घटनाक्रम

सफलता के सूत्रों को समझना: इनसाइट-2023 की कुछ झलकियाँ

हर एक सफ़लता की कहानी एक अलग ही तरह के डी.एन.ए. से लिखी होती है, जिसे पूरी तरह समझने और समझाने के लिए या कहें डिकोड करने के लिए 23-26 नवंबर को दुनिया भर के बिजनेस लीडर्स ‘इनसाइट: द डी.एन.ए. ऑफ सक्सेस’ कार्यक्रम में इकट्ठे हुए। सद्‌गुरु अकादमी द्वारा ईशा योग केंद्र में आयोजित इस 4-दिवसीय कार्यक्रम के 12वें संस्करण में उद्योग विशेषज्ञों और सद्‌गुरु ने अपने सहज बोध के ज़रिए कारोबारों के विस्तार और व्यक्तिगत विकास के जटिल पहलुओं पर प्रकाश डाला।

इस साल वक्ताओं में शामिल थे - कौशल-विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर, कैरेटलेन के संस्थापक और एमडी मिथुन सचेती; अभिषेक गांगुली, सह-संस्थापक, एजिलिटास स्पोर्ट्स (पूर्व एमडी प्यूमा इंडिया और दक्षिण पूर्व एशिया); भाविश अग्रवाल, संस्थापक, ओला; डॉ. कृष्णा एला, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड; और विनोद के. दसारी, चेयरमैन, ट्रेसा मोटर्स और विनीता हेल्थ (पूर्व सीईओ, रॉयल एनफील्ड; पूर्व एमडी और सीईओ, अशोक लीलैंड)।

इस संस्करण का विषय था, ‘उभरते भारत में खिलना।’ इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य था कि इस विषय को सार्थक करते हुए उद्यमियों को ऐसे कौशल से सक्षम करना जिससे इस चुनौतीपूर्ण समय में वे आगे बढ़ने और भारत के भविष्य को आकार देने में सक्रिय रूप से मददगार बन सकें। इसके लिए चर्चाओं और व्याख्यानों के लिए मंच तैयार था।

दुनिया भर से 245 प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए, इस कार्यक्रम में 6 प्रतिष्ठित वक्ता, 28 रिसोर्स लीडर्स और सद्‌गुरु शामिल थे। उत्साह और ऊर्जा के साथ प्रतिभागियों ने सीखने और लीडरशिप की एक रोमांचक यात्रा की शुरुआत की।

‘इनसाइट-2023’ के उद्घाटन सत्र में सद्‌गुरु ने भारत में बसी हुई उद्यमशीलता की भावना पर प्रकाश डालते हुए संवाद शुरू किया। उन्होंने इसकी समृद्धि के इतिहास की ओर ध्यान खींचते हुए कहा कि कुछ शताब्दियों पहले तक भारत दुनिया भर के निर्मित सामानों के 25 प्रतिशत का उत्पादन करता था। सद्‌गुरु ने इस बात पर जोर दिया कि भारत कभी भी केवल नौकरी करने वालों की भूमि नहीं थी, बल्कि उद्यमशील और हुनरमंद उद्यमियों की भूमि थी। उन्होंने बताया कि समय की मांग है कि इन हुनरों को और बढ़ाया जाए।

सत्र में आगे सद्‌गुरु ने इस संस्कृति में उन लोगों के लिए एक सुरक्षा तंत्र विकसित करने के महत्व पर जोर दिया जो अपने व्यावसायिक कोशिशों में असफल होते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि लोगों में साहस जगाने के लिए ऐसा सुरक्षा तंत्र होना आवश्यक है। ऐसी सुरक्षा-व्यवस्था के अभाव में लोग किसी भी तरह के ख़तरे उठाने में हिचकिचाने लगते हैं, जिसके बारे में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इससे उद्यमशीलता की भावना ख़त्म हो सकती है। कम काम करने का लक्ष्य रखने वालों और उद्यमियों के बीच एक स्पष्ट फर्क बताते हुए सद्‌गुरु ने स्पष्ट किया कि उद्यमी हमेशा अधिक करने के तरीके खोजते हैं, जिससे वे अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल कर सकें।

केंद्रीय उद्यमिता और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, श्री राजीव चंद्रशेखर के साथ एक विचारोत्तेजक संवाद में सद्‌गुरु ने कहा कि न्याय और समानता वाली दुनिया की परवाह करने वाले हमेशा ‘एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य’ की भावना रखते हैं। सद्‌गुरु ने ऐसी दुनिया को साकार करने में डिजिटल टेक्नोलॉजी की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। बातचीत में इस बात पर भी चर्चा हुई कि भारत अपने नागरिकों की भलाई के लिए इस तकनीक का प्रभावी ढंग से उपयोग कैसे कर रहा है।

ख़ास उदाहरणों के साथ बताते हुए श्री राजीव चन्द्रशेखर ने उन विभिन्न तरीकों को गिनाया, जिनसे इंडिया, जिसे भारत के रूप में जाना जाता है, कई क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) का लाभ उठा रहा है। इनमें कृषि, शासन, स्वास्थ्य सेवा और भाषा-अनुवाद शामिल हैं।

सद्‌गुरु टेक्नोलोजी को एक समस्या के बजाय एक बड़ी संभावना के रूप में देखते हैं, फिर भी उन्होंने चेताया कि अगर इसका सही तरीके से उपयोग नहीं किया गया तो यह सबसे बड़ी समस्या बन सकती है। एक उचित नोट पर बातचीत को विराम देते हुए, श्री राजीव चन्द्रशेखर ने आई.टी. एक्ट मे सुधार करने की अत्यावश्यकता पर जोर दिया, ताकि उसका महत्व, तेज़ी से विकसित हो रहे डिजिटल युग में बना रहे।

भारत बायोटेक के अध्यक्ष और एम.डी. डॉ. कृष्णा एला ने अपनी उद्यमी यात्रा के बारे में खुलकर बताया। उन्होंने अपने किसान माता-पिता से उद्यमिता के गुण सीखने से लेकर, अपने नेतृत्व मे बायोटेक को आगे बढ़ाने और पूर्वनिर्माण से COVAXIN वैक्सीन के विकास तक का सफर याद किया। अपने संवाद के दौरान, उन्होंने पूंजी-क्षमता, सहजबोध वाली लीडरशिप, दूसरों की मदद करने की इच्छा और अटूट सकारात्मकता के साथ मज़बूत व्यावसायिक नींव बनाने के महत्व पर ज़ोर दिया ।

डॉ. एला ने प्रतिभागियों को समस्या को सरल तरीके से समझने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि उपयोगी समाधान उन तक पहुँच सके। ‘किसी भी समस्या के बारे में सरल भाषा में सोचें - आपको दुनिया का सबसे अच्छा समाधान मिलेगा।’ उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय बायोफार्मास्युटिकल क्षेत्र में भारत बायोटेक की अग्रणी भूमिका पर भी ज़ोर दिया, जिसके तहत कोविड वैक्सीन ग्रामीण भारत, अफ्रीका और उसके भी आगे तक पहुँची। अंत में उनका नजरिया, ‘हर बच्चा हमारा बच्चा है,’ श्रोताओं के मन को छू गया और इस तरह उन्होंने सबको प्रेरित किया।

दूसरे दिन प्यूमा इंडिया के पूर्व प्रबंध निदेशक और वर्तमान में एजिलिटास के सी.ई.ओ. अभिषेक गांगुली ने भारत में सबसे बड़ा स्पोर्ट्स ब्रांड बनाने की अपनी महत्वाकांक्षी यात्रा शुरू की है। सत्र के दौरान उन्होंने भारत की खेल संस्कृति में योगदान देने के प्रति अपने अटूट जुनून और पूरी दुनिया में भारतीय खेल ब्रांडों की छवि को बदलने के अपने इरादे को व्यक्त किया। गांगुली ने कंपनी की संस्कृति पर अपने नज़रिए को स्पष्ट किया। उन्होंने एक ऐसा माहौल बनाने के महत्व पर जोर दिया जहाँ टीम में हर किसी को सफ़ल होने का मौका मिले। इस तरह से एक प्रभावशाली संगठन की जरूरत पर जोर दिया जो हर किसी के योगदान को महत्व देता हो।

जब बातचीत ब्रांड इनोवेशन की ओर बढ़ी, तो गांगुली ने एक दिलचस्प नज़रिया पेश किया। उन्होंने कहा, ‘उत्पाद कारखाने में बनते हैं, लेकिन ब्रांड उपभोक्ताओं के दिमाग और दिल में बनते हैं।’ यह गांगुली के इस विश्वास को दर्शाता है कि सच्चा ब्रांड इनोवेशन और ग्राहक संतुष्टि केवल गुणवत्तापूर्ण उत्पाद बनाने के बारे में नहीं है, बल्कि ब्रांड की एक मजबूत और भरोसेमंद छवि बनाने के बारे में भी है। यह मूल्यवान नज़रिया प्यूमा इंडिया के नेतृत्व के दौरान हुए उनके अनुभव से उपजा था।

ओला के संस्थापक, भाविश अग्रवाल ने सद्‌गुरु के साथ बातचीत की, जहां उन्होंने भारत में इलेक्ट्रिक वाहन के प्रवेश में उल्लेखनीय वृद्धि और उद्यमियों के लिए इससे पैदा होने वाले पर्याप्त अवसरों पर चर्चा की। अग्रवाल, जो भारत में आवागमन में क्रांति लाने के लिए जाने जाते हैं, अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) को भारतीय लोकाचार के अनुरूप बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

भाविश अग्रवाल ने भारतीय आदर्श बनाने की अपार क्षमता पर प्रकाश डाला जो ए.आई. के क्षेत्र में हलचल मचा सकता है। उन्होंने भारत के नागरिकों की ख़ास ज़रूरतों को पूरा करने के लिए मौज़ूदा तकनीक को अपनाने पर जोर दिया, अपनी गहरी जड़ों वाली संस्कृति के कारण वैश्विक नवाचार में भारत की श्रेष्ठता को स्वीकार करते हुए, जो बिना रूढ़िवादिता के खोजने की आदत को प्रोत्साहित करती है। भाविश अग्रवाल का मानना ​​है कि देश की मूल्य- व्यवस्था  सफलता के लिए विशाल संभावनाएं खोलती है।

सद्‌गुरु ने अग्रवाल के विचारों पर बात करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की प्रकृति के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि यह मूल रूप से ‘ऑटोमैटिक कंप्यूटिंग’ है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे कंप्यूटर ऐसे कार्यों को संभालते जा रहे हैं, इससे इंसानों के लिए अपनी क्षमता और अपनी बुद्धि को, ऊँचे आयामों को हासिल करने में इस्तेमाल करने का अवसर बढ़ रहा है। इसके अलावा उन्होंने यह भी अनुमान लगाया कि ए.आई. का विकास तकनीक से जुड़े उत्साही लोगों की कल्पना से कहीं अधिक तेज़ होगा, जो आख़िरकार मानव जाति यानी 'ह्यूमन बीइंग' को 'बीइंग' होने के महत्व को समझने के लिए प्रेरित कर सकता है।

कैरेटलेन के संस्थापक मिथुन सचेती ने अपने माता-पिता द्वारा आभूषण व्यवसाय में शिक्षा प्राप्त करने से लेकर उद्योग में अपनी पहचान बनाने तक की अपनी प्रेरणादायक यात्रा साझा की। 75 लाख रुपये की मामूली राशि से शुरुआत करते हुए सचेती ने कैरेटलेन को एक ऑनलाइन ज्वैलरी मार्केटिंग व्यवसाय के रूप में स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें 5,000 करोड़ रुपये की अभूतपूर्व कमाई हुई।

उन्होंने कहा कि उनकी सफलता की कुंजी सही सलाहकारों से समय पर मिली सलाह थी। इसके अलावा, लगातार सफलता बनाए रखने के लिए, उन्होंने एक मजबूत कंपनी-संस्कृति विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। अपने कर्मचारियों को सहकर्मियों में बदलकर, वह एक ऐसे वातावरण को बढ़ावा देते हैं जो सकारात्मक तालमेल और सामूहिक विकास को बढ़ावा देता है।

एक दिलचस्प बैठक में, विनीता ‘हेल्थ और ट्रेसा मोटर्स’ के अध्यक्ष विनोद के. दासारी ने नेतृत्व और प्रतिकूल परिस्थितियों पर अपनी अंतर्दृष्टि साझा की। अपने व्यक्तिगत अनुभवों से प्रेरणा लेते हुए, उन्होंने तनाव और असफलताओं के बीच सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने की सीख दी। अंतर्ज्ञानी कंपनियों के ट्राइएज पर अपने नज़रिए को स्पष्ट करते हुए, उन्होंने अपने सहजबोध से टिप्पणी दी कि एक औसत कंपनी अपने कर्मचारियों के हाथों पर निर्भर करती है, एक अच्छी कंपनी उनके दिमाग पर निर्भर करती है, और एक बड़ी कंपनी उनके दिलों से जुड़ती है।

व्यावसायिक योगदान से अधिक व्यक्तिगत योगदान पर ध्यान केंद्रित करते हुए, विनोद के. दासारी ने हार्दिक विनम्रता और खुशी के साथ, जीवन के परम उद्देश्य में अपना विश्वास व्यक्त किया, जो कि 'देना' है। उन्होंने साझा किया कि व्यवसाय के क्षेत्र में शानदार सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने और उनकी पत्नी ने समावेशी देखभाल को बढ़ावा देने वाले एक गैर-लाभकारी अस्पताल की स्थापना की है। अपने मूल्यों को दोहराते हुए, उन्होंने इस बात पर जोर दिया, ‘यह सही काम है, और हम यही कर रहे हैं।’ इस प्रकार अपने परोपकारी प्रयासों को वे जीवन के वास्तविक उद्देश्य से जोड़ते हैं।

'इनसाइट लीडरशिप इंटेंसिव’ के तीसरे दिन की शुरुआत योग और ध्यान सत्र से हुई । इस दिन प्रगतिशील जानकारी, व्यवसायिक विकास, व्यक्तिगत विकास और हुनर को बढ़ाने के पहलुओं को संतुलित कैसे करना है- इस पर जोर डाला गया।

एक स्फूर्ति से भरे आउटडोर सेशन में, सद्‌गुरु ने कई विषयों पर चर्चा की, जिसमें उद्यमिता और नेतृत्व से लेकर आध्यात्मिकता और नियति तक सब कुछ शामिल था, और जीवन के कुछ गहन सवालों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास को बढ़ावा देने में व्यावहारिकता और संवेदनशीलता के महत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने खुलासा किया कि उद्यमी अक्सर भविष्य की कल्पना में फंस जाते हैं, बल्कि सार्थक प्रगति का रहस्य अपनी वर्तमान स्थिति की सही समझ में निहित है। दीर्घकालिक लक्ष्यों पर ज्यादा ध्यान देने के बदले, बस अगले कदम के महत्व को समझने से कार्य अधिक प्रभावशाली होते हैं।

एक गहरी प्रेरणादायक बातचीत में, 'एक्शन फॉर रूरल रिजुवेनेशन एंड फार्मर्स प्रोड्यूसर्स ऑर्गनाइजेशन' के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वेंकट रासा और ग्रीन कॉलर एग्रीटेक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के सह-संस्थापक और उपाध्यक्ष हेमा अन्नामलाई ने किसान उत्पादक संगठन (एफ.पी.ओ.) के साथ काम करने के बारे में अपने मूल्यवान अनुभव और अंतर्दृष्टि साझा की।

भारत के किसानों के जीवन और अवसरों को बढ़ाने के प्रति वेंकट रासा की गहन प्रतिबद्धता की जड़ें उनके दादा के भूमि-प्रेम से जुड़ी हैं। उन्होंने उन किसानों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया जो एफ.पी.ओ. का हिस्सा बनने के लिए स्वेच्छा से अपना सबकुछ अर्पित करते हैं। हालाँकि, बातचीत केवल उनके काम पर केंद्रित नहीं थी, बल्कि इस बात पर भी चर्चा हुई कि कोई भी व्यक्ति एफ.पी.ओ. को अपना समर्थन कैसे दे सकता है।

हेमा और वेंकट दोनों ने कृषि-तकनीकी उद्योग से जुड़ने के महत्व को स्पष्ट किया। उन्होंने सुझाव दिया कि यह क्षेत्र न केवल व्यावसायिक सफलता का वादा करता है बल्कि किसानों के लिए मूल्यवर्धन भी सुनिश्चित करता है। खेती की प्रक्रिया में गुणवत्तापूर्ण इनपुट की पेशकश करके, समर्थक न केवल किसान बल्कि पूरी मानवता की भलाई में योगदान दे सकते हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसान न केवल जीवित रहें बल्कि फलें-फूलें - एक ऐसा दृष्टिकोण जो एफपीओ के साथ उनके अथक काम के केंद्र में है।

जब इनसाइट 2023 समापन पर पहुंचा, तो प्रतिभागियों ने प्रतिष्ठित अतिथियों की उनके ज्ञान, स्पष्ट अंतर्दृष्टि, हास्य और उनके प्रेरक संदेशों के लिए अत्यधिक सराहना की। इसमें राजीव चन्द्रशेखर, डॉ. कृष्णा एला, भाविश अग्रवाल, अभिषेक गांगुली, विनोद दासारी, मिथुन सचेती और जाहिर है सद्‌गुरु शामिल थे।