मुख्य आलेख

जब गुरु के पीछे चल पड़ते हैं युवा, अपने स्वजनों को छोड़…

क्यों प्रतिभाशाली युवा पारंपरिक जीवन की राहों के बजाय आध्यात्मिक विकास की राह चुनते हैं? हो सकता है उन्हें यह एहसास हो कि सफलता के सामान्य मापदंडों - करियर, शादी और घर से जीवन कहीं अधिक है। ‘मनुष्य एक अधूरी परियोजना है,’ एक अलग दृष्टि प्रस्तुत करते हुए सद्‌गुरु समझाते हैं कि एक संपूर्ण जीवन जीने का क्या मतलब है।

प्रश्नकर्ता: सद्‌गुरु, कुछ लोग कहते हैं कि आप अपने ‘व्यक्तिगत एजेंडे’ को पूरा करने के लिए उन युवाओं को ले जाते हैं जिनका उज्ज्वल भविष्य है। इस पर आपका क्या कहना है?

मंदबुद्धि की संगति में क्यों रहना?

सद्‌गुरु: वे सही कह रहे हैं – मैं केवल होशियार लोगों को लेता हूं, चाहे वे युवा हों या बूढ़े। मंदबुद्धि लोगों की संगति में मैं क्या करूंगा? मैं कम बुद्धि वाले लोगों के खिलाफ नहीं हूं, लेकिन उनके साथ काम करना कठिन है।

मैं जो कुछ भी करता हूं वह व्यक्तिगत है क्योंकि मैं अस्तित्व में मौजूद हर चीज को अपना हिस्सा मानता हूं। लेकिन व्यक्तिगत की आपकी धारणा मेरी धारणा से अलग हो सकती है।

एक साहसी तोते का सरल तर्क

इससे मुझे एक कहानी याद आती है। एक बार एक छोटे से किराना दुकान के मालिक के पास एक पालतू तोता था। वह पक्षी दुकान का मुख्य आकर्षण था – वह हमेशा बोलता रहता और ग्राहकों से बातचीत करता था। दुकान मालिक खुश था क्योंकि तोता अपना उद्देश्य पूरा कर रहा था।

एक दिन, जब मालिक बाथरूम में था, दुकान पर रहने वाली बिल्ली ने एक चूहा देखा और उस पर हिंसक रूप से झपटी। तोता डर गया और पागलों की तरह दुकान में उड़ने लगा। अपनी घबराहट में, उसने महंगे बादाम तेल का एक जार गिरा दिया। जार गिरकर फर्श पर बिखर गया और एक महंगी चीज गंदगी बन गया।

मैं जो कुछ भी करता हूं वह व्यक्तिगत है क्योंकि मैं अस्तित्व में मौजूद हर चीज को अपना हिस्सा मानता हूं।

जब मालिक वापस आया और देखा कि क्या हुआ है, उसने तोते की ओर गुस्से से देखा और चिल्लाया, "अरे मूर्ख! तूने इतनी महंगी चीज गिरा दी।" उसने एक छोटी छड़ी ली और तोते के सिर पर मारना शुरू कर दिया। तोते के रोने के बावजूद आदमी तब तक मारता रहा जब तक कि पक्षी के सिर के सारे पंख नहीं झड़ गए। उसके बाद से, तोता दुकान के एक कोने में बैठा रहता, गंजा और उदास।

कुछ समय बाद दुकान मालिक को बहुत पछतावा हुआ। उसने तोते को सबसे अच्छा खाना दिया और लगातार उससे बात करने की कोशिश की। उसने विनती की, गुजारिश की, माफी मांगी, लेकिन तोता कभी कोई शब्द नहीं बोला। हताश मालिक ने अपने ग्राहकों से भी पक्षी से बात करने को कहा, यह बताते हुए कि ‘वह मुझसे नाराज है।’ लेकिन सारी कोशिशों के बावजूद तोते ने कभी जवाब नहीं दिया। वह बस वहीं बैठा रहता, गंजा और उदास।

एक दिन, एक बड़ा आदमी जो पूरी तरह गंजा था, दुकान में आया। तोता उसे देखते ही अपना दुख भूल गया। वह काउंटर पर उड़कर गया, वहां बैठ गया, और पूछा, ‘तो तुमने भी बादाम तेल का जार गिराया था क्या?’

स्वार्थ का व्यापक दृष्टिकोण

हर कोई जीवन को केवल उसी तरह समझता है जैसा उसे पता होता है, आख़िर लोग और कैसे समझ सकते हैं? दुर्भाग्य से, अधिकांश लोगों ने अपना पूरा जीवन इस तरह से बना रखा है कि हर कदम, हर रिश्ता, हर कार्य इस बारे में है कि वे दूसरों से क्या निचोड़ सकते हैं।

यहां तक कि जब वे शादी करते हैं, तो वे केवल इस बारे में सोच रहे होते हैं कि उससे कितना पैसा, खुशी और दूसरी चीजें मिल सकती हैं। अगर वे किसी गतिविधि को देखते हैं, तो वे केवल इस बारे में सोचते हैं कि कैसे कोई दूसरों का इस्तेमाल कर सकता है, क्योंकि वे इससे आगे नहीं सोच सकते।

इंसान एक अधूरी परियोजना है। मैं परियोजना को पूरा करने के लिए लोगों को 'ले रहा' हूं।

मुझे नहीं लगता कि मैंने पर्याप्त युवा, प्रतिभाशाली लोगों को लिया है, क्योंकि उनके लिए मनुष्य के रूप में बहुत कुछ करना बाक़ी है। इंसान एक अधूरी परियोजना है। मैं परियोजना को पूरा करने के लिए लोगों को ‘ले रहा’ हूं।

जब मैं लोगों को देखता हूं – जैसे वे हैं, जैसे वे जीते हैं, और जैसे उन्होंने अपना जीवन बनाया है – मैं स्पष्ट रूप से देख सकता हूं कि वे अधूरी परियोजना के रूप में ही मरेंगे। जब मैं यह संभावना देखता हूं कि वे पूरे हो सकते हैं, तो मैं उन्हें लेना चाहता हूं। कुछ पहले ही जा चुके हैं, बाक़ी दूसरे अभी भी यहां हैं, लेकिन वे पहले ही जा चुके हैं।

जो कोई भी इस बारे में बात कर रहा है – मुझे पता है कि कई लोग हैं – इससे क्या फर्क पड़ता है? लोग हमेशा बात करने के लिए कुछ न कुछ ढूंढ लेते हैं, ऐसा क्या है जिसके बारे में वे बात नहीं करते?

गंदगी में फँसा मन 

जब भी कोई आध्यात्मिक प्रक्रिया होती है और लोग उसकी ओर आकर्षित होते हैं, तो पहला सवाल हमेशा ‘व्यक्तिगत एजेंडे’ के बारे में खड़ा हो जाता है। अगर युवा महिलाएं शामिल हैं, तो आप जानते ही हैं कि वे क्या सोच रहे होंगे। अगर वे युवा पुरुष हों, तो लोग बंधुआ मजदूरी या कुछ और मान लेते हैं। लोग बस अपनी आदिम प्रवृत्तियों से आगे नहीं सोच सकते, यही उनकी बुनियादी समस्या है।

यदि वे उससे आगे सोचने का उपाय करते हैं, तो अगली चीज जो वे सोच सकते हैं वह केवल पैसा है। उनके जीवन में इन चीजों के अलावा कुछ नहीं है।

लोग बस अपनी आदिम प्रवृत्तियों से आगे नहीं सोच सकते, यही उनकी बुनियादी समस्या है।

ऐसे लोगों की टिप्पणियां और राय निरर्थक हैं। किसी को भी ऐसी राय से निर्देशित नहीं होना चाहिए, लेकिन दुर्भाग्य से, दुनिया अक्सर होती है। यह भी हमारी परियोजनाओं में से एक है, दुनिया को उन लोगों की राय से मुक्त करना जो इन दो बुनियादी प्रेरणाओं से आगे नहीं सोच सकते।

बुद्ध और गर्भवती महिला

ऐसा गौतम बुद्ध के साथ भी हुआ था। वे जहां भी जाते, लोग इकट्ठे होते, और युवा पुरुष और महिलाएं अपने परिवार छोड़कर भिक्षु बन जाते। उनके पीछे 40,000 भिक्षुओं के साथ, कम से कम 20,000 नाराज परिवार थे। इसे संभालना आसान नहीं है।

आज की तरह नहीं, जहां आप घर छोड़ने के बाद भी फोन और ईमेल से संपर्क बनाए रख सकते हैं, तब एक बार वे गौतम के पास गए तो वे बस गायब हो जाते। परिवार वाले उन्हें फिर कभी नहीं देख पाते थे। बुद्ध यह सुनिश्चित करते कि भिक्षुओं को ऐसी जगहों पर भेजा जाए जहां कोई उन्हें कई वर्षों तक देख या मिल न सके।

उनके पीछे 40,000 भिक्षुओं के साथ, कम से कम 20,000 नाराज परिवार थे। इसे संभालना आसान नहीं है।

स्वाभाविक रूप से, परिवारों में गुस्सा था। कुछ लोगों ने उन्हें बदनाम करने की योजना बनाई। एक बड़े शहर में उनकी एक बड़ी सभा के दौरान, एक महिला जो कई महीनों की गर्भवती दिख रही थी, आगे आई और उनके सामने खड़ी होकर चिल्लाई, "बहुत हुई ये आध्यात्मिक बातें! आपने मुझे गर्भवती बनाया है। आप इस बच्चे के लिए क्या करने जा रहे हैं? मेरे बच्चे को देने के लिए आपके पास क्या है?"

पूरी सभा के सामने उस महिला ने दावा किया कि गौतम ने उसे गर्भवती बनाया था। उन्होंने कुछ नहीं कहा क्योंकि यह उनकी गरिमा के नीचे होता। उन्होंने बस उसकी ओर देखा। वह एक पेशेवर थी जो पैसों के लिए ऐसा करने वहां आई थी। उनकी स्थिर दृष्टि से वह इतनी असहज हो गई कि वह घबराहट से कांप उठी, और उसकी पोशाक के नीचे का तकिया जो उसने गर्भवती दिखने के लिए लगाया था, जमीन पर गिर गया। और बुद्ध ने अपनी बात जारी रखी। बुद्ध ने अपने पूरे जीवन में ऐसी कई स्थितियों का सामना किया, और वे अकेले नहीं थे।

जब लाओत्से बने बलि का बकरा

ऐसा लाओत्से के साथ भी हुआ, इतना सौम्य व्यक्ति, उनका कोई एजेंडा नहीं था, ना व्यक्तिगत या ना कोई दूसरा।

एक दिन, एक अविवाहित जवान महिला जो उनका घर साफ करती थी, गर्भवती हो गई। जब उसके पिता ने जानना चाहा कि जिम्मेदार कौन है और उसे बुरी तरह पीटा, तो उसने सोचा कि यह कहना बेहतर होगा कि यह मास्टर लाओत्से थे।

गुस्से में पिता ने गांव के बुजुर्गों को इकट्ठा किया, और लाओत्से के सामने गए, "लड़की कहती है कि आप उसकी गर्भावस्था के लिए जिम्मेदार हैं।"

लाओत्से ने जवाब दिया, "क्या ऐसा है?"

उन लोगों ने उन्हें धोखेबाज कहा, उनका घर तोड़ दिया, भिक्षुओं को पीटा, और  भगा दिया। केवल लाओत्से ने वहां रहना जारी रखा।

जैसे-जैसे उसकी गर्भावस्था बढ़ती गई, लड़की अपराधबोध से भर गई और अपने पिता को सच बताया – इसकी वजह मास्टर लाओत्से नहीं हैं। लेकिन तब उसका पिता शहरवासियों को बताने से बहुत डर गया कि उसने मास्टर के साथ जो किया था उसके लिए वे लोग उसकी जान ले लेंगे।

जब बच्चा पैदा हुआ, तो शहरवासी बच्चे को लाओत्से के पास लाए और कहा, "यह आपका बच्चा है – आप इसकी देखभाल करें।"

लाओत्से ने बच्चे की ओर देखा और कहा, "क्या ऐसा है? यह मेरा बच्चा है? ठीक है।" उन्होंने बच्चे की देखभाल की।

आख़िरकार वह लड़की और चुप नहीं रह सकी और पूरे शहर को बताया, "यह मास्टर लाओत्से का बच्चा नहीं है। यह मछली बाजार वाले आदमी का बच्चा है।"

सभी लोग लाओत्से के पास गए, उनके पैरों में गिरे, और बोले, "मास्टर, यह आपका बच्चा नहीं है! हमने आप पर गलत आरोप लगाया और आपका अपमान किया।"

लाओत्से ने कहा, "क्या ऐसा है?"

उन लोगों ने बच्चे को वापस ले लिया, और लाओत्से अपना जीवन वैसे ही जीते रहे।

अलग योगी, अलग उपाय

दूसरे कुछ योगियों ने ऐसी स्थितियों को अलग तरीके से संभाला। कुछ योगी लोगों से सख्ती से निपटते थे । यह उस समाज की संवेदनशीलता पर निर्भर करता है जिसमें वे रहते थे, लेकिन आम तौर पर, कोई भी नहीं बचता है। ये चीजें हमेशा से होती आई हैं।

मैं अपना समय उन लोगों पर बिताना चाहता हूं जो वास्तव में अपनी मौजूदा सीमाओं से परे कुछ देखना चाहते हैं।

उन लोगों के लिए जो ऐसे मुद्दों से जूझ रहे हैं, यदि आपको कोई समस्या है, तो यहां मत रहिए, जाकर कोई अभियान शुरू कीजिए। दिक़्क़त क्या है? मैं देख रहा हूं कि उन लोगों को कैसे अलग किया जाए जो वास्तव में इस पर केंद्रित नहीं हैं – बस अपना और मेरा समय, और अपनी और मेरी जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं। जो कुछ मेरे पास बचा है, मैं उसका प्रभावी उपयोग उन लोगों के लिए करना चाहता हूं जो वास्तव में इसका इस्तेमाल करना चाहते हैं।

मैं उन लोगों पर अपना समय और जीवन बर्बाद नहीं करना चाहता जो लगातार रोलर कोस्टर पर घूम रहे हैं। मैं अपना समय उन लोगों पर लगाना चाहता हूं जो वास्तव में अपनी वर्तमान सीमाओं से परे कुछ देखना चाहते हैं। यह केवल वैसे व्यक्तियों के लिए है, यह मनोरंजन के लिए नहीं है। जो लोग व्यक्तिगत एजेंडा से जूझ रहे हैं, कृपया कोई अच्छी, पवित्र जगह ढूंढिए जहां कोई आपसे कुछ करने को नहीं कहेगा।

माता-पिता के प्रभावों से परे

दुनिया में यह एक निरंतर समस्या है। जो लोग इस तरह बात कर रहे हैं, वे शायद चिंतित हैं कि उनके बच्चे हमारे पास आकर कुछ अच्छा करेंगे, जो वे खुद नहीं कर सके।

लोग विवेकानंद, गौतम बुद्ध, ईसा, मदर टेरेसा आदि की पूजा करते हैं, लेकिन यदि उनके अपने बच्चे ऐसे गुण दिखाते हैं, तो वे तुरंत उन्हें दबा देते हैं। उनके अपने बेटे और बेटियों को विश्वविद्यालय जाना चाहिए, पढ़ना चाहिए, पैसा कमाना चाहिए, शादी करनी चाहिए, और संतान पैदा करनी चाहिए।

वे अपेक्षा करते हैं कि उनके बच्चे उन सभी चीजों से गुजरें जिनसे वे खुद गुजरे हैं, जैसे कि अवसाद, उद्देश्य की कमी, और हर चीज का डर जीवन का एक आवश्यक हिस्सा हो। इस मूर्खता के लिए, वे भारी कीमत चुकाएंगे – यह कोई सजा या श्राप नहीं है; ऐसा इसलिए है क्योंकि उन्होंने अपने भीतर जीवन के बारे में मौलिक विरोधाभास पैदा किए हैं।

मेरी कोशिश होगी कि ये परियोजनाएं इसी जीवनकाल में पूरी हों।

वे कहते हैं कि जो लोग हमारे पास आए हैं वे होशियार हैं। यदि वे होशियार हैं, तो उन्हें पता होना चाहिए कि वे क्या कर रहे हैं। इसका मतलब है कि जो लोग आरोप लगा रहे हैं वे मूर्ख होंगे, जो नहीं जानते कि वे क्या कर रहे हैं और दूसरों के काम की बेवजह चिंता कर रहे हैं। मूर्ख लोगों के साथ काम करना मुश्किल है।

यदि आप उन युवाओं को देखें जो हमारे पास आए हैं, तो आप देखेंगे कि उनके वैसे संघर्ष नहीं हैं जैसे उनके माता-पिता के थे। वे पूर्ण मनुष्य नहीं हैं, लेकिन वे निश्चित रूप से अधिक उन्नत परियोजनाएं हैं। मेरी कोशिश होगी कि ये परियोजनाएं इसी जीवनकाल में पूरी हों।