मुख्य आलेख

सद्‌गुरु का क्या है लक्ष्य और कैसे दे सकते हैं आप उसमें अपना योगदान?

बाली और कंबोडिया में सद्‌गुरु के साथ गहन और अंतरंग ‘मिस्टिक म्यूजिंग्स’ कार्यक्रम के समापन पर, आभार प्रकट करते हुए एक प्रतिभागी ने सद्‌गुरु की वर्षों की अथक प्रतिबद्धता को देखते हुए एक महत्वपूर्ण प्रश्न पूछा। यह प्रश्न कई लोगों के मन में हो सकता है। इस सवाल में यह जानने की इच्छा है कि हम मानव कल्याण और पर्यावरण जागरूकता के प्रति सद्‌गुरु के व्यापक कार्यों में अपना योगदान कैसे दे सकते हैं। जवाब में सद्‌गुरु की गतिविधियों को तीन क्षेत्रों में समेटा गया है जहाँ हम अपनी व्यक्तिगत साधना के अलावा उनके दृष्टिकोण का समर्थन करके मानव जाति पर ही नहीं बल्कि पूरी धरती पर एक रूपांतरणकारी प्रभाव डाल सकते हैं। आगे पढ़िए और जानिए कि कैसे आप भी इसमें शामिल हो सकते हैं।

प्रश्नकर्ता: सद्‌गुरु, आपने हमारे लिए बहुत कुछ किया है। हम अपनी साधना के अलावा ऐसी कौन सी तीन चीजें हैं जो हम आपके लिए कर सकते हैं?

पूरी दुनिया में प्राण-प्रतिष्ठित स्थानों का निर्माण

सद्‌गुरु: दुनिया में करने के लिए बहुत कुछ है, और आप देखिए कि आप इसमें अपना योगदान कैसे कर सकते हैं। अभी हम दुनिया भर में कई प्राण-प्रतिष्ठित स्थानों का निर्माण कर रहे हैं, जहाँ भी संभव हो। ‘जागरूक धरती’ अभियान के तहत हम अमेरिका में लगभग 32 वर्ग मील भूमि पर एक योग-शहर बना रहे हैं। हमारा लक्ष्य इस भूमि को प्रतिष्ठित करना है और अगले छह से आठ वर्षों में हम एक ऐसा प्राण-प्रतिष्ठित शहर बनाना चाहते हैं जहां लगभग 30,000 से 35,000 लोग रह सकें।

हम बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली और संभवत: गुवाहाटी में भी केंद्र बना रहे हैं। हम ऐसे स्थल बनाना चाहते हैं, जहाँ भी हमें जमीन और आवश्यक समर्थन मिले। क्योंकि मेरा इरादा तो पूरी धरती को प्रतिष्ठित करना है। हम अकेले ऐसा नहीं कर सकते क्योंकि हमारा फोकस धन कमाना कभी भी नहीं रहा है।

ईशा फाउंडेशन के शुरुआती लगभग 18 से 20 वर्षों तक मैंने यह तय कर रखा था कि यह संगठन पैसे के बिना रहे क्योंकि मैं गलत तरह के लोगों को उसके केंद्र में आने से रोकना चाहता था। इसलिए जो लोग भी शामिल हुए, वे प्रेम और समर्पण से काम करने आए, वे इस वजह से नहीं आए कि हमारा संगठन अमीर था। अब हमारे पास ऐसे लोग हैं जिनके लिए सोने का पहाड़ भी कोई मायने नहीं रखता है, भले ही आप उन्हें उसे भेंट कर दें। अब समय आ गया है कि प्रतिष्ठित स्थलों का निर्माण किया जाए - ऐसे स्थल जहाँ सिर्फ होने भर से ही रूपांतरण शुरू हो जाए। क्योंकि यही वह चीज है जो लंबे समय तक मानवता के लिए काम आएगी।

अब समय आ गया है कि प्रतिष्ठित स्थलों का निर्माण किया जाए - ऐसे स्थल जहाँ सिर्फ होने भर से ही रूपांतरण शुरू हो जाए।

जहाँ तक संभव हो सके ऐसा पूरी दुनिया में होना चाहिए। हाँ, भारत में हमारे लिए उचित माहौल मौजूद है। यहाँ लोग इस तरह के काम को आसानी से समझते हैं इसलिए हम यहाँ अधिक सक्रिय हैं। भारत के बाहर इसे शुरू करने के लिए बहुत अधिक कोशिश की आवश्यकता होती है। लेकिन किसी भी देश के साथ मुझे कोई समस्या नहीं है, हमें बस जरुरी मदद चाहिए। भारत में राज्य सरकारों द्वारा हमें भूमि प्रदान करने के कारण स्वाभाविक रूप से हमारा अधिकांश काम यहीं होगा। जैसा कि मैंने कहा ऐसा किसी राष्ट्रीय पूर्वाग्रह के कारण नहीं है, बल्कि इसलिए क्योंकि यह काम यहाँ अधिक आसानी से हो जाता है।

इसे संभव बनाने के लिए हमें और अधिक ऐसे लोगों की आवश्यकता है जो अभ्यास करते हैं, और समझते हैं कि क्या किया जा रहा है। इस प्रयास में हम युवाओं पर फोकस कर रहे हैं और इनर इंजीनियरिंग कार्यक्रम के लिए 50 प्रतिशत और 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति भी दे रहे हैं। यदि आप अपनी क्षमता के अनुसार - चाहे 10, 20, 100 या दस लाख छात्रवृत्तियों को प्रायोजित (स्पॉन्सर) कर सकते हैं, तो हम उन्हें योग्य युवाओं तक पहुंचाएंगे ताकि लाखों युवा इस कार्यक्रम को करके अपना अभ्यास शुरू कर सकें।

अभ्यास करने वाले साधकों के बिना हम इस सोच को साकार नहीं कर सकते। लोगों को इसका अनुभव होना चाहिए तभी वे इसमें अपना योगदान दे पाएँगे। यही वह शुरुआती कदम है जिस पर हम अभी काम कर रहे हैं।

तीन अरब का लक्ष्य

2024 में हम कुछ लाख युवाओं और सभी आयु वर्ग और क्षमताओं के लोगों तक पहुंचना चाहते हैं जो दिन में 21 मिनट के लिए अपनी आंखें बंद करने के लिए तैयार हों। तीसरे चरण के रूप में हम मानसिक सेहत पर काम कर रहे हैं, 15 मिनट के एक अभ्यास के साथ जिसे 12 से 15 अलग-अलग रूपों में पेश किया जाएगा। यदि हम अपनी वयस्क आबादी को दिन में 15 मिनट के लिए आंखें बंद करने में सक्षम बना सकते हैं, तो दुनिया काफी हद तक बदल जाएगी।

हम 2025 के अंत तक कम से कम तीन अरब लोगों को आंखें बंद करने के लिए प्रोत्साहित करने के तरीके तलाश रहे हैं। हम इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए एक बड़ा सा ऐप बना रहे हैं। हमें इसे संभव बनाने के लिए तकनीक, धन और अलग-अलग स्तरों पर सहायता की आवश्यकता है। कृपया आप देखिए कि आप किस तरह और क्या योगदान कर सकते हैं।

यदि हम अपनी वयस्क आबादी को दिन में 15 मिनट के लिए आंखें बंद करने में सक्षम बना सकते हैं, तो दुनिया काफी हद तक बदल जाएगी।

मानव खुशहाली के लिए लंबे समय तक तीन पहलुओं पर ध्यान देना महत्वपूर्ण है - मानसिक स्वास्थ्य, ध्यान में अधिक स्थित  होना, और प्राण-प्रतिष्ठित स्थल। मानव-जाति या कहें होमो सेपियंस, इस धरती पर सबसे सक्षम और कुशल प्रजाति है। लेकिन दुर्भाग्य से हम ग्रह पर सबसे विनाशकारी प्रजाति बन गए हैं।

लुप्त होती प्रजातियाँ और मानसिक बीमारियां

बहुत बड़ी संख्या में ऐसी प्रजातियाँ लुप्त होती जा रही हैं जो हमारे जीवन का आधार हैं। यदि वे अगले 25 वर्षों तक इसी रफ्तार से लुप्त होती रहीं तो मानव जीवन तबाह हो जाएगा। जब मैं तबाह होने की बात कर रहा हूँ तो इसका मतलब यह नहीं है कि हम सभी मर जाएंगे। पहली चीज जो तबाह होगी, वह होगी हमारा ‘सॉफ्टवेयर।’ अनुमान है कि 2045 तक दुनिया की आधी  आबादी को मनोचिकित्सक की आवश्यकता होगी। और इतने सारे मनोचिकित्सक तैयार करना असंभव होगा। यह भी अनुमान है कि 2045 से 2055 के बीच मानव आबादी के 20 प्रतिशत लोग आत्महत्या कर सकते हैं। और ये हमारे बच्चे होंगे।

अनुमान है कि 2045 तक दुनिया की आधी आबादी को मनोचिकित्सक की आवश्यकता होगी।

दस अरब में से बीस प्रतिशत का मतलब होगा दो अरब लोगों की आत्महत्या – वह भी दस साल के अंतराल में। यह सबसे बुरी किस्म की आपदा होगी, कोई विश्व युद्ध ऐसा नहीं कर सकता। लेकिन वैज्ञानिक यही अनुमान लगा रहे हैं, और हम उसी दिशा में बढ़ रहे हैं। लेकिन अगले पांच से दस वर्षों में अगर हम सही कदम उठाते हैं, तो हम इस रुझान को पलट सकते हैं। शायद हम इसे पूरी तरह से नहीं रोक पाएँ, लेकिन हम इसे काफी हद तक कम कर सकते हैं - ऐसे कुछ अभ्यास लोगों को सिखा सकते हैं जिससे वे खुद को पलट सकें। ऐसा करना संभव है।

‘मिट्टी बचाओ’ अभियान आगे बढ़ रहा है, कम से कम नीति के स्तर पर। एक बार नीति तय हो जाए, फिर वह लागू होगी, कार्यवाही होगी, जिसमें और पांच से आठ साल लग सकते हैं। हमने COP-28 के साथ भी काम किया है और अब आगामी COP-29 की तैयारी कर रहे हैं। यह सही दिशा में बढ़ रहा है, और हमें उम्मीद है कि यह रफ्तार पकड़ेगा। मानसिक स्वास्थ्य इतना लंबा इंतजार नहीं कर सकता। हमें अधिक तेजी से कार्यवाही करनी होगी, नहीं तो चीजें और बिगड़ेंगी।

अगले पांच से दस वर्षों में अगर हम सही कदम उठाते हैं, तो हम इस रुझान को पलट सकते हैं।

जब सूक्ष्मजीवों, कीट और कीड़ों की आबादी गिरती है तो मानव प्रणाली में पहली चीज जो तबाह होती है वह है ‘सॉफ्टवेयर’ या हमारा मानसिक ढाँचा। दूसरी चीज जो बर्बाद होगी वह है – ‘हार्डवेयर’ यानी हमारा भौतिक शरीर। ऐसा होने की उम्मीद 2045 से 2060 के बीच है। लोग बड़ी संख्या में आत्महत्या करेंगे क्योंकि तकलीफ इतनी होगी  कि जीवित रहना मुश्किल होगा। अगर 50 प्रतिशत आबादी पीड़ित होगी, तो उसमें से शायद 20 प्रतिशत असहनीय पीड़ा के कारण आत्महत्या कर सकते हैं। हम उस हालत से बहुत दूर नहीं हैं। जरा गौर कीजिए कि मौसम के पैटर्न कैसे बदल रहे हैं।

अगर आप अप्रैल में भारत को देखें, तो वहाँ हर जगह तपती गर्मी है, तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रह रहा है। कई जगहों पर चार महीने से अधिक समय से बारिश नहीं हुई है। ऐसे मौसम में वहाँ रहना मुश्किल हो जाता है। अगर तापमान 45 या 50 डिग्री से ज्यादा बढ़ जाता है, तो आप हेलीकॉप्टर या विमान भी नहीं उड़ा सकते।

उथल-पुथल के युग में मानसिक पोषण

लगभग हर शहर में पानी की कमी है। जो बेहतर तरीके संगठित हैं, वे अपनी आबादी की सेवा के लिए दूसरे जीवों या दूसरे इंसानों से पानी ले रहे हैं, लेकिन यह लंबे समय तक नहीं चलेगा। सबसे बड़ी बात यह कि हम एक ऐसे तरीके से जी रहे हैं जो बिल्कुल भी टिकाऊ नहीं है - न तो हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए, और न ही पारिस्थितिकी (इकोलॉजी) के लिए।

लंबे समय तक जीना वरदान होना चाहिए था, लेकिन दुर्भाग्य से यह एक अभिशाप बन गया है।

हमारी आबादी बढ़ रही है, इस वजह से नहीं कि हमारी जन्म-दर बढ़ गई है - जन्म-दर तो कम हुई है - बल्कि इसलिए कि हम सभी लंबे समय तक जी रहे हैं। लंबे समय तक जीना वरदान होना चाहिए था, लेकिन दुर्भाग्य से यह एक अभिशाप बन गया है। जब ऐसी स्थिति होगी, तो लोग एक-दूसरे को कोसना शुरू कर देंगे, ‘तुम इतने लंबे समय तक क्यों जी रहे हो?’ वैज्ञानिक अध्ययन स्पष्ट रूप से दिखा रहे हैं कि हम इसी दिशा में बढ़ रहे हैं। लेकिन हम व्यवहार ऐसा कर रहे हैं मानो कुछ नहीं हुआ है। कहा जाता है, ‘अज्ञानता आनंद है’ - जैसे किसी ऊंची इमारत से कूदना बहुत आनंददायक होता है जब तक आप जमीन से नहीं टकराते।

हम मानसिक स्वास्थ्य में जितना संभव हो उतना सुधार करना चाहते हैं ताकि जब स्थितियां कठिन हो जाएं तो मनुष्य समझदारी से व्यवहार करें। यदि लोग घबरा गए और बेकाबू हो गए, तो इन स्थितियों को संभालना असंभव होगा।