
कुछ लोगों को विजी (सद्गुरु की पत्नी) के नज़दीक रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। उनमें से कुछ लोग, जिनमें निस्संदेह राधे और सद्गुरु भी शामिल हैं, अपनी यादों और भावनाओं की पोटली से समर्पण, प्रतिबद्धता और उत्साह से भरे कुछ अनमोल पल सबके साथ साझा कर रहे हैं। उनकी दिलचस्प कहानियाँ एक ऐसे व्यक्ति की जीवंत छवि प्रस्तुत करती हैं जिसकी उपस्थिति एक महान आध्यात्मिक अभियान के निर्माण पर, और इसमें शामिल लोगों के हृदय पर एक अद्भुत छाप छोड़ गईं। आइए शामिल होते हैं विजी की उस यात्रा में जो सद्गुरु के साथ एक पति और एक गुरु के रूप में उन्होंने तय की, एक ऐसे सजीव वर्णन के माध्यम से जो भावनाओं से सराबोर और हृदय की गहराई में उतरने वाला है।
सद्गुरु: विजी बचपन में नृत्य (डांस) सीखना चाहती थी। लेकिन उन्हें कभी नृत्य सीखने का अवसर नहीं मिला। वो कहती थीं, ‘अगर मेरी बेटी होती तो मैं चाहती कि वह नृत्य सीखे।’ मैंने कहा, ‘सबसे पहली बात तो तुम्हारी कोई बेटी नहीं है और वह कोई नृत्य भी करने वाली नहीं है।’ ‘नहीं,’ उन्होंने कहा, ‘मैं यह नहीं कह रही कि मुझे कोई बेटी ही होगी। मेरा मतलब है अगर कभी कोई बेटी हुई तो वह निश्चित रूप से डांसर बनेगी।’ मैंने कहा, ‘अच्छा, ऐसे तो वह कुछ भी बन सकती है। चलो एक काल्पनिक बेटी को डांसर बनने दो, वास्तविक बेटी को नहीं।’
गीता कंदसामी: उन दिनों यह कार्यक्रम तेरह दिन का प्रोग्राम होता था। विजी हमेशा क्लास में पीछे ही बैठती थीं। उस समय वो सात महीने की गर्भवती थीं। प्रोग्राम के आखिरी दिन हम भवानी सागर बांध गए थे। जब हम बस से उतरे और बांध पार्क की ओर जाने लगे, तो सद्गुरु ने उन्हें बांध के अंदर की तरफ से चलने को कहा। कभी वो खुद उनके साथ चलते थे, कभी किसी और को उनके साथ चलने को कहते थे ताकि हमेशा कोई न कोई उनके आसपास रहे।
मैंने विजी से कहा, ‘आप क्यों जा रही हैं, आप उनको (सद्गुरु को) बोल दीजिए कि आप नहीं जा सकतीं।’ वह बोलीं, ‘नहीं माँ, मैं मना नहीं कर सकती। उन्हें सब पता है। मैं उनके लिए जा रही हूँ।’ एक शाम हमने विजी को चौंकाते हुए उनके लिए बेबी शावर कार्यक्रम आयोजित किया। वे सचमुच अभिभूत हो गईं और वास्तव में रोने लगीं। हम सभी एक दूसरे से भावनात्मक रूप से जुड़े थे, तो हम सब भी खुद को रोक नहीं सके और रोने लगे। वो क्षण आज भी मेरे मन में वैसे ही ताजा है।
माँ कर्पूरी: जब विजी गर्भवती थीं और उन्हें कभी-कभी उल्टी आती थी तो सद्गुरु अक्सर उसे अपने हाथ में ले लेते थे। इस बात को लेकर विजी बहुत भावुक हो जाती थीं। ये सब छोटी-छोटी बातें थी, लेकिन ये उनके जीवन को तृप्त कर देती थीं। सद्गुरु उनके लिए सब कुछ थे। जब राधे का जन्म हुआ तो ये केवल विजी और सद्गुरु के लिए खुशी का क्षण नहीं था बल्कि उस समय के पुराने साधकों के लिए भी आनंद का क्षण था, मानो हमारे परिवार में एक बच्चे का आगमन हुआ हो।
राधे: एक बार मैंने अपने पिताजी से पूछा कि आपने बच्चे के लिए निश्चय ही क्यों किया जब आप ये स्पष्ट रूप से जानते थे कि आपके जीवन का उद्देश्य क्या है और आप इसे किस दिशा में ले जाना चाहते हैं। ये सोचकर मुझे वाकई हैरानी होती थी कि उनके पास इतना ज्यादा काम है, वे बाइक से इतनी लंबी यात्रा करते हैं, फिर भी उन्होंने बच्चे के लिए निर्णय लिया। फिर मुझे लगा कि मेरी माँ ये चाहती थीं। वे एक घर चाहती थीं और उस घर मे अपने बच्चे और पति के साथ रहना चाहती थीं और इसके लिए उन्होंने ये सब किया।
गीता कंदसामी: जब राधे 90 दिन की भी नहीं थी, तब से वे पूरे कार्यक्रम में उपस्थित रहती थीं। उनके पास बच्चे के लिए या खुद अपने लिए कोई निजी कमरा भी नहीं था। वे हमारे साथ ही रहते थे और बच्चे के लिए कुछ विशेष देखभाल जैसा कुछ भी नहीं था। कभी-कभी कार्यक्रम के दौरान उनके पास खाने के लिए भी कुछ नहीं होता था। कई बार ऐसा होता था कि लोग भोजन देने का वादा करके भूल जाते थे। वे फिर मांगते भी नहीं थे।
माँ गंभीरी: विजी उस समय काम करती थीं। राधे सद्गुरु के साथ यात्रा करती थी और वे उसकी देखभाल करते थे। और इस तरह राधे अलग-अलग परिवारों में बड़ी हुई। मैंने देखा कि वह जिस भी परिवार में जाती थी, उस घर की महिला को ‘अम्मा’ और पुरुष को ‘अप्पा’ कहती थी। वह उन लोगों को अम्मा-अप्पा कहती थी और सद्गुरु उसके लिए ‘जग्गी’ थे।
राधे: उन दिनों सभी उन्हें जग्गी कहते थे - मेरी माँ, स्वयंसेवक और वे लोग जो फाउंडेशन के साथ पूरे समय के लिए जुड़ गए थे। वे सबके मित्र की तरह थे। मुझे लगता है कि मैं ऐसे घर में बड़ी हुई जहाँ सब उन्हें जग्गी कहते थे तो मैं भी उन्हें जग्गी कहने लगी।
मेरे माता पिता का उस समय का एक पुराना फोटो है जब पिताजी ने शेविंग करना छोड़ा नहीं था। उनकी मूँछें थीं और छोटे बाल थे। मैंने होश सँभालने के बाद उन्हें ऐसे कभी नहीं देखा। मैंने उन्हें हमेशा लंबे बाल और दाढ़ी में ही देखा है। ये बात मुझे परेशान करती थी - फोटो में ये आदमी कौन है? तो मैंने अपनी मां से पूछा, ‘ये अंकल कौन हैं जो तुम्हारे कंधे पर हाथ रखकर खड़े हैं?’ उनकी हँसी रुकती नहीं थी और वे कहती थीं, ‘जाकर जग्गी अंकल से पूछो।’ ये बात मुझे बहुत परेशान करती थी।
मां गंभीरी: लेकिन मैंने हमेशा उन्हें एक बहुत ही सावधान और ध्यान देने वाली माँ के रूप में देखा है। फिर भी, सद्गुरु उनके जीवन में जो मायने रखते थे वो और कोई नहीं रखता था, ना तो उनकी माँ, ना उनके पिताजी और ना ही उनकी बेटी।
मुझे एक घटना याद है जब मैं महिलाओं के भाव-स्पंदन कार्यक्रम के लिए स्वयंसेवक के रूप में अलघुमलाई नामक स्थान पर गई थी। महिलाओं का भाव-स्पंदन खत्म होने के बाद अगले ही दिन पुरुषों का भाव-स्पंदन था। इसलिए मैंने सद्गुरु से पूछा, ‘क्या आप आज जाकर कल यहाँ वापस आएँगे?’ उन्होंने कहा, ‘नहीं। यह भाव-स्पंदन कल से ही शुरू हो रहा है। मैं यहीं रहूँगा।’ मैंने कहा, ‘ठीक है,’ और जैसे ही हम बात कर रहे थे, एक साधक आया और बताया कि विजी ने फोन किया था कि सद्गुरु दोनों भाव-स्पंदन के बीच में तिरुपुर शहर आएंगे या नहीं?
जैसे ही सद्गुरु ने सुना कि विजी ने फोन किया था और जानना चाहती थीं कि क्या वो आएँगे, तो वे तिरुपुर शहर बाइक चलाकर गए क्योंकि उस स्थान पर कोई फोन की व्यवस्था नहीं थी जहाँ भाव-स्पंदन कार्यक्रम चल रहा था, विजी को काल किया और वापस कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे जो कि कम से कम एक तरफ से 2 घंटे की दूरी पर था।
राजा: अगर वे नाराज होती थीं तो वह भी सौ प्रतिशत होता था। तब कोई उनके आसपास नहीं जा सकता था।
सद्गुरु: मेरी पत्नी विज्जी कहा करती थीं, ‘एक पल वो सबसे अद्भुत पति हैं, सबसे प्यारे, सबसे शानदार आदमी जिनके साथ जीवन बिताया जा सकता है। अगले ही पल वो एकदम अजनबी से लगने लगते हैं। आपको पता ही नहीं चलता कि यह आदमी कौन है।’ और ऐसे जीवन को जीना आसान नहीं होता।
राजा: एक बार जब कोई कार्यक्रम शुरू होने वाला था, तो सद्गुरु को विज्जी अक्का से कुछ वादा करना पड़ा क्योंकि वो तेरह दिन के लिए बाहर जाने वाले थे। वादा कुछ ऐसा था ‘आप दीक्षा-कार्यक्रम में आना। रात को हम सिनेमा देखने जाएंगे।’ अगर वो अचानक प्लान बदल देते तो विजी अक्का उन्हें छोड़ती नहीं थीं, सद्गुरु को उसकी कीमत चुकानी पड़ती।
मां कर्पूरी: विजी कई परिस्थितियों में सद्गुरु के लिए बड़ा सहारा होतीं थी। जैसे कि मैसूर में जब शुरुआती दिनों में सद्गुरु कार्यक्रम आयोजित करते थे। उस समय वे बैंक में काम करती थीं और सद्गुरु को आर्थिक सहायता देती थीं, जब वे अपने जीवन में इस बहुत बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहे थे।
राजा: एक बार भाव-स्पंदन और सम्यमा में एक नया ध्यान जोड़ने से पहले सद्गुरु एक सप्ताह की साधना में चले गए। इस पूरे समय विजी उनके साथ थीं और उनकी पूरी देख-भाल कर रहीं थी। इसके बाद सद्गुरु ने कोयंबटूर में पहला हठ योग कार्यक्रम आयोजित किया जो कि एक अद्भुत अनुभव था। उस समय विजी ने कहा था, ‘सद्गुरु एक बच्चे जैसे हैं, मुझे हमेशा उनका ख्याल रखना पड़ता है।’
राधे: मैंने कभी ऐसा एक भी क्षण नहीं देखा जब वे अपने आस-पास के लोगों के साथ पूरी तरह जुड़ी हुई न हों। और इसमें केवल जग्गी या मैं ही शामिल नहीं थे कि हम एक परिवार हैं, बल्कि वे हर किसी के साथ ऐसी ही थीं। वे जिससे भी मिलती थीं, उस समय वे पूरी तरह से उनके साथ होती थी और उनके लिए भावुक होती थीं।
स्वामीनाथन: एक मजेदार चीज होती थी - हम सितोलिया/पिट्ठू (सात पत्थर के टुकड़ों और गेंद के साथ खेले जाने वाला एक खेल) का खेल खेलते थे जिसमें एक तरफ सद्गुरु की टीम होती थी और दूसरी तरफ विजी अम्मा की टीम हुआ करती थी।
मां गंभीरी: विजी का केवल एक ही मकसद होता था कि सद्गुरु को आउट कैसे करें। इसके लिए वो बहुत कोशिश करती थीं।
स्वामीनाथन: वो सद्गुरु को चुनौती देती थीं, ‘आपने फिर से पत्थर सही तरीके से नहीं रखे।’ यह खेल डेढ़-दो घंटे पूरी तीव्रता के साथ चलता।
मां कर्पूरी: वो इस तरह अपने हाथ कमर पर रखते हुए सद्गुरु को ललकारतीं।
गीता कंदसामी: फिर उनकी आपस में कहासुनी होने लगती।
राजा: इन खेलों के दौरान वो भद्रकाली (देवी का एक प्रचंड रूप) के रूप में होती थीं।
कोडाइ शेखर: एक कार्यक्रम के दौरान सद्गुरु ने कहा कि वे अगले दस सालों में चले जाएंगे। विजी के साथ मैं भी स्वयंसेवा कर रहा था और मैं उनके पास ही बैठा था। उन्होंने अचानक मेरा हाथ पकड़ लिया, उनका हाथ कांप रहा था। जब मैंने पलटकर उन्हें देखा तो वो फूट-फूटकर रो रही थीं। वह कार्यक्रम शाम को हो रहा था और उसके बाद वह रात भर रोती रहीं। एक समय वह बेहोश भी हो गईं थीं। कोई तरीका नहीं था जिससे हम उन्हें सांत्वना दे पाते।
‘विजी: विक्टरीज डॉटर’ की पूरी सीरीज सद्गुरु एक्सक्लूसिव पर देखिये।
