सचेतन परवरिश

सोशल मीडिया का बच्चों पर बढ़ता प्रभाव: माँ-बाप क्या करें क्या न करें ?

ऐसे समय में जब बच्चों पर सोशल मीडिया का आकर्षण और प्रभाव इतना अधिक है जितना पहले कभी नहीं था, इसके प्रभाव से अपने बच्चों को बचाने के लिए माता-पिता हर दिन नए तरीके ढूंढ़ रहे हैं। सद्‌गुरु कुछ ऐसे तरीके बता रहे हैं जो न केवल व्यावहारिक हैं बल्कि कारगर भी हैं और युवा मन को आकर्षित कर सकते हैं। ये तरीके उनके ध्यान को इस बनावटी दुनिया से जीवंत प्रकृति की ओर खींचते हैं। आइए चलते हैं उस यात्रा पर जो डिजिटल के दौर में परवरिश के कुछ ऐसे तरीक़े तलाशेगी जो हमारे बच्चों को जीवन के असली अनुभवों और जादू से दोबारा जोड़ने में मददगार होगी।

प्रश्नकर्ता: नमस्कारम, सद्‌गुरु हम अपने बच्चों को सोशल मीडिया के बुरे प्रभाव से कैसे बचा सकते हैं?

डिजिटल दुनिया की मार्गदर्शक यात्रा

सद्‌गुरु: अगर आप चाहते हैं के आपके बच्चे बिना सोशल मीडिया के बड़े हों, तो जब वे छ: या सात साल के हों तब आप उन्हें हमारे पास भेज सकते हैं। यहाँ हम बच्चों की परवरिश कुछ ऐसे करते हैं कि जीवन के प्रति एक समझ विकसित हो और जीवन के लिए एक उत्साह पैदा हो, बिना सोशल मीडिया जैसी किसी चीज में फँसे। लेकिन, ‘सोशल मीडिया’ में सिर्फ बुराई नहीं है, यह एक जबर्दस्त तकनीक और संभावना है जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जा सकता है।

मैं खुद ‘सोशल मीडिया’ का इस्तेमाल करता हूँ, लेकिन इसलिए नहीं कि मुझे किसी की प्रतिक्रिया या स्वीकृति चाहिए। मुझे जो कहना होता है मैं वह कहता हूँ, चाहे कोई उसका समर्थन करे या न करे। मैं वही बोलता हूँ जो मुझे सही लगता है उसका फिर जो भी परिणाम हो। ये मेरा तरीका है, लोगों को खुश करने वाली बात कहने के बजाय मैं वह कहना चाहता हूँ जो हर चीज पर प्रकाश डाले।

‘सोशल मीडिया’ में सिर्फ बुराई नहीं है, यह एक जबर्दस्त तकनीक और संभावना है जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जा सकता है।

जब आप वो बोलते हैं जो आपको सही दिखता है, तब शायद लोग उसे तुरंत न सराहें, लेकिन हो सकता है पाँच, दस, या फिर सौ साल बाद उसे सराहा जाए। इतिहास में भी देखें तो जो भी व्यक्ति, जिनमें किसी खास तरह की गहनता रही है, उनके मरने के काफी बाद दुनिया ने उन्हें पहचाना। कुछ समय पहले तक दुनिया ऐसी ही रही है। लेकिन आज सोशल मीडिया की वजह से, जीवित रहते हुए ही आपको कुछ हद तक स्वीकृति मिल जाती है।

परवरिश : बच्चे के ‘सुपरस्टार’ बनिए

‘सोशल मीडिया’ अपने आप में बुरी ताकत नहीं है। यह निर्भर करता है कि आप इसे कैसे और किस मकसद के लिए इस्तेमाल करते हैं। बच्चे (और बड़े) सोशल मीडिया से प्रभावित सिर्फ इसलिए हैं क्योंकि शायद यही एक मात्र रोमांचक घटना उनके जीवन में घटित हो रही है। एक काम आप ये कर सकते हैं कि आप अपने बच्चों के लिए खुद को इतना दिलचस्प बनाएँ कि वे अपने फोन को घूरने के बजाए आपके साथ रहना ज्यादा पसंद करें। लोग मुझसे पूछते हैं, ‘सद्‌गुरु, हम क्या करें कि हमारे बच्चे हमें देखें?’ मैंने कहा, ‘आपको उनके मन में एक ‘सुपरस्टार’ बनना होगा।’

इसके लिए आपको जो करना पड़े वह कीजिए। अगर नृत्य करना अपने बच्चों की नजर में आपको सुपरस्टार बनाता है तो आप जरुर डांस कीजिए। अगर गाने से ऐसा हो सकता है तो आप गाना गाइए। उनकी नजर में जो भी सुपर है, आप उसे जरुर कीजिए। जब आप एक नए जीवन को इस दुनिया में लाते हैं तो वह आपकी जिम्मेदारी का हिस्सा बन जाता है, जो सिर्फ प्रजनन की गतिविधि से कहीं बड़ा काम है। दूसरे जीव-जंतुओं को सिर्फ़ बच्चे पैदा करना होता है और शुरुआती दिनों में भोजन देने की जिम्मेदारी होती है – बस।

आप अपने बच्चों के लिए खुद को इतना दिलचस्प बनाएँ कि वे अपने फोन को घूरने के बजाए आपके साथ रहना ज्यादा पसंद करें।

इस धरती के सारे जीव-जंतु स्वाभाविक रूप से बड़े होकर वह बन जाते हैं जो उन्हें बनना है, उनकी परवरिश चाहे जैसे भी हुई हो। लेकिन मनुष्य जब पैदा होता है तो कई आयामों में बड़े पैमाने पर अनिर्मित होता है, जो कि मनुष्य होने की सबसे खास बात है - हम खुद को सचेतन रूप से एक खास तरह का बना सकते हैं। जन्म के समय सिर्फ कुछ ही मापदंड तय रहते हैं, बाकी सारे पोषण और प्रभाव से तय होते हैं। इसलिए मनुष्य को जन्म देना बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी है।

प्रकृति के साथ जुड़ाव

एक साधारण काम जो आप कर सकते हैं - वो है बच्चों को जितना हो सके, प्राकृतिक चीजों के साथ संपर्क का उतना मौका दें। बजाए इसके के उन्हें ‘सिनेमा हॉल’ या ‘शॉपिंग मॉल’ ले जाएँ या टी.वी. दिखाएं, उन्हें जंगल में टहलने के लिए ले जाएँ। अगर आप किसी शहर में रहते हैं और आस-पास कोई जंगल नहीं है तो शुरुआत करने के लिए उन्हें एक एक टिड्डी (ग्रासहॉपर) दे सकते हैं।

यह बच्चों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है कि वे जीवन के साथ संपर्क में होना और उसके प्रति रिस्पांड करना सीखें। अगर आपके पास कोई पालतू जानवर है तो आपको उस पर ध्यान देना पड़ता है। उसकी पसंद-नापसंद को समझना पड़ता है ताकि आप उन्हें अच्छी तरह सँभाल सकें। अच्छे रिश्ते बनाने के लिए यह एक अच्छी ट्रेनिंग है। इसके लिए काफी ध्यान देने और शामिल होने की जरूरत होती है।

एक बार अगर जीवन के साथ एक खास तरह का जुड़ाव हो गया तो उससे बढ़कर कुछ और मनोरंजक नहीं है।

बच्चों को ऐसी ही सहभागिता के साथ बड़े होने की जरुरत है। उन्हें सप्ताह के अंत में या छुट्टी के दिनों में ‘शॉपिंग मॉल’ ले जाने के बजाए शहर के बाहर प्राकृतिक वातावरण में ले जाएँ। अगर आप अपनी खुली आँखों से देखेंगे तो अविश्वसनीय मात्रा में जीवन दिखेगा। आपके बच्चे इन चीजों में स्वाभाविक रूप से रुचि लेंगे, चाहे वो एक कीड़ा हो, टिड्डा या केंचुआ हो।

बच्चों को जीवन के साथ जरुर जोड़ें, क्योंकि यही सबसे हितकारी संबंध है जो आप उनके लिए बना सकते हैं। वे स्वयं जीवन हैं और वे खूब फलते-फूलते हैं जब वे जीवन के साथ मेल-जोल बढ़ाते हैं। इन दिनों मानव समाज में विचार, भावना, पूर्वधारणा, सुझाव, दर्शन, विचारधारा, विश्वास आदि का महत्व बहुत बढ़ गया है। ज्यादातर इंसान ऐसे ही बन गए हैं, और सोशल मीडिया इससे ही भरा हुआ है। इन सबके बजाए बच्चों को जीवन के साथ मेल-जोल बढ़ाने का मौका दीजिए।

एक बार अगर जीवन के साथ एक खास तरह का जुड़ाव हो गया तो उससे बढ़कर कुछ और मनोरंजक नहीं है। जब बच्चे इसे शुरु से अनुभव करेंगे तब वे किसी और दिशा में नहीं भटकेंगे और जीवन के प्रति खुले रहेंगे।