अंतर्पथ की राह
माँ नागपुष्पिका
पहाड़ी फूल

इस स्तंभ में ईशा ब्रह्मचारी और संन्यासी अपने व्यक्तिगत जीवन, विचार और अनुभव साझा करते हुए बताते हैं कि उनके लिए इस ‘अंतर्पथ की राह’ पर चलने के क्या मायने हैं।

कुछ मिनट की देरी

जनवरी 1996 की बात है, तब मैं 18 साल की थी और कॉलेज के दूसरे वर्ष में थी। मेरी एक सहेली ने मुझे बताया कि वह योग क्लास में शामिल होने जा रही है। कॉलेज से पहले मैं एथलेटिक्स और हस्तशिल्प में रुचि रखती थी, लेकिन कॉलेज में मेरे पास न तो खेल खेलने का और न ही शिल्पकार्य करने का बहुत मौका था। अब मेरा एकमात्र शिल्पकार्य मेंढकों, तितलियों या छिपकलियों की चीर-फाड़ करना था, जिससे मैं उब गई थी।

मैंने अपनी सहेली के साथ टाटाबाद केंद्र में सुबह की योग क्लास में शामिल होने का फैसला किया। क्लास के तीसरे दिन की बात है, हम कुछ मिनट देर से पहुँचे। स्वयंसेवकों ने हमें अंदर आने की अनुमति नहीं दी और हमसे कहा कि हम 10:00 बजे की क्लास के लिए आएं। हमें समझ नहीं आया कि कहाँ जाएँ, इसलिए हम हॉल के बाहर ही बैठ गए और इंतजार करने लगे।

अगले दिन हमने समय से पहुँचने का दृढ़ निश्चय किया। हम दोनों ने मेरे घर पर ही रात बिताई, सुबह 3:00 बजे ही उठ गए, थोड़ा सा कुछ खाने के लिए पकाया और तैयार होकर निकल गए। हम घुप अंधेरे में 2-3 किमी की दूरी तय करके अगले स्टॉप पर बस पकड़ने पहुंचे। बस से उतरने के बाद हम टाटाबाद केंद्र पहुंचे और क्लास के लिए दरवाजा खुलने से ठीक पहले वहाँ हाजिर थे। इस घटना के बाद मुझे अपने अंदर कुछ बदलाव महसूस हुआ। इसने वास्तव में मुझे कुछ चीजें समझा दीं - समय पर कहीं पहुँचने के बारे में और किसी चीज को घटित करने के लिए प्रतिबद्ध होने के बारे में।

बांधों का टूटना

जिस दिन मुझे दीक्षा मिली, उस दिन मेरा जन्मदिन था। मेरी सहेली ने कहा कि शायद इस दिन मेरे साथ कुछ अलग होगा। और बेशक हुआ भी - मैं सद्‌गुरु से मिली, जो सफेद कपड़े और पगड़ी पहने हुए थे। एक प्रक्रिया के दौरान मैं खुद पर काबू नहीं रख पाई, मानो मेरे अंदर कुछ फट गया था। मेरे भीतर कहीं गहराई में मुझे किसी ने छू लिया था। मैं आमतौर पर रोती नहीं हूँ, लेकिन पहली बार जैसे आसमान खुल गया था और मैं रोए जा रही थी, बिना यह जाने कि क्यों रो रही हूँ। उस दिन से धीरे-धीरे मेरे अंदर बदलाव आने लगा। मैं और अधिक सावधानी से चलने लगी, हर चीज पर ध्यान देने लगी, छोटे जीव-जंतुओं को भी महत्व देने लगी।

स्वयंसेवा का उत्सव

मैं नियमित रूप से स्वयंसेवा करने लगी - सप्ताहांत के दिनों में शाम को मैं टाटाबाद केंद्र में मार्गदर्शित ध्यान (गाइडेड मैडिटेशन) के लिए मौजूद रहती थी, और सप्ताहांत में आश्रम में चली जाती थी। मैं स्वयंसेवा करने के लिए अपने कॉलेज की कक्षाओं को बंक करने लगी - मैं पहले अपने कॉलेज की दिशा में बस लेती थी (ताकि मेरे पिता को पता न चले)। फिर मैं बीच में उतर जाती और विपरीत दिशा में आश्रम की ओर की दूसरी बस पकड़ लेती थी। एक बार जब मैंने अपनी एक परीक्षा छोड़ दी थी, आश्रम में किसी को इस बारे में पता चल गया, और फिर एक ब्रह्मचारी ने मुझे डांट लगाई। उसके बाद मैंने लोगों को ये चीजें बताना बंद कर दिया।

सद्‌गुरु के साथ होने की अनुभूति

बाद में उसी साल मैंने आश्रम में अपना भाव स्पंदन कार्यक्रम (BSP) किया, जिसका अनुभव बहुत गहन था। अधिकांश प्रक्रियाओं के दौरान ऐसा लगता था कि कोई मुझे गुरु पूजा के मंच के पास फेंक दे रहा था। अनजाने में मैं खुद को वहीं लेटी हुई और रोती हुई पाती।

मेरा सम्यमा कार्यक्रम ध्यानलिंग के निकट एक छप्पर की झोपड़ी में हुआ था। उस समय ध्यानलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा नहीं हुई थी। उन दिनों सम्यमा बहुत गहन हुआ करता था। ऐसा शायद इसलिए भी हो सकता है क्योंकि ध्यानलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा से पहले सद्‌गुरु अपनी ऊर्जा को खूब खुलकर खर्च करते थे। उन्होंने हर किसी को ऊर्जा के ऊँचे स्तर पर पहुँचा दिया।

कार्यक्रम के दौरान मैं शांत नहीं बैठ पाती थी। जब भी कोई प्रक्रिया शुरू होती, मैं इधर-उधर कूदने लगती थी। एक बार सद्‌गुरु मेरे पास आए और उन्होंने मेरी रीढ़ पर थपकी दी। उसके बाद मैं ध्यान में शांत हो गई। एक प्रक्रिया के दौरान आँखें बंद करके मुझे ऐसा लगा कि मुझे मंच की ओर घसीटा जा रहा है। मैं सांप की तरह रेंगने लगी और सद्‌गुरु के मंच पर चढ़ गई। मुझे बाद में बताया गया कि कोई भी मुझे रोक नहीं पाया था। मैंने सद्‌गुरु के चरण पकड़ लिए और रोने लगी। उन्होंने मुझे कुछ देर वहीं बैठने दिया। फिर उन्होंने अपना हाथ मेरे सिर पर रख दिया। थोड़ी देर में ही मैं धरती पर लेटी हुई थी। मैं न तो अपना शरीर हिला सकती थी, न आंखें खोल सकती थी और न कुछ कर सकती थी।

शिक्षक प्रशिक्षण

सम्यमा के बाद मैं 1997 में 2 महीने के शिक्षक-प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होना चाहती थी। सद्‌गुरु ने प्रशिक्षण के लिए मेरा साक्षात्कार लिया। उन्होंने मुझसे पूछा, ‘आप क्या करने जा रही हैं?’ मैंने उन्हें बताया, ‘मैं पूरे समय के लिए आना चाहती हूँ।’ उन्होंने पूछा, ‘पूरे समय से आपका क्या मतलब है?’ मैंने उन्हें बताया कि मैं ब्रह्मचर्य अपनाना चाहती हूँ। उस समय मैं 19 साल की थी। उनकी आंखों में खिलखिलाहट थी और वे हंसने लगे। ‘ठीक है, आप प्रशिक्षण में आ जाइए,’ उन्होंने कहा।

उन दिनों प्रशिक्षण बहुत सख्त था, लेकिन साथ ही हमें बहुत मजा भी आता था। शुरू में मैं कक्षा के तार्किक पहलुओं को समझ नहीं पाती थी। उन दिनों एक महिला के लिए सभी के सामने खड़े होकर आध्यात्मिक प्रक्रिया का ऐसा तार्किक दृष्टिकोण पेश करना आसान नहीं था - जो कि कक्षा का उद्देश्य था। लेकिन तब अधिकांश दिनों में सद्‌गुरु खुद  प्रशिक्षण में हमारे साथ रहते थे, और हर चरण में विशेष रूप से महिलाओं की मदद करते थे। यदि हम कहीं अटक जाते थे तो वह अगला कदम बढ़ाने में हमारी मदद करते थे।

प्रशिक्षण के बाद मैंने सत्संग आयोजित करना, बच्चों के कार्यक्रम सिखाना शुरू किया, साथ ही 13-दिवसीय कक्षाएं भी लेने लगी। 2001 में मुझे ब्रह्मचर्य में दीक्षित किया गया।

ग्रामीणों पर योग का प्रभाव

जब सद्‌गुरु ने ग्रामीण पुनरुद्धार के लिए ‘एक्शन फॉर रूरल रिजूवेनेशन’ (ARR) प्रोजेक्ट की घोषणा की, तो मैं उसका हिस्सा बन गई। ग्रामीण लोगों के लिए कुछ योग-कक्षा देखने के बाद मैंने गाँवों में 6 दिनों की योग-कक्षा आयोजित करना शुरू कर दिया। बहुत से गाँव वालों को ईशा के बारे में कुछ भी पता नहीं था, लेकिन उन्होंने हमें छह दिनों के लिए अपने घरों में रहने की इजाजत दे दी।

गाँव वालों की शक्ति और लचीलेपन से मैं आश्चर्यचकित थी। यह उनकी शारीरिक गतिविधि की वजह से था। वे आसानी से सूर्य नमस्कार में अपने माथे को घुटनों से छू सकते थे। महिलाएं भी मजबूत और निडर थीं। ‘कुत्ते और हड्डी’ के खेल के दौरान महिलाएं अपनी साड़ी ऊपर खोंसकर छलांग लगा देतीं और जल्दी से पुरुषों को पकड़ लेतीं।

इन कक्षाओं का ग्रामीण लोगों पर बहुत बड़ा असर पड़ा और बहुत से लोग बुरी लत और शारीरिक और मानसिक बीमारियों से छुटकारा पा सके। एक उदाहरण जो मुझे याद आता है, वह एक किसान के बारे में है जिसने एक कर्ज चुकाने के लिए बहुत से लोगों से पैसे उधार लिए थे। दुर्भाग्य से जो पैसा उसके पास था वह काफी नहीं था। उसी समय उसे ईशा की योग-कक्षा, बीएसपी और सम्यमा से परिचित कराया गया और उसने कुछ अनुभव भी हासिल किए थे। वह सद्‌गुरु के प्रति बहुत समर्पित हो गया था।

अपने सम्यमा के समापन सत्र के बाद उसने आँसुओं के साथ मुझे प्रणाम किया और बोला कि अगर वह उस 6 दिवसीय कक्षा में शामिल नहीं हुआ होता तो वह अपनी आर्थिक समस्याओं के कारण आत्महत्या कर लेता। इस कक्षा ने उसे अपनी समस्याओं से बाहर निकलने की शक्ति दी। आज वह आर्थिक रूप से अच्छा कर रहा है।

एक बार एक स्कूल शिक्षिका योग कक्षा में भाग ले रही थी। वह बस कुर्सी पर ही बैठ सकती थीं। तीसरे दिन के बाद, उन्होंने फर्श पर बैठना और अभ्यास करना शुरू कर दिया। आखिरी दिन उन्होंने साझा किया कि वह पिछले 10 सालों से फर्श पर नहीं बैठी थीं। योग-कक्षा ने उनमें लचीलापन वापस ला दिया था और अब वह आराम से फर्श पर बैठ सकती थीं। जब अगली योग-कक्षा के लिए वह स्वयंसेवक के रूप में आईं तब हमने उन्हें खेल-सत्र के दौरान दौड़ते हुए भी देखा। पूरी तरह से शामिल होकर किया गया एक सरल अभ्यास भी चमत्कारिक हो सकता है। एक ईशा योग शिक्षक के रूप में जिंदगियों को बदलते देखना मेरा सौभाग्य रहा है।

ग्रामीण भारत की कठिनाइयां और अतिथि सत्कार

6 दिवसीय कक्षा के लिए हरेक दिन 2 से 3 बैच होते थे और हर बैच खेलों से शुरू होता था। अक्सर ऐसा होता था कि मुझे एक बैच के बाद सामग्री को समेटना पड़ता था क्योंकि उस हॉल को दिन में दूसरे काम के लिए इस्तेमाल किया जाता था। या फिर बैच अलग-अलग स्थानों पर होते थे, ऐसे में सारी सामग्री को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना पड़ता था। बहुत बार मुझे गरम धूप में खराब सड़कों पर स्कूटर से सामान लेकर यात्रा करनी पड़ती थी। कभी-कभी मैं बहुत भूखी होती थी, लेकिन गरीब गाँव वाले मुझे सिर्फ उतना ही परोस सकते थे जो उनकी गुंजाइश के भीतर होता था - एक आहार जिसमें पोषण या सामान की कमी होती थी। लेकिन वे बड़े ही प्यार से परोसते थे। उचित पोषण के बिना मेरा शरीर कमजोर होने लगा था।

एक दिन समान पहुँचाने, कक्षा आयोजित करने और अगली कक्षा के लिए नामांकन करने के बीच मैं अपने अभ्यासों को पूरा नहीं कर पाई। रात में जब मैं अपने ठहरने की जगह पहुँची तो, गाँव में जिनके घर ठहरी थी, उन अक्का से मैंने कहा कि पहले मैं अपने अभ्यास कर लूँ फिर खाना खाऊँगी। इसलिए उन्होंने मेरे लिए कुछ खाना और एक सोंबू (तमिलनाडु में पानी रखने का एक पारंपरिक पात्र) में पानी भरकर अलग रख दिया। अपने अभ्यास पूरा करने के बाद लगभग 11:30 बजे रात को मैंने खाना खाया और पानी पिया। मुझे लगा कि पानी के साथ कुछ गड़बड़ है। मैंने सोंबू में देखा तो पाया कि वह नन्हें मेंढकों (टैडपोल्स) से भरा हुआ है। अगले दिन मुझे भयंकर सर्दी और बुखार चढ़ गया। लेकिन यह देखते हुए कि इन कक्षाओं का गाँव के लोगों पर कितना प्रभाव पड़ रहा है, मैंने अपनी सेहत की परेशानियों को नजरअंदाज करने का फैसला किया।

गाँवों में रहना शारीरिक रूप से मेरे लिए कठिन था, लेकिन मेरी साधना ही थी जो मुझे हमेशा इसके लिए तैयार रखती थी। चाहे जो भी हो मैं अपने अभ्यासों को नहीं छोड़ती थी। ईशा से पहले, मैं शारीरिक गतिविधियों में बहुत शामिल नहीं होती थी। ए.आर.आर. में इस स्तर की गतिविधि करने के बाद मुझे अहसास हुआ कि मैं इतना कुछ कर सकती हूँ। इससे मुझे खुद को आगे बढ़ाने में मदद मिली।

ग्रामोत्सव के खेल

धीरे-धीरे हमने गाँवों में कुछ चीजें शुरू करनी शुरू कीं – हर्बल गार्डेंन और मोबाइल अस्पताल बनाना, महिलाओं के लिए थ्रोबॉल और पुरुषों के लिए वॉलीबॉल जैसे खेलों का आयोजन करना। ये छोटी शुरुआतें आज तमिलनाडु में राज्यस्तरीय ग्रामोत्सव खेल टूर्नामेंट तक पहुंच गई हैं।

खेल सिखाने के लिए हमारे पास अलग समय नहीं था। इसलिए योग की कक्षा के बाद मैं गाँव वालों से कहती कि वे खाना खाकर वापस आएं और खेल सीखें और अभ्यास करें। खेल के मैदान पर गाँव की महिलाओं को लाना मुश्किल था क्योंकि रिवाज के अनुसार अंधेरे के बाद कई गाँव महिलाओं को घर से बाहर नहीं जाने देते थे। लेकिन मैंने उन्हें मैदान पर आने के लिए मना लिया। बुजुर्ग लोग भी चादर में लिपटकर सुपारी और पान चबाते हुए मैदान के आसपास बैठते और खेल देखते थे।

शुरुआत में महिलाएं सब के सामने खेलने में हिचकिचाती थीं, लेकिन मैंने उन्हें प्रोत्साहित किया और उन्हें खेलों के नियम सिखाए। प्रशिक्षण के दौरान हमने इसे पुरुषों बनाम महिलाओं के रूप में सेट किया। फिर जब हमने स्कोर-पॉइंट  के साथ खेल शुरू किए तो उन्हें मैदान से दूर ले जाना असंभव हो गया! वे लोग इतने उत्साही और प्रतिस्पर्धी थे कि खेल रात 12 बजे तक चलते रहते थे।

पहला ग्रामोत्सव 2003 में हुआ था, जिसमें सद्‌गुरु गोबिचेट्टिपालयम में सेमीफाइनल और फाइनल के लिए आए थे। गोबिचेट्टिपालयम को ए.आर.आर. गतिविधियों के आयोजन के लिए तीन जोन में बाँट दिया गया था। मेरे जोन में अलग-अलग गाँवों से 40 टीमें थीं। दो गाँवों के बीच होने वाले मैच शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक चलते थे। सूखे की स्थिति से जूझ रहे गाँव वालों को उबारने के लिए ग्रामोत्सव सही समय पर आया। आज भी जब मैं पहले ग्रामोत्सव के सेमीफाइनल और फाइनल मैचों के दौरान गैलरियों में बैठे हजारों गाँव वालों के उल्लसित नारों को याद करती हूँ तो मेरा दिल भर आता है। उन खेलों द्वारा लाया गया बदलाव देखना वाकई अद्भुत था। उन्होंने अपनी जाति, वर्ग और आर्थिक स्थिति को भुलाकर खुद को सौ प्रतिशत झोंक दिया था।

फाइनल के बाद शाम को सद्‌गुरु के साथ एक सत्संग हुआ। जब वह मंच पर आए तो मेरी आँखों से आँसू बहने लगे। हम उस पल के लिए इतना काम कर चुके थे। शुरुआत में सद्‌गुरु ने हमसे कहा था, ‘आप बस जमीन तैयार कीजिए, मैं आकर बीज बोऊंगा।’ अब वही करने वे आए थे।

मोबाइल अस्पतालों के भरोसे

मोबाइल हेल्थ क्लिनिक (MHC) गाँव वालों के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। छोटी-मोटी समस्याओं जैसे जुकाम और बुखार से पीड़ित ऐसे लोगों के लिए जिन्हें इलाज नहीं मिल सकता था, या बुजुर्गों के लिए जो इलाज के लिए चलकर कहीं दूर नहीं जा सकते, मोबाइल अस्पताल एक बहुत बड़ी सौगात है। जिन गंभीर समस्याओं का इलाज एम.एच.सी. नहीं कर सकता था, उन मरीजों को शहरी अस्पतालों में भेजा जाता था, जहाँ उन्हें इलाज के खर्चे पर छूट भी दी जाती थी।

जब मैं ए.आर.आर. के लिए सेलम क्षेत्र में थी, तो ईशा योग-कक्षाओं के आयोजन के अलावा मैं 3 एम.एच.सी. की भी ज़िम्मेदारी सँभालती थी। लेकिन एम.एच.सी. चलाना एक चुनौती है। आपको तय रास्ते के अनुसार हर जगह समय पर होना होता है। इसके साथ ही आपको 4-5 लोगों के लिए गाँवों में खाने और रहने की व्यवस्था करनी होती है जो एम.एच.सी. का हिस्सा होते हैं। अचानक जब ड्राइवर छुट्टी लेता है तो आपको तुरंत उसका विकल्प ढूंढना होता है। और भी मुश्किल बात होती है किसी डॉक्टर का विकल्प ढूंढना। जब किसी दूर के गाँव में एम.एच.सी. को मरम्मत की जरूरत होती थी तो हमें कैसे भी जल्दी से जल्दी मैकेनिक को वहाँ बुलाना होता था। एक बार किसी ने हमारे मोबाइल अस्पताल से एल.सी.डी. प्रोजेक्टर चुरा लिया। हमने पुलिस स्टेशन में शिकायत की तो उन्होंने पूरी टीम को जाँच के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया।

जब मैं वहाँ गई तो सभी ने सेल्यूट कर मेरा अभिवादन किया। मैंने उनको नमस्कार किया। उन्होंने मेरे बैठने के लिए एक कुर्सी निकाली। मैं आश्चर्यचकित थी और थोड़ा सकुचा भी रही थी। दरअसल उनमें ब्रह्मचारियों के लिए बहुत सम्मान था। हमने इंस्पेक्टर से बात की और पता चला कि हमारे ड्राइवर ने ही 50,000 रुपये का प्रोजेक्टर चुराकर इसे दूसरे गाँव के एक आदमी को 3000 रुपये में बेच दिया था! खैर, हमने प्रोजेक्टर वापस पा लिया। अगले ईशा योग-कक्षा के लिए अधिकांश पुलिसकर्मियों ने नामांकन करा लिया।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना

एक दिन सद्‌गुरु ने घोषणा की कि प्रोजेक्ट ग्रीनहैंड्स स्वयंसेवकों को एक दिन में 8 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया जाएगा ताकि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जा सके। हर केंद्र को 10,000 पौधे दिए गए, और मुझे 10 केंद्रों का जिम्मा सौंपा गया। किसे पौधा दिया गया और कहाँ पौधा लगाया गया, इन सबका दस्तावेज बनाया जाना था और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड को भेजा जाना था। इसलिए मैं अपने 10 केंद्रों के बीच आवाजाही कर रही थी ताकि इन कामों को सँभाला जा सके।

सिर्फ दो दिन पहले मेरे कॉर्डिनेटर ने पूछा कि क्या मैं किसी एक केंद्र में 50,000 पौधे और लगा सकती हूँ। मैं कुछ सेकंड रुकी और फिर बोली, ‘ठीक है!’ अचानक मैंने खुद को जोश से भर लिया। पौधे सिर्फ एक दिन पहले ही आने वाले थे, इसलिए सभी 50,000 पौधों को एक साथ बांटना था। मैंने योजना बनाई कि कैसे करना है, स्वयंसेवकों को कैसे लाना है, बैठकें कैसे करनी हैं, और दस्तावेजीकरण कैसे सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम सफल रहा, और हमने 1.5 लाख पौधे लगाए। पूरे तमिलनाडु में हजारों स्वयंसेवकों ने 8 लाख से अधिक पौधे लगाए। यह एक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड था।

सद्‌गुरु की उपस्थिति में लीन

चाहे मैं कुछ भी करूँ – योग की कक्षा हो या किसी प्रोजेक्ट से जुड़ी कोई गतिविधि, सद्‌गुरु का सान्निध्य और कृपा हमेशा मेरे साथ रही है।

एक बार मुझे एक कक्षा के लिए 11 घंटे की यात्रा करनी थी। मैं बहुत देर से पहुँची और धूल से भरी हुई कक्षा को साफ करने और व्यवस्थित करने के लिए बहुत कम समय था। फिर मैंने खुद को तैयार किया और परिचय-सत्र शुरू कर दिया। मैंने स्वयंसेवकों को माइक पर अपना अनुभव साझा करने के लिए आमंत्रित किया। उनके साझा करने के दौरान ही मेरी आँखें बंद होने लगीं। मैंने एक अभिभूत करने वाली ऊर्जा को अपने भीतर जाते हुए महसूस किया - यह सद्‌गुरु की उपस्थिति थी। अचानक दूसरी पंक्ति से एक प्रतिभागी उठी, आगे आई और मेरे पैरों को पकड़ लिया। मैंने अपनी आँखें खोलीं और उसे देखा। वह मेरी आँखें बंद करते ही भागकर आगे आई थी। मुझे नहीं पता कि उसने सद्‌गुरु की उपस्थिति को कैसे महसूस किया। मेरे साथ इस तरह के कई अनुभव हुए हैं।

विजी माँ - एक प्रेरणास्रोत

मैंने पहली बार विजी माँ को अपनी 13-दिवसीय योग-कक्षा के दीक्षा दिवस पर देखा था। हालांकि तब मुझे उनसे बात करने का मौका नहीं मिला था। बाद में जब मैं आश्रम आई तो कुछ ब्रह्मचारी और विजी मा टैंक में तैर रहे थे। उन्होंने मुझे उनके साथ शामिल होने के लिए बुलाया। मैं साड़ी पहने हुए थी और मेरे पास बदलने के लिए कपड़े नहीं थे। वह मुझे छोड़ना नहीं चाहती थीं, बोलीं, ‘मैं तुम्हें कपड़े दूंगी, तुम आओ।’ उन्होंने मेरे साथ ऐसा व्यवहार किया जैसे मैं उनकी बहुत करीबी हूँ।

उनका बच्चों जैसा स्वभाव था। सद्‌गुरु को जब भी मौका मिलता, तो उनकी टांग खिंचाई करते रहते थे। खेलों के दौरान अगर किसी दौड़ने वाले खेल में वीजी माँ आउट हो जाती थीं, तो वह कहती थीं, ‘नहीं, नहीं, मैं आउट नहीं हूँ।’ सद्‌गुरु कहते, ‘हां विजी, तुम आउट नहीं हो। दौड़ती रहो। तभी तुम वजन कम कर पाओगी।’ इस तरह दोनों मजाक करते रहते थे।

कर्म यात्रा समाप्त करने के बाद उनका चेहरा पूरी तरह बदल गया था। वह बहुत तीव्र और एकाग्र थीं। वह हमेशा मेरे लिए एक प्रेरणा रही हैं। अगर उनकी तरह एक सामान्य व्यक्ति, हम सब में से कोई भी, सबसे ऊँचे स्तर तक पहुंच सकता है, तो इसका मतलब है कि हर कोई यह कर सकता है। यह मेरे लिए भी संभव है। निश्चित रूप से उन्होंने कुछ बहुत ऊँचा अनुभव किया होगा, नहीं तो वह राधे और खासकर सद्‌गुरु को छोड़कर नहीं जातीं।

मैंगलोर के जंगलों में ट्रेकिंग

2002 में ब्रह्मचारियों ने सद्‌गुरु और राधे के साथ मैंगलोर जाने का फैसला किया। हमारा कार्यक्रम अचानक बना था। एक दिन सद्‌गुरु ने शाम को हमसे कहा कि कल वह एक खास झरने पर जाएंगे और जो भी उनके साथ जाएगा, उसे वह कविताएं सुनाएंगे। जो झरने पर उनके साथ नहीं जाना चाहते वे कुमार पर्वत पर चढ़ने जा सकते थे। मैंने सोचा कि सद्‌गुरु की कविताएं मैं वैसे भी नहीं समझ पाऊँगी इसलिए चढ़ाई के लिए जाना ही बेहतर होगा।

मैंने योग-कक्षाओं के दौरान किसी शिक्षक से सुना था कि कुमार पर्वत कितना ऊर्जावान है। मैं वहाँ जाने के लिए बहुत प्रेरित थी। बाद में सद्‌गुरु ने मुझसे पूछा कि क्या मैं कुमार पर्वत जा रही हूँ। मैंने कहा, ‘हां।’ उन्होंने पूछा, ‘अगर रास्ते में कोई बाघ आ जाए तो? या अगर कोई हाथी आ जाए तो?’ मैंने कहा, ‘कोई बात नहीं।’ फिर उन्होंने कहा, ‘ठीक है, आप जा सकती हैं, लेकिन ध्यान रहे बहुत खड़ी चढ़ाई है, सेवेंथ हिल की तरह।’

कुछ स्वामी, एक और माँ, और मैंने जाने का फैसला किया। हम सुबह 4 बजे निकले। जंगल इतना शांत था कि हमें सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। पत्तियां भी नहीं हिल रही थीं। ऊपर चढ़ना मुश्किल हो रहा था। एक मुकाम पर कई स्वामी आगे निकल गए और सिर्फ तीन स्वामी मेरे और दूसरी माँ से कुछ कदम आगे थे। तभी मुझे बाघ की दहाड़ जैसी आवाज सुनाई दी। यह आवाज और करीब आती जा रही थी। मेरी टॉर्च की बैटरी लगभग खत्म हो रही थी। जानवर की आवाज इतनी करीब थी कि मुझे स्वामियों को आवाज लगाने में भी डर लग रहा था। इसलिए मैंने बेतहाशा अपनी टॉर्च की रोशनी लहराई। उन्होंने इसे नोटिस किया और वहाँ आ गए जहाँ मैं थी। हम सब साथ हो गए और शुक्र है वह आवाज फिर नहीं आई।

आगे चलकर घना जंगल एक खुले मैदान में बदल गया। वहाँ हमने हाथी का ताजा गोबर देखा जिससे भाप निकल रही थी। हमें नहीं पता था कि हाथी कहाँ है या किस ओर गया है। हम सावधानीपूर्वक आगे बढ़े और चोटी पर पहुंच गए। यह जगह बहुत ही खूबसूरत थी, हरियाली से भरी हुई, जंगली फूलों और नाचते बादलों से भरी हुई। यह जगह इतना ऊर्जावान थी कि खुली आंखों से भी मैं ध्यान की अवस्था में थी।

वापस नीचे उतरते समय कुछ ऐसा हुआ कि मैं पहाड़ी के नीचे पहले पहुंच गई। जब मैं दूसरों का इंतजार कर रही थी, उसी समय मैंने जंगली ऑर्किड और नारियल के पत्तों से सद्‌गुरु के लिए एक गुलदस्ता बनाया। फिर जैसे ही हम उस छावनी में प्रवेश किए जहाँ हम ठहरे हुए थे, सद्‌गुरु भी वहाँ पहुंच गए। मैंने उन्हें गुलदस्ता भेंट किया। उन्होंने मुझे गले लगाया और कहा, ‘इसे पानी में रख दीजिए, मैं इसे कल अपनी गाड़ी में रखूंगा।’

बाद में जब हम जंगल से गुजर रहे थे तब हमें रेलवे ट्रैक पर चलकर बढ़ना था। नीचे एक नदी बह रही थी। अगर आप घबराए तो ऊपर चलना मुश्किल था। एक स्वामी का कदम फिसल गया और वह ट्रैक के बीच लगी लकड़ी की तख्तियों के बीच गिर गए। बस उनका बैकपैक ही उन्हें बचा सका क्योंकि वह इतना चौड़ा था कि तख्तियों के बीच से नहीं फिसल सकता था। वह वहाँ ऊपर लटके हुए थे और नीचे नदी बह रही थी। हमने उन्हें ऊपर खींच लिया। उसके बाद हम अधिक सावधान हो गए।

हम बिना किसी रोशनी के कुछ किलोमीटर तक एक अंधेरी सुरंग में भी चले। सुरंग में इतना अंधेरा था कि आप अपना हाथ भी नहीं देख सकते थे। हमें नहीं पता था कि अंदर किस तरह के जीव-जंतु हैं, और जमीन भी असमतल थी। किसी ने अपनी टॉर्चलाइट ऑन की। तुरंत ही सद्‌गुरु ने तेज आवाज में कहा, ‘इसे बंद करो।’ जब मैं सुरंग से बाहर आई तो मैं पूरी तरह अलग महसूस कर रही थी। मेरे भीतर सब कुछ ताजा था।

हम अपने ठहरने की जगह वापस जाना चाहते थे। सद्‌गुरु ने गाइड से शॉर्टकट के बारे में पूछा। उसने कहा कि वहां एक जंगली नदी है, लेकिन वह बहुत गहरी और तेज है। गाइड ने सद्‌गुरु को यह बताकर मना करने की कोशिश की कि कितने लोग इसे पार करने की कोशिश करते हुए मर चुके हैं, लेकिन सद्‌गुरु ने कहा, ‘हम उसी रास्ते से जाएंगे।’

जब हम वहाँ पहुंचे तो स्वामियों में से एक जो एक अच्छे तैराक थे, वह एक रस्सी के साथ नदी के पार गए, दूसरी तरफ एक चट्टान से रस्सी को बांध दिया और वहीं बैठ गए। फिर रस्से को पकड़े हुए एक-एक करके हमने नदी को पार करना शुरू कर दिया। सद्‌गुरु पहले पार गए। बीच में उनकी छड़ी उनके हाथ से फिसल गई और धारा में बह गई। उन्होंने इसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन इस कोशिश में वे भी नदी की धारा में बहने लगे। कुछ स्वामियों ने नदी में छलांग लगाई उनके पीछे जाने के लिए, लेकिन सद्‌गुरु ने संतुलन बनाए रखा और रस्से पर वापस आ गए। उन्होंने कहा, ‘चिंता मत कीजिए, मैं मरूंगा नहीं।’ फिर हम सभी पार कर गए और दूसरी ओर पहुंच गए। गाइड भी आश्चर्यचकित था।

इन सभी घटनाओं के माध्यम से सद्‌गुरु ने हमें किसी थ्रिलर की तरह बेचैन रखा। मुझे भय के जरिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रेरित किया गया। इससे मेरी कुछ सीमाएं टूट गईं। मैं हमेशा ऐसी चीजें करती थी जो सुरक्षित हैं, एक सुरक्षित वातावरण के भीतर। लेकिन फिर मुझे अहसास हुआ कि मैं उन चीजों को भी करने में सक्षम हूँ जो मैं सोचती थी कि मेरे वश में नहीं हैं।

हस्तशिल्प में हाथ बंटाना

जब भी मुझे समय मिलता है, मैं हमेशा किसी न किसी तरह के हस्तशिल्प का काम करती हूँ। मेरी माँ हस्तशिल्प में बहुत कुशल रही हैं, और उन्होंने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। अपनी माँ से जो मैंने सीखा, वह मुझे आश्रम की सजावट करने, सद्‌गुरु के लिए माला बनाने या मंदिर की सजावट करने में मदद करता है।

अब हमने ‘ईशा लाइफ’ में हस्तशिल्प के लिए एक अलग विभाग शुरू किया है, जिसमें कढ़ाई का काम, टेराकोटा की ज्वेलरी, धागे की चूड़ियां, और लकड़ी के ब्लॉक से प्रिंटिंग शामिल है। यह काफी अच्छा चल रहा है। हमने स्थानीय गांव की कई महिलाओं को रोजगार दिया है। चूंकि मैं कॉलेज से सीधे आश्रम आ गई थी बिना बाहरी दुनिया के अनुभव के, इसलिए जो भी गतिविधियां ईशा में मुझे दी गईं, मैं सीखते हुए आगे बढ़ती रही। अब हस्तशिल्प के साथ 25 सालों में पहली बार मैं कुछ ऐसा कर रही हूँ जो मैं पहले से जानती हूँ। यह देखकर बहुत संतोष होता है कि यह विभाग फाउंडेशन के साथ-साथ ग्रामीण लोगों के कल्याण में भी योगदान दे रहा है।

साधना से प्राप्त स्वतंत्रता

कुछ वर्ष पहले की बात है जब मैं सम्यमा कार्यक्रम में बैठी थी। एक क्षण ऐसा आया जब मैं अपने शरीर को महसूस नहीं कर पा रही थी और मुझे पता ही नहीं चला कि मैं कहाँ बैठी हूँ। मुझे समय और स्थान का कोई बोध नहीं रहा। मुझे बाथरूम जाने की या भोजन या पानी की आवश्यकता भी महसूस नहीं हुई। मैंने बस ऐसे ही कुछ घंटे बिता दिए। उसके बाद भी मुझे कई बार ऐसे अनुभव होते रहे। उसके बाद मेरे अभ्यास पूरी तरह से बदल गए। ऐसे अनुभव और मेरी साधना, मेरे विकास में मदद कर रही हैं। जब कभी मैं किसी चीज में फंसी होती हूँ, तो मैं खुद को ईशा योग कक्षा के पहलुओं की याद दिलाती हूँ और उससे बाहर आ जाती हूँ। मुझे अपने अंदर एक स्वतंत्रता का अनुभव होता है।

मैं एक बात को लेकर बिलकुल स्पष्ट हूँ, कि जो कुछ भी मेरे जीवन में हुआ है या जो कुछ भी मैंने किया है, वह केवल सद्‌गुरु की कृपा से हुआ है। उनकी कृपा के बिना, कुछ भी संभव नहीं है।

—माँ नागपुष्पिका