घटनाक्रम

सद्‌गुरु के साथ एक सफ़र

पिछले कुछ हफ़्तों की गतिविधियों पर एक नज़र

मिट्टी बचाओ अभियान का पूरा हुआ एक साल

21 मार्च

‘मिट्टी बचाओ’ अभियान की यात्रा एक साल पहले शुरू हुई थी, जिसमें लोगों को जागरूक करने, उनकी भागीदारी बढ़ाने, और सरकारों को जल्द योजनाएँ बनाने को तत्पर करने के लिए सद्‌गुरु ने केवल 100 दिनों में 27 देशों की 30000 किमी लम्बी मोटरसाइकिल यात्रा की थी। उसके ठीक एक साल बाद सद्‌गुरु ने इस अभियान के प्रभाव को बताते हुए एक ट्वीट करके कहा, ‘एक साल पहले इसी दिन हमने ये अभियान लन्दन से शुरू किया था। उन लाखों लोगों का शुक्रिया जिन्होंने अपना दिल और अपने हाथ इस अभियान में लगाकर इसे धरती का अब तक का सबसे बड़ा जन-अभियान बनाया। उन सभी देशों को बधाई एवं शुक्रिया जिन्होंने मिट्टी को बचाने के लिए योजनाएँ बनानी शुरू कर दी हैं। यह समय की सबसे बड़ी ज़रूरत है कि हम मिट्टी को फिर से जीवित करें और उसमें सूक्ष्म जीवन को फिर से बढ़ाएँ जिससे संपूर्ण जीवन की सुरक्षा और खुशहाली को सुनिश्चित किया जा सके।’

उत्तरी अमेरिका के मेयरों ने अभियान के महत्व को स्वीकार करते हुए 40 से ज्यादा घोषणाओं द्वारा 21 मार्च को ‘मिट्टी बचाओ दिवस’ के रूप में घोषित किया। ये कार्यक्रम अब वाशिंगटन डी सी, एडमोंटन, कैलगरी, शार्लोट, सिनसिनाटी, इंडियानापोलिस, रेनर और सैन रेमोन जैसे बड़े शहरों में भी मनाए जा रहे हैं।

सद्‌गुरु को टेरी का वॉटर चैंपियन पुरस्कार

21 मार्च

ऊर्जा एवं संसाधन संस्थान (TERI) के द्वारा ‘वाटर सस्टेनेबिलिटी अवार्ड’ के लिए सद्‌गुरु के योगदान को सराहते हुए उन्हें ‘वॉटर चैंपियन पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार उनके पर्यावरण सम्बंधित कार्यों जैसे ‘प्रोजेक्ट ग्रीन हैंड्स,’ रैली फॉर रिवर्स, और ‘कावेरी कॉलिंग’ के लिए दिया गया जिसके द्वारा हरियाली बढ़ाने, भारतीय नदियों को पुनर्जीवित करने और मिट्टी के स्वास्थ्य को बेहतर करने के प्रयास किए गए। टेरी के द्वारा ‘वाटर सस्टेनेबिलिटी अवार्ड’ संयुक्त राष्ट्र के जल सम्बंधी ‘सस्टेनबल डेवलप्मेंट ग़ोल्स’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिए जाते हैं ।

मुंबई में नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र के उद्घाटन में सद्‌गुरु

31 मार्च

सद्‌गुरु को मुंबई में नीता मुकेश अम्बानी के सांस्कृतिक केंद्र के उद्घाटन में आमंत्रित किया गया जहां नीता और मुकेश अंबानी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस नवीन केंद्र के महत्व के बारे में बोलते हुए सद्‌गुरु ने कहा, ‘भारत कला, संगीत और विभिन्न कला विधाओं में बहुत संपन्न है लेकिन हम आर्थिक अभावों में फंसे रहे हैं। अब आर्थिक स्थितियां बेहतर हो रही हैं तो कला और संगीत ऊपर उठ रहे हैं। तो मुंबई में इस तरह का केंद्र इन चीज़ों को ऊपर लाने के लिए सचमुच एक वरदान है। ये बहुत बढ़िया है कि नीताजी ने इसे बनाने में अपना हृदय और आत्मा लगाई है।

इस समारोह में भारतीय मनोरंजन जगत की बड़ी हस्तियाँ जैसे प्रियंका चोपड़ा, शाहरुख़ खान, आलिया भट्ट और रणवीर सिंह और साथ ही विश्व के सितारे एवं हस्तियाँ जैसे गीगी हदीद, टॉम हॉलैंड, जेन डाया और पेनेलोप क्रूज़ भी शामिल हुए। खेल, व्यापार आदि जैसे अन्य क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियाँ भी मौजूद थीं।

बेंगलुरु सद्‌गुरु सन्निधि में सद्‌गुरु का पहला दर्शन

3 अप्रैल

अपने क्षेत्र में होने वाले सभी कार्यक्रमों और गतिविधियों के लिए उत्साहित पूरे बेंगलुरु के स्वयंसेवक, बेंगलुरु सद्‌गुरु सन्निधि में सद्‌गुरु के प्रथम दर्शन के लिए इकठ्ठा हुए। सद्‌गुरु ने इस बारे में बात की कि कैसे वर्तमान पीढ़ी समझने से कहीं ज़्यादा महत्व अभिव्यक्त करने को दे रही है। सद्‌गुरु ने कहा कि जब आपका बोध आपकी अभिव्यक्ति से कहीं ज़्यादा बड़ा होगा तो आप अपने कार्मिक बोझों को कम करना शुरू कर देंगे ।

अनन्या बिड़ला का सद्‌गुरु के साथ संवाद

6 अप्रैल

नई दिल्ली में ‘इकनोमिक टाइम्स इंडिया लीडरशिप कौंसिल’ में सद्‌गुरु का साक्षात्कार लेते हुए अनन्या बिड़ला ने मृत्यु, पुनर्जन्म, जेन-ज़ेड और नेतृत्व के सार-तत्व के बारे में बात की। सद्‌गुरु ने इन सभी मुद्दों पर अपने चिरपरिचित अन्दाज़ में स्पष्टता के साथ मजाकिया लहजे में जवाब दिया। उनके उत्तर मज़ेदार चुटकुलों और दिलचस्प किस्सों से भरे थे।

दिल्ली में G20 गोल्फ टूर्नामेंट में सद्‌गुरु

7 अप्रैल

सद्‌गुरु ने दिल्ली गोल्फ क्लब में G-20 गोल्फ टूर्नामेंट का शुभारम्भ किया जिसमें G-20 के वरिष्ठ राजनयिक, सरकारी अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। ये समारोह भारत को उभरते गोल्फ पर्यटन की तरह बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत की एक साल की  G-20 अध्यक्षता - ‘एक धरती–एक परिवार–एक भविष्य’ - के उपलक्ष्य में शुरू किया गया। ये अध्यक्षता 1 दिसम्बर 2022 से शुरू हुई थी।

FICCI एफ.एल.ओ. में जागरूक धरती विषय पर सद्‌गुरु ने संबोधित किया  

7 अप्रैल

फेडेरेशन ऑफ़ इंडियन चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) की महिला शाखा एफ.एल.ओ. के सदस्यों को संबोधित करते हुए सद्‌गुरु ने कहा कि इस दुनिया की एक मात्र समस्या अचेतन इंसान है और अगर हम अच्छी तरह से जीना चाहते हैं तो दुनिया को रूपांतरण के साधन दिए जाने की तत्काल ज़रूरत है।

एशियाई अमेरिकी होटल ओनर एसोसिएशन में सद्‌गुरु का संबोधन

14 अप्रैल

सद्‌गुरु को एशियाई अमेरिकी होटल ओनर एसोसिएशन के सम्मलेन-2023 में संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया गया जहां उन्होंने, ‘अतीत का आदर करते हुए मजबूत भविष्य रचना’ विषय पर बात की, और जोर देकर कहा कि इसका एक मात्र तरीका है हर एक मनुष्य में चेतना को बढ़ाना।

लॉस एंजिल्स में स्वयंसेवकों की सद्‌गुरु से मुलाकात

14 अप्रैल

सद्‌गुरु ने लॉस एंजिल्स में ईशा के नए केंद्र में स्वयंसेवकों से बातचीत के दौरान प्राण-प्रतिष्ठित स्थानों की ज़रूरत पर जोर दिया और यह भी कहा कि इमारतों को केवल प्रतिष्ठित किया जा सकता है, जबकि इंसान को सचेतन बनाया जा सकता है। उन्होंने एक आध्यात्मिक समुदाय के रूप में एक संघ की ज़रूरत पर भी प्रकाश डाला जो व्यक्ति के लगातार विकास में मददगार साबित होगा।