जीवन के रहस्य

आप चाहें तो कर सकते हैं समय को अपने वश में

समय की समझ और सृष्टि की चक्रीय गति के बीच के सूक्ष्म संबंधों को सद्‌गुरु उजागर कर रहे हैं। चक्रवातों का उदाहरण देते हुए रोचक ढंग से वे समझा रहे हैं कि कैसे हम अपने समय चक्र को शक्तिशाली तरीक़े से इस्तेमाल कर अधिकतम लाभ उठा सकते हैं।

प्रश्नकर्ता: नमस्कारम सद्‌गुरु, काम में सफलता पाने के लिए उसको सही समय पर करने के बारे में आपने बताया है। और आपने ये भी बताया है कि योग साधना एक तरह के ‘एनर्जी कोड्स’ होते हैं। क्या आप इसे विस्तार से समझा सकते हैं?

सद्‌गुरु: आम तौर पर हम जीवन की चक्रीय प्रकृति की वजह से समय को समझ पाते हैं। जब पृथ्वी एक बार अपनी धुरी पर घूमती है तो हम उसे एक दिन कहते हैं। जब चन्द्रमा पृथ्वी की एक परिक्रमा पूरी करता है तो हम उसे एक महीना कहते हैं। जब हमारी पृथ्वी सूर्य की एक परिक्रमा पूरी करती है तो हम इसे एक वर्ष कहते हैं। ये समय की हमारी समझ है। ये हमेशा चक्रीय होता है। हमने इसे नहीं बनाया है - जो कुछ भी भौतिक है हमेशा चक्रीय रूप में घटित होता है। इसका अर्थ है कि सब कुछ समय से बंधा हुआ है। यहाँ तक कि परमाणुओं  और उसके कणों की भी अपनी एक चक्रीय गति है। सभी ग्रहों की अपनी चक्रीय गति है, और ब्रह्मांड की अपनी अलग चक्रीय गति है। हर चीज जो समय से बंधी हुई है इसी तरह से घूम रही है।

समय की हमारी समझ हमारे भौतिक अस्तित्व के साथ जुड़ी हुई है। मान लीजिए आप दर्शन (सद्‌गुरु के सत्संग का एक कार्यक्रम) में शामिल होना चाहते हैं। जब तक आपका भौतिक शरीर है, तब तक दर्शन में आपका भाग लेना कई चीजों पर निर्भर करेगा, जैसे कि आपको कितनी दूरी तय करनी पड़ेगी, कितना पैसा लगेगा, और भी कई कारक हैं। लेकिन यदि आपके पास शरीर नहीं हो तो अगर दर्शन 3000 साल तक चलता रहे तो भी आपको कोई समस्या नहीं होगी।

चूँकि आपके पास शरीर है, इसलिए समय प्रासंगिक है। केवल भौतिक की चक्रीय गति की वजह से आपके लिए समय का महत्व है। अगर कोई भौतिक शरीर नहीं है तो समय आपके लिए कुछ नहीं है। तो अब सवाल उठता है कि इन चक्रों का आप पर सबसे अधिक प्रभाव कब पड़ता है? यह बहुत अहम है क्योंकि समय और ऊर्जा के मामले में हमारी कुछ सीमाएँ हैं। जीवन तभी बहुत लम्बा महसूस होता है जब हम दुखी होते हैं। नहीं तो यह समय की एक बहुत ही छोटी अवधि है और हमारे पास ऊर्जा की मात्रा भी बहुत सीमित है। इस विशाल ब्रह्मांड  में हम जीवन का एक बेहद छोटा सा अंश हैं।

चूँकि आपके पास शरीर है, इसलिए समय प्रासंगिक है। केवल भौतिक की चक्रीय गति की वजह से आपके लिए समय का महत्व है।

चूँकि समय और ऊर्जा दोनों ही सीमित हैं, इसलिए उन्हें प्रभावशाली ढंग से इस्तेमाल करना हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। नहीं तो जीवन यूँ ही निरर्थक गुजर जाएगा। आपकी गतिविधि का उद्देश्य उसका असरदार होना है, नहीं तो आपकी गतिविधि की जरूरत ही क्या है।  असरदार होने के लिए आपको समय के सही चक्र में काम करना होगा ताकि आप सबसे अधिक प्रभावशाली हों। आपका समय-चक्र किसी दूसरे के समय-चक्र से अलग हो सकता है, लेकिन अगर आप अपने चक्र को शक्तिशाली तरीके से चलाते हैं तो बाकी लोगों के चक्र आपके चक्र के तालमेल में चलने लगेंगे। यह चक्रीय प्रक्रियाओं में स्वाभाविक तौर पर होता है - अगर आप उन्हें तीव्रता से चलाएंगे तो बाकी सब उसकी ताल में चलते हैं। यही समय का महत्व है।

आप इसकी तुलना किसी तूफ़ान या चक्रवात से कर सकते हैं। ये उसी वायु के बने होते हैं जिसमें हम हर रोज़ सांस लेते हैं। मंगल ग्रह या किसी दूसरी आकाशगंगा से कोई नई वायु नहीं आई होती है। अभी यहाँ वायु कोई चक्रवात नहीं बना रही। ये वही वायु है लेकिन ये घूम नहीं रही। अगर ये घूमने लगे तो ये एक ऐसी शक्ति में बदल जाएगी जिसकी कल्पना ही नहीं की जा सकती। जब परिस्थितियां अनुकूल होती हैं और जब ये बहुत ज़ोर से घूमती हैं तो केवल एक चक्रवात नहीं बल्कि सैकड़ों चक्रवात बनने लगते हैं।

अगर एक चक्रवात उठता है तो ये आपका ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए काफी है। अगर कई छोटे-छोटे चक्रवात हो रहे हों और उनमें से एक इतना शक्तिशाली बन जाए कि वह सारे चक्रवातों को अपने साथ जोड़ ले तो ये कुछ ऐसी शक्ति बन जाती है जिसे कोई भी नज़रअंदाज़ नहीं कर सकता। तो आप यही कर सकते हैं। अगर आपकी गतिविधि पर्याप्त शक्ति से, सही समय पर हो तो सब कुछ उसके साथ जुड़ जाता है और ये एक बहुत बड़ी शक्ति बन जाती है।

योग में हम एक विशेष योगी को सहस्रबाहु कहते हैं जिसका अर्थ है उसके हज़ारों हाथ हैं। अब आप आश्चर्य करेंगे कि वो हज़ारों बाहों के साथ सूर्य क्रिया कैसे करता होगा, जबकि आप एक ऑक्टोपस से सूर्य क्रिया करने की कल्पना भी नहीं कर सकते। तो इसे ‘हजारों बाहें’ कहने के शाब्दिक अर्थ में नहीं लिया जाना चाहिए। इसका गूढ़ अर्थ यह है कि वे अपने समय में इतने ताकतवर बन गए कि उनके आसपास के हज़ारों लोगों की बाहें उनकी बाहें बन गईं। ये बाहें अलग-अलग शरीरों से निकलती थीं लेकिन ये सब उनकी बाहें बन गईं जिससे एक बहुत बड़ा प्रभाव पैदा हो सका।

अगर बाकी प्राणी केवल स्वयं के जीवनयापन के बारे में सोचें तो ये ठीक है, लेकिन अगर आप अपने जीवनयापन के लिए दुनिया को हानि पहुंचाते हैं तो इसका मतलब है कि आप एक "human being" नहीं "human creature" हैं।

अगर आपके पास सही तरह की पहचान है तो स्वाभाविक रूप से जीवन के प्रति आपका रवैया सही होगा। अगर आप मानते हैं कि आपका जीवन आपके लिए है, दूसरों के लिए नहीं, तो जैसे-जैसे आप शक्तिशाली होते जाएंगे, हो सकता है आप उन लोगों से छुटकारा पाना चाहें।  इसलिए यह ज़रूरी है कि आप हरेक जीवन को किसी न किसी तरह से अपने हिस्से की तरह देखना शुरू करें। अगर यह आपके अनुभव में न हो तो कम से कम विचारों में आप इसे लाइए।

अगर दूसरे प्राणी केवल ख़ुद के जीवनयापन के बारे में सोचें तो यह ठीक है, लेकिन अगर आप अपने जीवनयापन के लिए दुनिया को हानि पहुंचाते हैं तो इसका मतलब है कि आप एक ‘human creature’ हैं, ‘human being’ नहीं। मात्र जीवनयापन करना एक गदहे के जीवन जैसा है। अगर आप एक गदहे का जीवन जीना चाहते हैं तो कम से कम आपको कड़ी मेहनत करनी चाहिए। अगर आप एक फूल की तरह जीना चाहते हैं तो आपको ख़ुशबू बिखेरते हुए खिलना चाहिए। अगर मैं वो सुगंध देखूँगा तो मैं आपको कई सारे एनर्जी कोड्स दूंगा। किसी चीज तक आपकी पहुँच आपको सशक्त बनाती है। लेकिन सही रवैये के बिना सशक्तिकरण एक त्रासदी होगी।

किसी तरह का कोड पाने का मतलब है उस चीज़ तक आपकी पहुँच है जो सबको उपलब्ध नहीं है। जब आपके पास ऐसी विशेष पहुंच का विशेषाधिकार हो तो आप क्या करेंगे? अगर आपको किसी चीज़ तक पहुंच मिल जाए तो, जैसे आपको अमेरिकी सरकार के डेटाबेस पर पहुंच हासिल हो जाए, तो एक व्यक्ति सोचेगा कि वो कैसे वहाँ से एक बिलियन डॉलर निकाल सकता है। दूसरा सरकारी काम-काज को रोकने या ख़राब कर देने के बारे में सोच सकता है। कोई और व्यक्ति हो सकता है जो उसकी कमियों को खोजकर उन्हें ठीक करने या किसी चीज़ को बेहतर बनाने के बारे में सोचे। अलग-अलग लोगों के अलग-अलग इरादे हो सकते हैं।

अगर आप एक फूल की तरह जीना चाहते हैं तो आपको ख़ुशबू बिखेरते हुए खिलना चाहिए। अगर मैं वो सुगंध देखूँगा तो मैं आपको कई सारे एनर्जी कोड्स दूंगा।

तो शाम्भवी महामुद्रा जैसे ऊर्जा के कुछ गुप्त सूत्र देने के लिए हम आपको 25 घंटे की एक कठिन प्रक्रिया से गुजारते हैं। क्योंकि ख़ुद की इंजीनियरिंग किए बिना किसी शक्तिशाली चीज को हासिल कर लेना खतरनाक हो सकता है।

इसलिए आपको आसान मुद्रा में दीक्षित करना आवश्यक होता है। आसान का मतलब ये नहीं कि यह महत्वपूर्ण नहीं है। अगर आप इसे न समझे तो आप अपने जीवन को जटिल बना लेंगे और कई मायनों में इसे बेतरतीब कर देंगे। इसको जटिल बना देने से ये महत्वपूर्ण नहीं बन जाती लेकिन बेतरतीब ज़रूर बन जाती है। और जब ये बेतरतीब हो तो इस पर ध्यान देने की ज़्यादा आवश्यकता होती है।

इसलिए, हर दिन, आपको इनर इंजीनियरिंग में एक क्रैश कोर्स अवश्य करना चाहिए। फिर आपको जो भी पहुंच मिलेगी वह बेहतरी की ओर ले जाएगी।