जागरूक संस्कृति

गौतम से बुद्ध बनने की यात्रा – देखिए एक नए नजरिए से

इस महीने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर हम आपके लिए लाए हैं सिद्धार्थ गौतम की बोध प्राप्ति की रूपांतरणकारी कहानी। इस लेख में सद्‌गुरु बुद्ध की शिक्षा पर अपना दृष्टिकोण साझा कर रहे हैं, और हमारे आधुनिक अकेलेपन और मानसिक स्वास्थ्य की चुनौतियों के संदर्भ में उनकी प्रासंगिकता समझा रहे हैं। आइए उस समयहीन ज्ञान की खोज पर पुनः चलें जो चेतना और कल्याण के मार्ग को पोषित करता है।

गौतम को बुद्धत्व की प्राप्ति

सद्‌गुरु: बुद्ध पूर्णिमा गौतम की बुद्धत्व यानी अंतर्ज्ञान की प्राप्ति का दिन है। आठ सालों के बहुत ही रोचक पर निराशाजनक समय के बाद, जिस साधना को उन्होंने अपनाया था, उससे उनका शरीर बहुत कमजोर हो गया था। खासकर आखिरी चार सालों में जब उन्होंने लगभग कुछ नहीं खाया था, शरीर में केवल हड्डी और त्वचा रह गई थी। इस पावन दिन वे उस पेड़ के नीचे बैठे, जो अब बोधि वृक्ष के नाम से बहुत प्रसिद्ध है।

वे इस संकल्प के साथ बैठे, ‘आज या तो मुझे ज्ञान प्राप्त होगा, या फिर मैं यहीं मर जाऊंगा। मैं न तो अपनी आंखें खोलूंगा और न ही उठूंगा।’ जब उन्होंने यह संकल्प लिया, तो जो कुछ भी उन्हें रोक रहा था वे उस सब से मुक्त हो गए और बुद्ध बन गए। अपने शेष 40 वर्षों की जिंदगी में उन्होंने लगातार यात्राएं कीं। 2,500 वर्षों से भी ज्यादा समय के बाद भी आज हम उनके बारे में बात कर रहे हैं।

बुद्ध की शिक्षाओं का सार और प्रभाव

गौतम ने जीवन को देखने का एक बहुत ही साहसिक तरीका पेश किया था: यदि आपके मन पर आपका अधिकार है, तो आपकी नियति आपके हाथों में है, और आप जो चाहें कर सकते हैं। उन्होंने कर्म के बारे में भी बहुत विस्तार से बात की और कहा कि आपके साथ जो कुछ भी हो रहा है वह आपके कर्म-चक्र का परिणाम है। गौतम ने सामाजिक अवरोधों को तोड़ा, अपनी शिक्षाओं को सभी के लिए उपलब्ध कर दिया। आपको या तो इस चक्र को पार करना सीखना चाहिए या कर्म के चक्रीय भंवर में फंसकर रहना होगा, और वही बेतुकी चीजें बार-बार करनी होंगी।

यदि आपके मन पर आपका अधिकार है, तो आपकी नियति आपके हाथों में है, और आप जो चाहें कर सकते हैं।

आध्यात्मिक प्रक्रिया के मामले में गौतम का दृष्टिकोण क्रांतिकारी था। उन्होंने इसे हर किसी के लिए उपलब्ध बना दिया था, जाति, पंथ, और अन्य पहलुओं की परवाह किए बिना। ऐसा योग-प्रणाली में हमेशा से रहा है, लेकिन धीरे-धीरे, समय के साथ, कुछ समुदायों ने आध्यात्मिक प्रक्रिया पर अपना वर्चस्व स्थापित करना शुरु कर दिया और इसे दूसरों की पहुँच से दूर करते गए। ज्ञान बस कुछ लोगों के हाथों में था क्योंकि ज्ञान ही ताकत था।

गौतम ने ये सामाजिक बाधाएं तोड़ीं। उन्होंने अपनी शिक्षा को सभी के लिए उपलब्ध बना दिया, खास तौर से निम्न वर्ग के लोगों के लिए, जिन्हें आध्यात्मिक शिक्षाओं से पहले वंचित रखा जाता था। साथ ही उन्होंने अपनी शिक्षा शासकों और अधिकारियों के लिए भी उपलब्ध की जो उसके प्रसार में सहायता कर सकते थे। एक तरह से उन्होंने अपने जनसम्पर्क (PR) का अच्छी तरह से प्रबंधन किया, जो कि बहुत महत्वपूर्ण है। आपके पास देने के लिए कितनी ही मूल्यवान चीजें या ज्ञान क्यों न उपलब्ध हो, अगर आपके पास उद्यमिता (एंटरप्राइज) नहीं है, तो वह दुनिया तक नहीं पहुंचेगी।

अभी आध्यात्मिकता को उद्यमिता की आवश्यकता है। हमें तरीके खोजने होंगे ताकि पूरी दुनिया तक आध्यात्मिक प्रक्रिया को पहुँचाया जा सके, इसे एक विशेष घटना बनाने के बजाए। जैसे आपके माता-पिता ने आपको दांत साफ करना सिखाया, वैसे ही उन्हें स्वाभाविक रूप से आपको ध्यान करना भी सिखाना चाहिए जब आप आठ या नौ साल के हों। वह यही सिस्टम बनाना चाहते थे।

मानव मन की जादुई क्षमता

गौतम ने यह समझाया कि मानव मन कितनी अद्भुत चीजें कर सकता है। जिसे आप जादू मानते हैं वह एक दैनिक मसला हो सकता है, बशर्ते आप मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया से परे चले जाएँ। लोगों की धारणा में, उनकी शिक्षा का सबसे बड़ा पहलू यह है कि अगर आप अपनी मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया से परे चले जाते हैं, तो आप अपने जीवन को जादुई बना सकते हैं। अगर आप अपनी मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया से दबे हुए हैं, तो आप केवल तार्किक हो सकते हैं। लेकिन अगर आप उससे ऊपर उठ जाते हैं, तो आप अपनी तर्क शक्ति नहीं खोते, लेकिन आप जादुई तरीके से जीने लगते हैं। इसके लिए उन्होंने कई तरीके बनाए जिससे लोगों ने अनुभव करना शुरू किया और तब वह पूरे उपमहाद्वीप में एक लहर की तरह फैल गया।

यदि आप अपने मन पर नियंत्रण कर लेते हैं, तो आप अपने जीवन पर नियंत्रण पा जाएँगे।

गौतम द्वारा लोगों के जीवन में लाया गया यह एक अहम पहलू था - यदि आप अपने मन पर नियंत्रण कर लेते हैं, तो आप अपने जीवन पर नियंत्रण पा जाएँगे।

मन से ऊपर उठने की यह पूरी प्रक्रिया एक बुद्ध बनना है। बुद्ध उनका नाम नहीं है। उनका नाम गौतम सिद्धार्थ है। बुद्ध एक अवस्था है। अगर आप अपनी बुद्धि से ऊपर हैं, तो आप एक बुद्ध हैं। अगर आप बुद्धि में हैं, तो आप एक अविराम पीड़ा वाले मानव हैं। अगर आप बुद्धि से नीचे हैं, तो हम आपको बुद्धू कह सकते हैं।

एक जीव के रूप में हम बुद्धि से नीचे थे। मानव के रूप में हम धीरे-धीरे बुद्धि में विकसित हो गए। अगर आप बुद्धि से ऊपर विकसित होना चाहते हैं, तो इसके लिए सचेतन कोशिश की आवश्यकता है।

मानसिक स्वास्थ्य के लिए मन से ऊपर उठना

गौतम की शिक्षा और उन्होंने योग के जिन पहलुओं पर ध्यान दिया वे आज की दुनिया में बहुत महत्वपूर्ण हैं। हाल ही में, संयुक्त राज्य अमेरिका के सर्जन जनरल ने एक अध्ययन का हवाला देते हुए बताया है कि हर दो अमेरिकियों में से एक अकेला है। अगर आबादी का 50 प्रतिशत अकेलापन महसूस कर रहा है, तो आपने गंभीर मानसिक बीमारियों के लिए उपजाऊ भूमि तैयार की हुई है।

प्रेमियों के बीच, पति-पत्नी के बीच, परिवारों में, और दोस्तों के बीच भी, लोग अकेला महसूस कर रहे हैं। आठ अरब से अधिक लोगों की दुनिया में, आप अकेले हैं? काश कोई जगह थोड़ी अकेली होती। जहाँ भी आप जाएं, लोग हैं। फिर भी, 50 प्रतिशत लोग अकेला महसूस कर रहे हैं।

कुछ हफ्ते पहले, CDC (सेंटर फॉर डिजीस कंट्रोल एंड प्रिवेंशन – अमेरिका की एक सरकारी संस्था) ने घोषणा की कि, किशोर लड़कियों के बीच, हर तीन में से एक अवसाद में है। जब हम बड़े हो रहे थे तो किशोर लड़कियां बिना किसी कारण के उत्साह में खिलखिलाती रहती थीं। अब हर तीन में से एक किशोर लड़की उदास है। ऐसा लगता है कि आंधी के बादल इकट्ठे हो गए हैं, लेकिन हम इसे अनदेखा कर रहे हैं जब तक कि ये बरस नहीं जाएँ और हम पूरी तरह भीग नहीं जाएँ। जल्दी ही हर घर में एक व्यक्ति अवसाद में होगा। यह सिर्फ समय की बात है।

समस्या परिस्थिति नहीं है, समस्या यह है कि आप अपनी मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया से ऊपर उठने में सक्षम नहीं हो पाए हैं।

लोग मानसिक महामारी के बारे में बात कर रहे हैं। यह मजाक नहीं है क्योंकि पूरी दुनिया में मानव समाज इस धरती पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं, जिसकी बड़ी कीमत दूसरे जीव चुका रहे हैं। अगर फिर भी हम किसी दूसरे जीव की तरह, अपने आस-पास की परिस्थितियों से नियंत्रित हो रहे हैं, तो हमें यह सब बिलकुल नहीं करना चाहिए। इसलिए समय आ गया है कि हम अपनी बुद्धि से ऊपर उठें, नहीं तो मानसिक बीमारियाँ एक स्वाभाविक परिणाम होंगी।

अगर आप काम के साथ तनाव में हैं, तो समाधान आसान लग सकता है - आपको नौकरी से निकाल दिया जाए और आप खुश हो सकते हैं। लेकिन अगर आपको वास्तव में नौकरी से निकाल दिया जाए, तो शायद आप और भी अधिक तनाव में होंगे। अगर आप अपनी शादी को लेकर तनाव में हैं, तो क्या आप इससे बाहर आने पर खुश होंगे? नहीं, शायद आप और भी दुखी होंगे। हर चीज के साथ यही है।

समस्या परिस्थिति नहीं है, समस्या यह है कि आप अपनी मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया से ऊपर उठने में सक्षम नहीं हो पाए हैं। आपके भीतर बुद्ध का कोई तत्व नहीं है। अगर आप एक बुद्धू भी होते, तो कम से कम आप खुश रहते। लेकिन अभी आप अपनी मानसिक प्रक्रियाओं के तूफान में फँस गए हैं, हर चीज़ लोगों को परेशान कर दे रही है।

जागरूक धरती के लिए जागरूक मानव

हम दुनिया में जीवन-यापन को आसान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। जब अर्थव्यवस्था अच्छी चल रही होती है, तो इसका मतलब है कि जीवन-यापन एक चुनौती नहीं है। जब अस्तित्व कोई चुनौती नहीं होता, तो यह मानव जाति  के लिए खुद को स्थापित करने का सबसे अच्छा समय होता है। लेकिन जीवन-यापन की चुनौती खत्म होने के बावजूद लोग पूरी तरह परेशान हैं। इसे बदलने का समय आ गया है। यह बेहद महत्वपूर्ण हो गया है कि मानव जाति मन से ऊपर उठना सीखे।

गौतम ने अपनी शिक्षा के प्रभाव को अधिक लोगों तक पहुँचाने के लिए राजाओं तक पहुँच बनाई। आज हमारे पास पूरी दुनिया तक पहुँचने के लिए तकनीकें हैं। 'मिट्टी बचाओ' अभियान के माध्यम से हम चार अरब से अधिक लोगों तक पहुंच चुके हैं। अब जब उनके मन थोड़े खुले हैं, मैं इसे वहीं नहीं छोड़ना चाहता। हमें उन्हें ध्यान करना सिखाना होगा। क्योंकि मानव के जागरूक हुए बिना न तो मिट्टी ठीक होगी और न ही आकाश ठीक होगा।

मानव जाति जिस तरह से अपनी शक्ति और तकनीक का उपयोग करती है, और हम कितने सचेतन होकर जीते हैं, खाते हैं, चलते हैं, साँस लेते हैं, प्रजनन करते हैं, और मरते हैं यह तय करेगा कि सब कुछ कैसे होगा। मैं चाहता हूँ कि आप सभी अपने भीतर यह संकल्प लें। हमें एक जागरूक धरती बनानी होगी।