
क्या होता है जब एक मानव जीवन ने 1,008 पूर्णिमाएं देख ली हों? यहाँ सद्गुरु एक ऐसी आध्यात्मिक घटना के बारे में बता रहे हैं जो लोगों को कम ज्ञात है कि कैसे 84 वर्ष की आयु तक पहुंचना मानव अस्तित्व के सॉफ्टवेयर को बुनियादी रूप से बदल देता है।
कुछ बच्चे जीवन में अकारण ही रुचिहीन क्यों होते हैं, या कैसे हमारे ऊर्जा पैटर्न चक्रीय से सीधी रेखाओं में बदल जाते हैं – इन सवालों के जवाब के द्वारा सद्गुरु उन छुपी हुई प्रणालियों की बात बता रहे हैं जो तय करती हैं कि कौन पुनर्जन्म लेता है - और कौन पूरी तरह से मुक्त हो जाता है।
प्रश्न: नमस्कारम् सद्गुरु। आपने कहा है कि जो व्यक्ति 84 साल या उससे अधिक जी लिया हो उसका पुनर्जन्म नहीं होता। कृपया इसे विस्तार से बताएं?
सद्गुरु: लोग हमेशा जीवन के हर पहलू को सरल तर्क में बदलने की कोशिश करते हैं। जबकि इसके कई पहलू होते हैं। यदि कोई व्यक्ति लगभग 82 साल की उम्र पार कर जाता है, तो इसका मतलब है उसके भौतिक शरीर ने 1008 पूर्णिमाएं देख ली हैं और वो एक निश्चित अनुकूलता की स्थिति में पहुंच गया है। भीतर का जीवन अपने सॉफ्टवेयर को खोलना शुरू कर देता है, और चक्रीय अस्तित्व की बाध्यकारी प्रवृत्ति को तोड़ता है। इसका यह मतलब नहीं है कि ऐसा व्यक्ति निश्चित रूप से दोबारा जन्म नहीं लेगा। वे थोड़े अजीब सॉफ्टवेयर के रूप में आ सकते हैं, जहाँ यदि वे बहुत कम काम करें, तो भी आसानी से पार हो सकते हैं।
जब हम 1,008 चांदों से अधिक जीने की बात करते हैं, तो यह इस बारे में नहीं है कि आप क्या कर सकते हैं या क्या नहीं कर सकते। हो सकता है आप दौड़ न सकें, पेड़ पर न चढ़ सकें, या कुछ अन्य चीजें न कर सकें। लेकिन बोध और अनुभव के मामले में, आप अभी भी एक पूर्ण जीवन हैं, अपनी सभी क्षमताओं को कायम रखते हुए। आप सुन सकते हैं, सूंघ सकते हैं, स्वाद ले सकते हैं, छू सकते हैं, समझ सकते हैं, समझा सकते हैं, याद रख सकते हैं – क्योंकि यदि इनमें से कोई भी चीज़ असफल हो जाती है, तो आप पूरी तरह से नहीं जी रहे। मान लीजिए आपकी सुनने की शक्ति चली गई, तो अस्तित्व का एक पूरा आयाम खो गया। या यदि आप देख नहीं सकते, तो आपके जीवन में दृष्टि का पूरा आयाम चला गया।
यदि आप एक पूर्ण जीवन जी रहे हैं, तो 1,008 पूर्णिमा के बाद आपके संवादात्मक सॉफ्टवेयर की अखंडता बड़े पैमाने पर टूट जाती है – यह खुल जाता है। एक बार ऐसा हो जाने पर, जीवन के चक्रीय होने की प्रवृत्ति अधिकतर चली जाती है, और यह सीधा चलना शुरू कर देता है। उदाहरण के लिए, ब्रह्मांड में कण सीधी रेखा में चलेंगे यदि कोई रुकावट न हो। यही बात ग्रहों और यहाँ तक कि पूरे ब्रह्मांड पर लागू होती है – जब तक कि कोई चीज़ उन्हें अंदर की ओर न खींचे, जिससे वे किसी दूसरी वस्तु के चारों ओर घूमें, वे सीधी रेखा में चलेंगे। आज, हम जानते हैं कि पूरी आकाशगंगाएं मुड़ी हुई हैं, कुछ भी सीधी रेखा में नहीं जा रहा।
यदि आप एक पूर्ण जीवन जी रहे हैं, तो 1,008 पूर्णिमा के बाद आपके संवादात्मक सॉफ्टवेयर की अखंडता बड़े पैमाने पर टूट जाती है
जीवन की प्रक्रिया में, जब आप अपने बाहर की किसी चीज़ के प्रभाव में होते हैं, तो आपका जीवन स्वाभाविक रूप से वक्र हो जाता है। वक्र का मतलब है कि आप एक वृत्त की तैयारी कर रहे हैं। हम इसे संसार कहते हैं। क्योंकि आपकी स्मृति टुकड़ों में काम करती है, आप पूरे वक्र को याद नहीं रखते। जो भी हिस्सा आपको याद रहता है वह एक सीधी रेखा की तरह लगता है, जिससे आपको लगता है कि आप कहीं जा रहे हैं। लेकिन आप कहीं नहीं जा रहे – आप एक चक्र में घूम रहे हैं।
माँ वनश्री के जीवन में 1,008 पूर्णिमाओं के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में, ईशा योग केंद्र में 'सहस्र चंद्रोदयम' समारोह का आयोजन।
विचार है उस चक्र को तोड़ना ताकि आपकी ऊर्जा अब मुड़े नहीं। यदि कोई चांद के 1,008 चक्र पूरे करता है, तो उसकी ऊर्जा या सॉफ्टवेयर पर बाहरी प्रभाव बहुत कम हो जाता है।
आप यह 84 या 85 साल से अधिक उम्र के लोगों में होते देख सकते हैं – उनकी विशेषताएं नाटकीय रूप से बदल जाती हैं। अचानक उनका गुस्सा, बहुत अधिक लगाव, या दूसरी बाध्यकारी प्रवृत्तियां चली जाती हैं, और उनमें एक तरह की आजादी आ जाती है – यदि उनकी सभी क्षमताएं बरकरार हों।
आप यह 84 या 85 साल से अधिक उम्र के लोगों में होते देख सकते हैं – उनकी विशेषताएं नाटकीय रूप से बदल जाती हैं।
आज, पश्चिम में कई लोग 85 साल से अधिक जी रहे हैं, लेकिन उनमें से कम से कम 20 से 30 प्रतिशत लोगों ने अपनी याद्दाश्त खो दी है। भारत में हम अभी वहाँ नहीं हैं, लेकिन हम भी उस दिशा में जा रहे हैं, विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में। जिन लोगों ने अपनी याद्दाश्त खो दी है, उनके लिए 84 या 85 साल का होना महत्वपूर्ण नहीं है।
लेकिन जिन्होंने अपनी क्षमताओं को बरकरार रखा है, उनकी विशेषताएं बिना प्रयास के बदल जाएंगी, क्योंकि जो सॉफ्टवेयर कसा हुआ था वह ढीला हो जाता है, जैसे-जैसे बाहरी प्रभाव कम होता है। जीवन प्रक्रिया, वक्र में चलने के बजाय सीधी होना शुरू कर देती है। यदि वे जागरूकता में जीते हैं, तो यह बहुत जल्दी सीधी हो जाएगी, नहीं तो यह धीरे-धीरे सीधी होगी।
इस आधार पर हम कहते हैं कि यदि कोई चांद के 1,008 चक्रों से अधिक जीता है, तो वे मुक्ति की ओर जा रहे हैं। जब वे शरीर छोड़ते हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि वे मुक्त हैं, लेकिन वे उस दिशा में जा रहे हैं, यदि सॉफ्टवेयर ढीला हो गया है लेकिन पूरी तरह से सीधा नहीं हुआ है। शरीर के बिना, नई कोख में वापस जाने की आवश्यकता और बाध्यता काफी कम हो जाती है। एक कोख ताज़ी, जीवंत जिंदगी चाहती है, न कि ऐसी जिंदगी जो केवल तैर रही हो। वे आसानी से कोख नहीं पाएंगे, लेकिन कभी-कभी पा जाते हैं।
मुझे यह नहीं कहना चाहिए क्योंकि आप में से कुछ लोग जो भी देखते हैं उस पर फैसला करना शुरू कर सकते हैं, लेकिन आप पाएंगे कि कुछ बच्चे हर चीज़ में एक निश्चित रुचिहीनता के साथ पैदा होते हैं। ऐसा इसलिए नहीं है कि उनके साथ कुछ हुआ है, न ही यह मनोवैज्ञानिक कारणों से है। यदि 12 साल से कम उम्र के बच्चे खेल, रंगों, या तेज़ी से चलने वाली चीज़ों में रुचि नहीं रखते – यदि वे जो भी देखते, सुनते, सूंघते, या चखते हैं उसके बारे में उत्साहित नहीं होते – तो या तो यह वह प्राणी है जिसने 1,008 चांद-चक्र पार कर लिए लेकिन दोबारा जन्म न लेने के लिए पर्याप्त सीधा नहीं हुआ, या वह एक संत हो सकता है। लेकिन एक संत एक अलग तरह की गुणवत्ता दिखाएगा, न कि केवल रुचिहीनता। वे दूसरी तरह की चीज़ों में रुचि दिखाएंगे।
84 साल की उम्र पहुंचने पर कोई गारंटी नहीं है, लेकिन यह निश्चित रूप से एक संभावना को खोलता है।
वे बच्चे जिनकी किसी भी चीज़ में कोई रुचि नहीं है, जिन्हें आपको खेलने या चीज़ें करने के लिए प्रेरित करना पड़ता है, वे केवल 32 या 33 साल की उम्र के बाद अभिव्यक्ति पाएंगे। जब वे चंद्रमा के 480 चक्रों के करीब पहुंचते हैं, तो वे जीवंत हो जाते हैं। उनकी रुचिहीनता उन्हें भाग लिए बिना चीज़ों को देखने का फायदा दे सकती है। जब तक वे 460 और 480 चन्द्र-चक्रों के बीच कहीं होते हैं, वे अचानक बुद्धिमान हो सकते हैं।
ऐसा कई लोगों के साथ हुआ है, पहले सभी ने सोचा कि वे किसी काम के नहीं हैं, लेकिन जब वे 32 से 35 के हुए, वे अचानक परिपक्व हुए और कुछ ऐसा करना शुरू किया जिसकी दूसरे कल्पना भी नहीं कर सकते थे। तो, 84 साल की उम्र पहुंचने पर कोई गारंटी नहीं है, लेकिन यह निश्चित रूप से एक संभावना को खोलता है।
