चर्चा में

कैसे संभव हुई नेपाल में देवी की प्राण-प्रतिष्ठा - एक रोचक किस्सा

मिलिए नीलम पांडे से, एक समर्पित वालंटियर, जिन्होंने लिंग भैरवी मंदिर के निर्माण के लिए काठमांडू नेपाल में स्थित अपने आबाद घर को दान में देने का ऐसा फैसला लिया जिसने उनका जीवन बदल दिया। नीलम की साधना, भक्ति और पूर्णता की असाधारण यात्रा का आप भी आनंद लीजिए और जानिए कि ऐसा क्या था जिसने उन्हें ऐसी भेंट करने के लिए प्रेरित किया। उनके समर्पण की तीव्रता, सद्‌गुरु के साथ उनकी बातचीत और उस अद्भुत रूपांतरण से आप भी रूबरू होइए और जानिए कि कैसे उनका घर सभी के लिए एक पवित्र स्थान बन गया।

पहली झलक से लेकर सद्‌गुरु से पहली दीक्षा तक

नमस्ते मेरा नाम नीलम पांडे है और मैंने लगभग अब तक का अपना पूरा जीवन काठमांडू में बिताया है। सद्‌गुरु की पहली झलक मैंने एक यूट्यूब वीडियो में देखी थी। जिस क्षण मैंने उनकी बातें सुनीं, उसी क्षण मुझे लगा की जैसे गुरु को मैं ढूंढ रही थी, वह यही हैं। मैं बहुत सारे गुरुओं के पास गई हूँ, बौद्ध और हिंदू दोनों ही। लेकिन मैंने अपने जीवन में जो कुछ भी किया, मुझे यही लगता था कि यह वह नहीं है जो मैं चाहती हूँ।

मैं कुछ और ढूंढ रही थी। मुझे नहीं मालूम था कि वह क्या है लेकिन मैं यह जानती थी कि वह कुछ ऐसा था जो सुंदर था, बिल्कुल सही था और पूर्ण था। एक मित्र की सलाह पर मैंने जनवरी 2015 में आश्रम में होने वाले इनर इंजीनियरिंग रिट्रीट के लिए रजिस्ट्रेशन किया।

इनर इंजीनियरिंग कोर्स करने के बाद मुझे लगा कि मैं जीवित हो गई हूँ।

मैं वहाँ अपनी छोटी बेटी के साथ गई थी। मुझे यह भी नहीं पता था कि मुझे वहाँ से उम्मीद क्या है। लेकिन इनर इंजीनियरिंग कोर्स करने के बाद मुझे लगा कि मैं जीवित हो गई हूँ। मेरे भीतर कुछ प्रज्वलित हो गया था। मैंने पाया कि जीवन को देखने की एक नई नज़र मुझे मिल गई है।

मैं एक लाइफस्टाइल स्टूडियो चलाती थी, जिसमें बहुत सारा रचनात्मक काम होता है। मैं रात दिन काम किया करती थी, सिर्फ इसलिए कि मैं इतना पैसा कमा सकूं ताकि हर चीज आसानी से हो सके - कर्मचारियों को समय पर वेतन दे सकूं और इसी तरह की दूसरी चीज़ें ठीक से हो सकें।

खड़े होने और बोलने का साहस

सद्‌गुरु की बात सुनने और इनर इंजीनियरिंग रिट्रीट के बाद मुझे बहुत सुकून का अनुभव हुआ। मेरे भीतर अचानक से एक तरह की स्थिरता आ गई थी। स्थिरता हमेशा से मौजूद थी, लेकिन मैं अपनी ज़िम्मेदारियों की वजह से कभी इसे महसूस ही नहीं कर पाई।

इनर इंजीनियरिंग रिट्रीट के बाद हमें सद्‌गुरु का दर्शन मिला। जो भी मैंने पाया उसके लिए मेरे मन में बहुत आभार था। मैं सद्‌गुरु को यह बताने के लिए खड़ी हुई कि नेपाल के लोगों को उनकी जरूरत है और मैंने पूछा कि क्या नेपाल में एक केंद्र खोलना संभव है। मैंने कहा कि मैं एक आम नागरिक हूँ, लेकिन मेरे पास इतना साहस और शक्ति है कि इस काम में मदद के लिए जो भी संभव होगा मैं करूँगी।

जो भी मैंने पाया उसके लिए मेरे मन में बहुत आभार था। मैं सद्‌गुरु को यह बताने के लिए खड़ी हुई कि नेपाल के लोगों को उनकी जरूरत है

सद्‌गुरु हँसे और उन्होंने कहा कि उन्हें मेरे साहस पर संदेह नहीं है और वे अगस्त में नेपाल आएंगे और देखेंगे कि क्या किया जा सकता है। अगस्त में हमने नेपाल में सद्‌गुरु के साथ एक सत्संग किया। उन्होंने बताया कि वह किस तरह नेपाल को प्यार करते हैं और हर साल कैलाश ट्रिप के लिए नेपाल आते हैं।

मैंने खुद से एक वादा किया कि मैं नेपाल में इनर इंजीनियरिंग होने के लिए जो भी संभव होगा वह करूंगी। मैंने सचेतन और समर्पित भाव से वॉलिंटियरिंग करना शुरू किया।

तब तक मैं 60 साल की हो चुकी थी और आश्रम के द्वारा कराए जाने वाले सभी कार्यक्रम कर चुकी थी। शून्य से शुरुआत करके धीरे-धीरे 2017 में सम्यमा तक। 2018 में मैं कैलाश यात्रा पर भी गई।

कैसे देवी चुपचाप मेरे जीवन में दाखिल हुईं

2016 में मुझे लगा कि मुझे लिंग भैरवी गुड़ी (सद्‌गुरु द्वारा तैयार किया गया देवी का एक छोटा रूप) को अपने घर लाना है। मैंने उन्हें घर की गलियारे के ठीक सामने रखा, ताकि हर कोई उन्हें देख सके और उनकी उपस्थिति महसूस कर सके। जब से वे घर आईं मेरे जीवन में बहुत सारे बदलाव आने लगे और हम कुछ-कुछ दोस्त जैसे हो गए थे।

मैं हमेशा दूसरों का ख्याल रखती रही थी, लेकिन मुझे लगता था कि मुझे एक माँ की जरूरत है, जिसके साथ मैं यह साझा कर सकूं कि मेरा जीवन कैसा चल रहा है। धीरे-धीरे देवी के साथ मेरा रिश्ता कुछ इसी तरह का बनता गया। रिश्ता कुछ ऐसा बन गया मानो मैं उनको बोल पाती थी कि ‘मेरे पास बहुत सारे काम हैं, तो इस चीज का ख्याल आप रखिए।’ मुझे लगा कि मेरे पास जो कुछ भी था, वह इसलिए था क्योंकि वह मेरे घर आईं थीं। उन्होंने हमारे संघर्ष को सहज बना दिया था।

देवी के आने के बाद मेरे भीतर का वह संघर्ष खत्म हो गया। मुझे लगता है कि वह सबसे बड़ी भेंट थी जो मैंने उनसे पाई। बाहर हमेशा संघर्ष रहा, लेकिन भीतर मैं ज्यादा शांत और स्थिर थी। यह मेरी दिली इच्छा थी कि हर कोई इसका अनुभव कर सके। आप कैसे ऐसी चीज से चूक सकते हैं जिसकी ऐसी तीव्र मौजूदगी हो।

मेरे दिल में ज़बरदस्त चाह थी कि दूसरों के जीवन में भी देवी आएँ। 2017 में सद्‌गुरु की नेपाल यात्रा के अंत में जब हमने उन्हें एयरपोर्ट पर देखा, तो मैंने उनसे पूछा, ‘सद्‌गुरु क्या नेपाल में हमारे पास देवी मंदिर हो सकता है?’ उन्होंने बस मेरी ओर देखा और चले गए।

अगली बार जब सद्‌गुरु नेपाल की यात्रा पर आए थे, मैंने फिर कहा, ‘सद्‌गुरु क्या नेपाल में देवी मंदिर हो सकता है? मैं उसे अपने जीवन-काल में यहाँ देखना चाहती हूँ।’ उन्होंने मुझे बहुत सख्ती से देखा और बोले, ‘क्या आपको लगता है कि आप 2 साल में मर जाओगे?’ और एक बार फिर वह बिना कुछ और बताए चले गए।

मेरे दिल में ज़बरदस्त चाह थी कि दूसरों के जीवन में भी देवी आएँ।

मैं अपने दिल में यह जानती थी कि यह होना है और यह ज़रूर होगा। पहले मुझे यहाँ देवी मंदिर बनाने की पीछे की व्यवस्था और बाकी सभी चीजों का अहसास नहीं था। अब जब देवी यहाँ हैं, तब मुझे अहसास हुआ कि सद्‌गुरु ने यहां मंदिर बनाने के मेरे अनुरोध को तुरंत स्वीकार क्यों नहीं किया था।

जब सही समय होता है तो देवी आती हैं

सितंबर 2021 में जब सद्‌गुरु नेपाल आए, मैं बड़ी गहराई से अपने अभ्यास कर रही थी और देवी मेरे जीवन का एक बड़ा हिस्सा थीं। मैं एक ऐसी स्थिति में थी जहाँ मुझे सद्‌गुरु से मिलने की जरूरत भी नहीं लगती थी। मुझे अनुभव होता था कि वह मेरे भीतर हैं और यदि वे चाहेंगे तो मुझे बुला लेंगे।

सद्‌गुरु की नेपाल यात्रा के अंतिम दिन माँ गंभीरी ने मुझे फ़ोन किया और कहा, ‘सद्‌गुरु आपसे मिलना चाहते हैं।’ मैं भागकर होटल गई जहाँ वे ठहरे हुए थे। शुरुआत में हमने साधारण चीजों के बारे में बातें की फिर अचानक मैं बोल पड़ी, ‘सद्‌गुरु क्या मैं अपना घर देवी मंदिर बनाने के लिए भेंट कर सकती हूँ?’ उन्होंने मेरी ओर देखा और कहा, ‘कितने लंबे समय से आप वहाँ रह रही हैं?’ मैंने कहा, ‘लगभग 30 साल सद्‌गुरु। मैंने थोड़ा-थोड़ा करके  इसे बनाया है और अब मैं इसे देवी मंदिर के लिए भेंट करना चाहती हूँ।’

सद्‌गुरु ने पूछा, ‘क्या घर से आपका लगाव नहीं है?’ मैंने कहा, ‘सच कहूँ तो नहीं। मैं वहाँ के पेड़ पौधों से जुड़ी हुई हूँ, क्योंकि हर किसी की अपनी एक कहानी है।’

सद्‌गुरु ने पूछा, ‘देवी ही क्यों?’ मैंने कहा, ‘मेरी प्राथमिकता देवी हैं? लेकिन आप जो कहेंगे मैं वही करूंगी।’ फिर उन्होंने मुझे देखा और कहा, ‘तुम कहां रहोगी?’ पास में खड़ी मेरी भतीजी ने कहा, ‘वह ऊपर रह लेंगी।’ मैंने कहा, ‘मैं देवी मंदिर के ऊपर नहीं रहूंगी।’ मैंने कहा, ‘जब तक मैं अपना कुछ नहीं बना लेती, मैं किराए की जगह पर रह लूंगी। लेकिन मैं अपना घर भेंट करना चाहूँगी सद्‌गुरु।’

वह थोड़ी देर चुप रहे उसके बाद उन्होंने दिनेश अन्ना से मेरे साथ मेरे घर जाने को और उसे देखने, कुछ तस्वीरें खींचकर लाकर उन्हें दिखाने को कहा। दिनेश अन्ना आए उन्होंने चारों ओर देखा। कुछ तस्वीरें ली। वह उस स्थान के अपने अनुभव से बड़े भावुक हो गए थे। मुझे लगता है इसका कारण यह था कि उस स्थान पर हमेशा से ही प्रार्थना होती रही थी। जब यह घर बन रहा था तब से ही मैं उसे बाक़ी लोगों के साथ साझा करना चाहती थी, और शायद यही वह भाव था जिसे दिनेश अन्ना ने महसूस किया था। 

एक स्थान पोषण और शांति का

1990 में जब मैंने घर बनाना शुरू किया था, एक संकल्प लिया था कि जब भी मैं घर बनाऊंगी वह ऐसा होना चाहिए जहां आकर लोग अपना बोझ उतार सकें। एक छोटी सी आरामगाह। एक ऐसी जगह जहाँ आने वालों को लगे कि यहाँ उनकी देखभाल की जाती है, उनकी परवाह की जाती है।

इस संकल्प ने मुझे साल दर साल आगे बढ़ाया। जो छोटी सी वेदी हमारे पास थी, मैं यह सुनिश्चित करती थी कि उस पर ढेर सारी प्रार्थना, धूप और प्रसाद अर्पण हो। अगले कुछ सालों में वहाँ प्रार्थना और पूजा कई गुना बढ़ गई। 2017 में मैं सद्‌गुरु सन्निधि घर ले आई। तब तक मेरे पास ध्यान के लिए अपना एक अलग कमरा हो गया था। बच्चों को हमेशा जीवन को श्रद्धा की दृष्टि से देखने की शिक्षा देती थी और उन्हें नियमित रूप से ध्यान और योग करने के लिए प्रेरित करती थी। उस समय तक मेरे घर के हर सदस्य ने इनर इंजीनियरिंग कर लिया था।

जब मैं चीजों को घटित होते हुए देख रही हूँ, मुझे लगता है कि यह तो हमेशा से देवी का स्थान था, मैं केवल केयरटेकर थी, जो उनके आने का इंतज़ार कर रही थी।

हमने यहाँ पहले से ही एक ऐसा वातावरण बना रखा था जो आम स्थान की तुलना में अधिक पवित्र था। अब जब मैं चीजों को घटित होते हुए देख रही हूँ, मुझे लगता है कि यह तो हमेशा से देवी का स्थान था, मैं केवल केयरटेकर थी, जो उनके आने का इंतज़ार कर रही थी।

ऐसा नहीं है कि इससे परिवार में किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। मेरी बेटी को उसके आठ कुत्तों के साथ दूसरी जगह ले जाना आसान नहीं था। वह इस बगीचे और इस तरह की चीजों के बहुत आदी थे। उसने मुझसे पूछा, ‘हम कहाँ जाएंगे?’ हमने किराए पर घर की तलाश शुरू कर दी, जहाँ सब कुछ फिट हो जाए, ख़ासतौर पर वहाँ कुत्तों के लिए भी पर्याप्त जगह हो। थोड़ी तलाश के बाद हमें मनमुताबिक जगह मिल गई जो देवी की ओर से उपहार की तरह ही है। हमें अपने आराम के लिए जो भी चाहिए था वह सब यहाँ था। यहाँ धूप है, रोशनी है और ताजी हवा है, खुला नीला आसमान है और एक करुणामय मकान मालिक हैं। हमारे पास भले ही कमरे और जगह कम है, लेकिन जितना है उतना पर्याप्त है। हमारी ज़रूरतों के लिए काफ़ी है, जब तक कि हम अपना नया मकान नहीं बना लेते (जिसका मैंने अपनी बेटी से वादा किया है)। लेकिन वह एक अलग कहानी है।

हमें अपने फैक्ट्री के लिए भी जगह मिल गई ताकि हम अपना क्रिएटिव वर्क जारी रख सकें। जगह सीमित है, लेकिन काम जारी करने के लिए काफ़ी है। सद्‌गुरु ने भी मुझे प्रेरित किया कि मैं अपनी रचनात्मक यात्रा जारी रखूँ।

मैं अपना घर क्यों भेंट करना चाहती थी

एक तरफ जहाँ लोग अक्सर आध्यात्मिकता के प्रति काफी श्रद्धा भाव रखते हैं, दूसरी ओर आजकल बहुत सारे बाहरी प्रभाव भी हैं। नई पीढ़ी बहुत भ्रमित है, जिसकी वजह सोशल मीडिया और पश्चिम का आकर्षण है। जिन मूल्यों के साथ हम बड़े हुए हैं वे दूसरों से बेहतर बनने की होड़ में तेजी से खोते जा रहे हैं।

इसलिए मैंने सोचा कि क्यों न देवी को इन्हें गाइड करने दें जो अपनी कृपा से इन्हें जमीन से जोड़कर भी रख सकती हैं। लोगों को एक बड़ी वास्तविकता से परिचित कराने की दिशा में यह एक छोटा सा कदम होगा।

7 सालों तक स्वयंसेवा करने के बाद मुझे महसूस हुआ कि हालाँकि ईशा के सभी साधक दिल से चाहते हैं कि यहाँ कुछ हो, लेकिन किसी को यह समझ नहीं आ रहा था कि शुरुआत कहाँ से की जाए।

दिसंबर-2021 में, मेरे पहले अनुरोध के 6 सालों बाद, मंदिर के लिए पहली बार सद्‌गुरु के साथ गूगल मीट हुई, जब सद्‌गुरु ने आख़िरकार हमें बताया कि हमारे पास नेपाल में देवी मंदिर होगा। प्राण-प्रतिष्ठा की तारीख 7 मार्च 2023 तय की गई थी। भारत से बाहर यह पहला देवी मंदिर होने जा रहा था। सद्‌गुरु ने कहा था कि यह मंदिर सिर्फ़ नेपालियों द्वारा बनाया जाएगा जो नेपाली शिल्प-कला का प्रतिनिधित्व करेगा।

निर्माण के दौरान, हमने आश्रम के विशेषज्ञों की एक टीम के साथ काम किया। उन सभी को और समर्पित नेपाल टीम को मेरा हार्दिक धन्यवाद जिन्होंने इस अद्भुत स्थान को बनाने में मदद की।

निवास स्थान से देवी-स्थान तक

मैं हर शाम मंदिर जाने की कोशिश करती हूँ ताकि शाम के अभिषेक के लिए वहाँ मौजूद रह सकूँ। जब भी मैं आती हूँ, बच्चों की तरह बाहर जूते गिनती हूँ कि कितने लोग अंदर आए हैं। जब मंदिर लोगों से खचाखच भरा होता है तो मुझे बड़ी तृप्ति का एहसास होता है।

मुझे लगता है कि यह मेरे लिए जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद है।

कई लोग इतने मंत्रमुग्ध होते हैं कि वे मंदिर में घंटों बैठे रहते हैं। बहुत लोग कहते हैं कि इस जगह में कुछ ऐसी ऊर्जा है जो आपको स्पर्श करती है और ध्यान में मदद करती है। वे कहते हैं जब वे शहर के शोर से यहाँ आते हैं तो यह एक ओएसिस की तरह लगता है।

मुझे लगता है कि यह मेरे लिए जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद है। मैं सभी आयु वर्ग के और समाज के हर तबके के लोगों को यहाँ देखती हूँ जो दुनिया के हर कोने से आए होते हैं।

मैं वास्तव में सद्‌गुरु की आभारी हूँ कि उनकी वजह से देवी की कृपा का आनंद लेना हमारे लिए संभव हो पाया, साथ ही मंदिर के रखरखाव और संचालन के लिए जो उनका सहयोग मिला उसके लिए भी मैं उनकी आभारी हूँ। हमें अधिक लोगों को ट्रेंड करने की आवश्यकता है, और हमें इस स्थान के बारे में जानने के लिए अधिक लोगों की आवश्यकता है। हमें मंदिर की देखभाल के लिए अधिक स्वयंसेवकों और स्थानीय वैरागिनी माँओं की भी आवश्यकता है ताकि हम इसे एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को सौंप सकें।

अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है...

मेरे दिल में गहरी आशा है कि यह भेंट गूंजेगी और दुनिया भर के अन्य साधकों को आगे आने और मेरे साथ शामिल होने के लिए प्रेरित करेगी ताकि हम सभी मिलकर सद्‌गुरु के उस मिशन में अपना योगदान दे सकें, जिसमें सद्‌गुरु दुनिया भर में यथासंभव अधिक से अधिक स्थानों को प्रतिष्ठित करना चाहते हैं।