोगी से विवाह करना चाहती थीं। वह उनकी मौजूदगी पर मोहित, उत्साहित और अभिभूत थीं। शिव सच में जंगली तरीके से जीते थे - उलझे बाल, शरीर ढंकने के लिए हाथी की खाल।
जितना आप सोच सकते हैं, उससे कहीं ज़्यादा वे जंगली जीवन जीते थे। कथाओं में कहा जाता है कि जब वे एक वयस्क घोड़े के बगल में खड़े होते थे तो उनका सर घोड़े के सर की ऊंचाई तक आता था। जब वे दक्षिण भारत में आए तो लोगों ने उन्हें एक औसत स्त्री की लम्बाई का दोगुना बताया। आज भी दक्षिण भारत में आपको ऐसी जनजातियाँ मिल जाएँगी जिनका डीलडौल गठीला होता है। पुरुष सामान्यतः 5 फीट के होते हैं और महिलाएं थोड़ी छोटी।
तो लोग कहते हैं कि वे औसत महिला की लम्बाई के दोगुने थे। इसके अनुसार हम मान सकते हैं कि वे 8.5 से 9 फीट के लगभग लम्बे रहे होंगे। ये महाकाय पुरुष हाथी की खाल में लिपटे हुए, अपनी आँखें बंद करके, नशे में धुत्त, जंगली तरीक़े से नृत्य करते थे। लोग उनके पीछे ऐसे चलते थे, जैसे वे पाइड पाइपर (एक अंग्रेज़ी कहानी का नायक जिसके बांसुरी बजाने पर लोग उसके पीछे-पीछे चल पड़ते थे) हों। पार्वती उनसे इस तरह अभिभूत थीं कि उनसे विवाह करना चाहती थीं। वे विवाहित होने वाले नहीं थे लेकिन पार्वती की दृढ़ता और समर्पण को देखकर वे तैयार हो गए।
वे घर गईं और किसी तरह उन्होंने अपनी माँ को मनाया लेकिन उनके पिता बहुत गुस्सा हुए और बोले, ‘वह तो इंसान ही नहीं है, एक जंगली प्राणी है। तुम एक राजकुमारी हो। तुम उससे विवाह कैसे कर सकती हो?’ लेकिन पार्वती ने कहा, ‘आप नहीं मानेंगे तो मैं प्राण दे दूँगी।’ फिर वे विवाह के लिए मान गए।
उस क्षेत्र का हर कोई – आम आदमी से लेकर राजपरिवार तक के लोग, सभी विवाह में आए। वे सभी दूल्हे के आने का इंतज़ार कर रहे थे। भारत में अभी भी ये परंपरा है, ख़ास तौर से उत्तर भारत में, जहाँ इसे बारात कहा जाता है, दूल्हा घोड़े पर चढ़कर अपने दोस्तों और परिवारजनों के साथ अपनी धन-संपत्ति और शक्ति का प्रदर्शन करते हुए आता है। ये सांस्कृतिक उत्सव का एक हिस्सा है ।
अदियोगी आए, 9 फीट लम्बे, शरीर को हाथी की खाल से लपेटे हुए जिसमें से अब भी खून टपक रहा था। उनके साथ उनके सभी दोस्त थे - आकार रहित भूतों की मंडली, जो इंसानी भाषा से अलग ध्वनियों में शोर मचा रही थी। वे सभी नशे में धुत्त थे। आदियोगी एक हाथी की तरह आए। पार्वती की माँ मीना ने ये सब देखा और चकराईं, ‘क्या! इस आदमी के साथ मेरी बेटी विवाह करेगी?’ वे ये सोच भी नहीं पाईं और बेहोश हो गईं।
जब पार्वती ने अपनी माँ को अचेत होते देखा, तो यह जानते हुए कि पिता तो पहले से ही विवाह के खिलाफ हैं, वे दौड़कर अदियोगी के पास गईं और बोलीं, ‘अपना स्वरुप बदलिए। केवल मैं जानती हूँ कि आप कौन हैं। वे केवल आपकी बाहरी वेश-भूषा को देख रहे हैं। उनके लिए आप एक पुरुष नहीं, कोई और जीव हैं। कुछ कीजिए।’ उन्होंने पार्वती को देखा और बोले, ‘मुझमें क्या खराबी है?’ वे पहाड़ों में रहने के लिए शारीरिक रूप से बिलकुल ठीक थे। बस एक दूल्हे की तरह विवाह मंडप में आने के लिए थोड़े अलग थे।
पार्वती रोने लगीं, ‘कृपया अपना रूप बदलिए, नहीं तो मेरी माँ अपने प्राण दे देंगीं।’ तब आदियोगी मान गए और उन्होंने अपना स्वरुप बदल लिया जिसे आज सुन्दरमूर्ति कहा जाता है। सुन्दरमूर्ति अर्थात सबसे सुन्दर स्वरुप। अचानक सभी ने उन्हें देखा और बहुत प्रभावित हो गए जैसे वे किसी भी राजकुमारी के लिए सबसे सही वर हों। वे तो विवाह करने में भी रुचि नहीं रखते थे पर वे बस पार्वती की बात मान गए।
ये कहानी बताती है कि आप जो देखते हैं वह सिर्फ़ सामाजिक रूप से मायने रखता है। अगर आप किसी और आयाम में कदम रखते हैं तब इसका कोई अर्थ नहीं रह जाता। अपनी सामान्य समझ से हर चीज़ को अच्छा या बुरा, ठीक या बेकार, खूबसूरत और बदसूरत में मत बाँटिए। हवा की तरह बहिए। जो कुछ होता है होने दीजिए। कुछ नहीं होता है – तो बहुत अच्छा है। समझने की कोशिश मत कीजिए क्योंकि रहस्यवाद समझने के लिए नहीं है बल्कि महसूस करने और अनुभव करने के लिए है।