रहस्यवादी ज्ञान

सत्य आपके बोलने में नहीं, आपके होने के तरीके में है 

सत्य के सार को समझना जितना सरल है उतना ही जटिल भी। सद्‌गुरु हमें बता रहे हैं कि सत्य केवल हमारे शब्दों में नहीं है, यह हमारे जीवन जीने के तरीके, हमारी कृतज्ञता और हमारे आसपास के सभी जीवन के प्रति आदर में निहित है। आइए सद्‌गुरु के साथ हम सत्य के इस अनावरण में शामिल हों जो न केवल सत्य की भूमिका को उजागर करने वाला है, बल्कि समावेशिता के साथ जीवन जीने में मददगार भी होने है।

प्रश्नकर्ता: मेरी माँ के सामने एक दुविधा है। एक ओर जब मैं उन्हें सच बताता हूँ तो वह उसे बर्दाश्त नहीं कर पाती हैं, और दूसरी ओर जब वह सच बोलती हैं तो कोई भी उसे स्वीकार नहीं करता। फिर भी, वह निरंतर सच बोलना चाहती हैं, और वह एक समाधान चाहती हैं कि इसे कैसे किया जाए।

सत्य की प्रकृति

सद्‌गुरु: यदि आप सच नहीं बोल सकते हैं, तो कुछ भी मत कहिए। यदि आप ऐसी स्थिति में हैं जहाँ लोग सच को पचाने के लिए परिपक्व नहीं हैं, तो अपना मुंह बंद रखिए। लेकिन अगर आप कुछ नहीं कहते हैं, तो आपके स्वभाव के अनुसार, यह किसी दूसरे रूप में बाहर आ सकता है और फिर लोग महसूस करेंगे कि कुछ गलत है।

आप सोच रहे हैं कि कोई चीज होती है जिसे सत्य और असत्य कहते हैं, जबकि वास्तविकता में केवल एक ही सत्य है। जो भी आप करते हैं – चाहे आप बोलें, अपने हाथ-पैर का इस्तेमाल करें, या यहाँ तक कि केवल देखें – यह सब किसी न किसी तरह की क्रिया है। जब आप कोई भी क्रिया करते हैं, तो आपको जांचना होगा कि यह क्या केवल आपके बारे में है, या यह स्वाभाविक रूप से सबको शामिल करने वाला है। वही एकमात्र सत्य है।

जीवन का सच स्वयं जीवन में निहित है, आपके शब्दों में नहीं।

अगर आप यहां बैठे हैं और अपने चारों ओर के किसी भी जीवन, जिसमें मानव जीवन भी शामिल है, के प्रति संवेदनशील नहीं हैं, तो आप एक बहुत झूठी जिंदगी जी रहे हैं। जब आप तथ्यों के बारे में बात करते हैं, तो आप चुन सकते हैं कि अपने जीवन के किन पहलुओं को और किसके साथ साझा करना है। अगर आपके पास यह विवेक नहीं है, तो आप खुद को मूर्ख बना लेंगे। विवेक उपयोग करने का मतलब यह नहीं है कि आप सच नहीं बोल रहे हैं।

जीवन का सत्य यह है कि जो आप साँस में छोड़ते हैं, वही पेड़ अपनी सांस में लेते हैं, और जो पेड़ साँस छोड़ते हैं, उसी को आप अपनी सांस में लेते हैं। यदि आप उन्हें अलग करते हैं, तो आप एक झूठ हैं। आपका जीवन दूसरे लाखों-करोड़ों जीवन रूपों का परिणाम है। सूक्ष्मजीवों से लेकर कीड़े-मकोड़ों तक, उन सभी का योगदान इस समय आपके जीवित रहने में है। क्या यही सत्य नहीं है

समावेशी और कृतज्ञ होकर जीना

जीवन का सत्य यह है कि हम जीवन की जड़ नहीं हैं, बल्कि इसके परिणाम हैं। इस धरती पर मौजूद सभी अन्य जीवन रूपों ने हमारे अस्तित्व में योगदान दिया है। यदि आप समावेशिता की भावना के बिना जीते हैं, तो आप एक जीता-जागता झूठ हैं।

जीवन की प्रकृति ऐसी है कि जीवन खुद घटित नहीं हो सकता - यह बाक़ी सब कुछ के कारण घटित हो रहा है।

आप एक व्यक्तिगत जीवन नहीं हैं, हालांकि आप मन में सोचते हैं कि आप हैं। वास्तव में, आप इस विशाल जीवन-द्रव्यमान के परिणाम हैं। जीवन के इस अद्भुत घटनाक्रम में आप सिर्फ एक बुलबुले की तरह हैं। सृष्टि की विशालता ने आपको एक व्यक्तिगत अनुभव दिया है। लेकिन आप इसे इतनी गंभीरता से ले रहे हैं कि आप सोचते हैं कि आप यहाँ अपनी वजह से आए हैं। नहीं, आप बस इस धरती से ‘रेंगते’ हुए बाहर निकले हैं, और रेंगते हुए वापस इसी में समा जाएंगे।

यदि आप समावेशिता की भावना के बिना जीते हैं, तो आप एक जीता-जागता झूठ हैं।

मैं चाहता हूँ कि आप उस बहुत बड़ी प्रक्रिया को देखें जिससे आपके भोजन का हर कौर आपके मुँह में जाने से पहले गुजरता है। लाखों जीव, कीड़े और कीट धरती से एक दाना उगाने में योगदान देते हैं। किसी ने इसकी खेती की, किसी ने इसे काटा, किसी ने इसे साफ किया, किसी ने इसे थोक में बेचा, और फिर, किसी ने इसे खुदरा में बेचा। आज किसी ने इसे पकाया। भले ही भोजन करते समय आप यह सब महसूस न कर सकें, लेकिन कम से कम उन सभी जीवन के प्रति थोड़ी कृतज्ञता रखें जो आपके जीवन को संजोये रखने में मदद कर रहे हैं। इनके बगैर आप एक जीवित झूठ हैं।

तो, क्या आपको सत्य बोलना चाहिए या नहीं?

सत्य और झूठ आपके जीवन को धारण करने, जीने और अनुभव करने के तरीके में हैं, न कि उस बकवास में जो आप बोलते हैं। आप क्या बोलते हैं वह महत्वहीन है। जब आप इसके साथ संघर्ष करते हैं तो आप सत्य के नाम पर मूर्खतापूर्ण चीजें करेंगे। बचपन से ही आपके साथ ऐसी चीजें घटित हुई होंगी। मान लीजिए जब आप छोटे बच्चे थे, आपने एक पेपरमिंट खाया और आपको यह पसंद आया। जब आप पाँच या छह साल के हो गए तो आपकी माँ ने ‘ना’ कहा और फिर आपने विरोध किया होगा। फिर वे कोई छल करके कहती होंगी कि सब खत्म हो गए हैं।

यदि आपने पूरी बोतल पेपरमिंट्स खा ली होती, तो आप बीमार पड़ जाते। जीवन के संदर्भ में आपकी माँ को सत्य का पता था, यह बोले गए सत्य या झूठ के बारे में नहीं था। आपकी चिंता में उन्होंने आपसे झूठ बोला, नाटक किया, जो भी जरूरत थी, वो किया। अपने आसपास के सभी जीवन की देखभाल के लिए जिस तरह का भी नाटक करना जरुरी हो वह कीजिए।

एक दूसरी स्थिति पर विचार कीजिए - कुछ लोग स्वर्ग जाना चाहते हैं, लेकिन वे आपको भी साथ ले जाना चाहते हैं - आप उन्हें आतंकवादी कह सकते हैं। अगर ऐसा कोई व्यक्ति हमारे दरवाजे पर आकर पूछे, ‘क्या अंदर भी कोई है?’ तो क्या दरवाजे पर खड़े व्यक्ति को सत्य बता देना चाहिए? आप शायद कहेंगे - नहीं। जीवन का सच स्वयं जीवन में निहित है, आपके शब्दों में नहीं।

जीवन की क्षणिक प्रकृति को समझना

जब सूरज निकलता है तो बहुत सी चीजें जिन्हें अंधेरे में नहीं देखा जा सकता था या जिनके अस्तित्व के बारे में आपको पता भी नहीं था, दिखने लगती हैं। यदि आप पौ फटने से पहले बाहर बगीचे में बैठे हैं, तो आपको कुछ भी नहीं दिखेगा। लेकिन जैसे-जैसे सूरज निकलता है, सब कुछ स्पष्ट दिखने लगता है। जो लगता था कि अस्तित्व में ही नहीं है, अचानक वह सामने मौजूद होता है।

आपने देखा होगा कि बरसात के मौसम में कैसे उड़ने वाले चींटे  अचानक प्रकट होते हैं। वे एक या दो घंटे के लिए उड़ते हैं, फिर उनके पंख गिर जाते हैं और अधिकांश मर जाते हैं। उनका पूरा जीवन-चक्र केवल कुछ ही घंटों में खत्म हो जाता है। इसे जब आप अपने संदर्भ में देखते हैं तो आपको उनका जीवन बहुत छोटा दिखता है। उसी तरह एक पहाड़ आपको देखकर सोचेगा कि आप उसी उड़ने वाले  चींटे की तरह हैं। पहाड़ ने हजारों पीढ़ियों को आते-जाते देखा है, और उनमें से हर एक ने सोचा होगा कि वे सबसे महान और महत्वपूर्ण हैं। यही जीवन की प्रकृति है। यदि आप इसे नहीं समझते हैं, तो आप एक जीता-जागता झूठ हैं।