खेल - जिंदगी की कामयाबी के लिए
खेलों का मतलब हम मनोरंजन का या अधिक से अधिक बेहतर सेहत का एक साधन समझ लेते हैं। लेकिन सद्गुरु बता रहे हैं कि खेल ना केवल जिंदगी की कामयाबी के रास्ते खोलते हैं, बल्कि आध्यात्मिक तरक्की में भी मदद करते हैं।
![](https://static.sadhguru.org/d/46272/1633185020-1633185019440.jpg)
आप अपनी जिन्दगी के किसी भी क्षेत्र में कितने कामयाब हैं, यह मुख्य रूप से सिर्फ इस बात पर निर्भर करता है कि आप अपने शरीर और अपने दिमाग को कितना काम में ला सकते हैं। और खेल उसकी एक सीधी अभिव्यक्ति है।
Subscribe
मेरे लिए खेल का मतलब है अपने शरीर और दिमाग को बहुत ही बेहतरीन और सूक्ष्म तरीके से इस्तेमाल करना। अगर आप फ्रिस्बी को ठीक से फेंकना चाहते हैं, तो उसमें भी काफी विज्ञान समाया हुआ है। लोग भले ही संयोग से कभी-कभार उसे सही फेंक सकते हैं, लेकिन बात वह नहीं है। हर बार उसे वैसे फेंकना जैसा आप चाह रहे हों, इसके लिए बहुत कुछ करने की जरूरत होती है। गोल्फ के बारे में भी मुझे यही अच्छा लगता है। उस छोटी सी गेंद को सही जगह में डालने के लिए दिमाग और शरीर को काफी संतुलित और एकाग्र करना पड़ता है। आप अपनी जिन्दगी के किसी भी क्षेत्र में कितने कामयाब हैं, यह मुख्य रूप से सिर्फ इस बात पर निर्भर करता है कि आप अपने शरीर और अपने दिमाग को कितना काम में ला सकते हैं। और खेल उसकी एक सीधी अभिव्यक्ति है।
मुझे हमेशा अपने शरीर और मन को बहुत गहन और सूक्ष्म तरीके से इस्तेमाल करना पसंद रहा है। जरा देखिए, जब बाईस लोग फुटबॉल का खेल खेल रहे होते हैं, तो दुनिया भर के अरबों लोग उत्तेजित हो जाते हैं। क्या ऐसा कहीं और हो सकता है? अगर आप मनोरंजन के दूसरे साधनों को देखें, सिनेमा को ही ले लीजिए, लोग सिनेमा में हर तरह की चीजें डालते हैं लेकिन फिर भी वह आधे लोगों को भी उत्साहित नहीं करता। लेकिन फुटबॉल जैसा खेल दुनिया के करोड़ों लोग को जोश और उत्तेजना से भर देता है, लोग पागल हो जाते हैं और इसकी वजह है इस खेल में खिलाड़ियों की जबरदस्त तीव्रता और उनकी भागीदारी। भागीदारी के बिना कोई खेल नहीं खेला जा सकता। चाहे वह किसी तरह का खेल हो, आप आधे मन से उसे नहीं खेल सकते। यह उसकी सबसे अच्छी बात है। आप अपने काम पर आधे मन से जा सकते हैं, आप अपनी शादी को भी आधे मन से निभा सकते हैं, लेकिन आप खेल को कभी आधे मन से नहीं खेल सकते। आप खुद को उसमें झोंक दें, वरना कोई खेल नहीं होगा, वह एक यातना होगी।
अंग्रेजी की इस उक्ति ‘आर यू गेम’ का मतलब यही है कि ‘क्या आप जीवन के लिए तैयार हैं?’ कोई खेल खेलना या खेलों में होना शारीरिक और मानसिक दोनों रूपों में एक स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है। मैं यहां तक कहना चाहूंगा कि आध्यात्मिक प्रक्रिया के लिए भी यह महत्वपूर्ण है कि हम जानें कि कोई खेल कैसे खेला जाता है।