जागरूक जीवन

खुद को अपग्रेड करने से ही मिलेगी सच्ची सफलता

खुशहाली और मानव-कल्याण के बारे में सद्‌गुरु के विचारों को समेटे यह आलेख हमारे भीतर भी एक स्पष्ट नजरिया विकसित करता है। यह आलेख नकेवल दृष्टिकोण विकसित करता है बल्कि यह आपके शरीर और मन को सफलता के शक्तिशाली साधन के रूप में इस्तेमाल करना भी सिखाता है। रोचक कहानियों और विवेकपूर्ण उपमाओं के माध्यम से सद्‌गुरु बताते हैं कि कैसे लगातार आत्म-उत्थान सहज उपलब्धि की ओर ले जाता है। तो तैयार हो जाइए जीवन के प्रति अपने दृष्टिकोण को ऊंचा उठाने के लिए। इस रूपांतरणकारी यात्रा के राही बनकर वह समाधान बनें जिसकी दुनिया को आज बेहद जरूरत है।

जीवन के लिए एक सुदृढ़ मंच का निर्माण

सद्‌गुरु: जीवन में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आप अच्छे हों। यदि आप ही अच्छे नहीं होंगे तो कुछ भी अच्छा करना असंभव है। सवाल है कि ‘अच्छा’ का क्या अर्थ है? शारीरिक रूप से स्वस्थ होना महत्वपूर्ण है क्योंकि जब आप स्वस्थ होते हैं केवल तभी आप शरीर से परे जीवन के बारे में सोच सकते हैं। तभी आप यह सोच सकते हैं कि आप दुनिया में और अपने भीतर क्या कर सकते हैं। यदि आपका स्वास्थ्य बिगड़ जाता है, तो आपका पूरा ध्यान शरीर पर चला जाता है। यदि आपकी छोटी उंगली कुचल जाए, तो ऐसे में क्या मैं आपसे आत्म-ज्ञान के बारे में बात कर सकता हूँ? आपके मन में तब केवल आपकी उंगली ही होगी।

जीवन में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आप अच्छे हों। यदि आप ही अच्छे नहीं होंगे तो कुछ भी अच्छा करना असंभव है।

जब एक बार शारीरिक पीड़ा सामने होती है तो वह आपको किसी दूसरी चीज पर ध्यान केंद्रित नहीं करने देगी, वह आपको व्यस्त रखेगी। शरीर आपको जीवन भर व्यस्त रखेगा। आपका शरीर और मन ही वे मंच हैं जिन पर आप जीवन जी रहे हैं। अगर वे आपके जीवन की बुनियाद हैं, तो यह ठीक है; लेकिन यदि वे आपके जीवन का मुख्य उद्देश्य बन जाते हैं, तो समझिए आप खो गए।

एक मंच है – आपके बैठने, खेलने-कूदने, नाचने के लिए, लेकिन यदि आप उस मंच में डूब जाते हैं, तो यह आपकी कब्र बन जाता है - एक पक्का ताबूत। इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि शरीर और मन को इस तरह रखा जाए कि वे हमेशा आपके लिए एक मजबूत मंच के रूप में काम करें, कभी आपको नीचे न गिरने दें।

सर्वोच्च प्रदर्शन की कला

अपने जीवन में जो भी आप करना चाहते हैं, उसके लिए अपने आप को शारीरिक और मानसिक रूप से सबसे उत्तम स्थिति में रखना आवश्यक है। मेरी चिंता यह नहीं है कि कोई क्या करता है, बल्कि यह है कि वह इसे कैसे करता है - अच्छी तरह से करता है या नहीं। नहीं तो फिर करने का क्या फायदा?

किसी का केवल एक गेंद को मारना बच्चों का खेल लग सकता है। लेकिन अगर वे इसे इतनी अच्छी तरह से मारते हैं कि लोग बोल पड़ें कि, ‘वाह, वे तो क्रिकेट के भगवान हैं!’ फिर तो वे भारत रत्न भी बन सकते हैं। कुछ सौ साल पहले किसी को भी विश्वास नहीं होता कि एक गेंद को अच्छी तरह से मारने मात्र से आप देश या दुनिया के एक बहुत महत्वपूर्ण व्यक्ति बन सकते हैं। यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि आप इसे कितनी अच्छी तरह से करते हैं।

सवाल यह नहीं है कि आप क्या करने का फैसला करते हैं, बल्कि यह है कि क्या आपने खुद को इस तरह से तैयार किया है कि आप जो कर रहे हैं उसमें आपका शरीर, मन और भावनाएं बाधा न बनें? अगर आपका शरीर एक बाधा है, तो आप कहां जाएंगे? अगर आपके अपने विचार और भावनाएं बाधक हैं, तो आप अपने जीवन में क्या करेंगे? ऐसे में आपको किसी परेशानी की जरूरत नहीं है क्योंकि आप खुद ही काफी बड़ी परेशानी हैं।

समस्या नहीं, समाधान बनें

अधिकांश लोगों के साथ समस्या यह है कि वे खुद एक बड़ी समस्या हैं। यही कारण है कि दुनिया की वास्तविक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है। आज हरेक इंसान समस्याओं का एक उद्योग है, लगातार नई समस्याएं पैदा कर रहा है। ऐसे बहुत ही कम लोग हैं जो हमेशा हर चीज के लिए समाधान खोज रहे हैं। उनके ही कारण दुनिया अभी भी चल रही है।

यह महत्वपूर्ण है कि हम ऐसे लोगों की संख्या बढ़ाएं जो जहाँ भी जाते हैं, हमेशा एक समाधान होते हैं। चाहे जो भी मुद्दा हो, वे उसे सुलझा लेते हैं, खुद एक समस्या नहीं बनते। अपने आसपास के सभी लोगों के लिए आप जो सबसे अच्छी चीज कर सकते हैं, वह यह सुनिश्चित करना है कि आप किसी भी स्थिति में खुद एक समस्या न बनें। बहुत से लोग सोचते हैं कि समस्या बनने से वे महत्वपूर्ण बन जाएंगे। वे बस खुद को मुश्किल बना लेते हैं ताकि हर कोई उन पर ध्यान दे। 

अपने आसपास के सभी लोगों के लिए आप जो सबसे अच्छी चीज कर सकते हैं, वह यह सुनिश्चित करना है कि आप किसी भी स्थिति में खुद एक समस्या न बनें।

अगर आप एक बहुत अच्छी कार चला रहे हैं, तो आपको कार के बारे में सोचने की जरूरत नहीं पड़ती है, क्योंकि यह अच्छी तरह से चल रही है, और आप इसे चलाने का आनंद ले रहे हैं। अगर यह एक परेशानी देने वाली कार हो जो थोड़ी-थोड़ी देर में रुक जाती हो, तो आपको कार पर बहुत ध्यान देना पड़ता है। क्या आप इस तरह का ध्यान चाहते हैं, क्योंकि आप लगातार अटक रहे हैं, टूट रहे हैं?

एक पत्रकार ने एक बार मुझसे पूछा, ‘सद्‌गुरु, आप इस दुनिया से जाने के बाद कैसे याद किए जाना चाहेंगे?’ ऐसा लगता है कि वे मेरे जाने की योजना बना रहे हैं। खैर, मैंने उन्हें थोड़ा निराश कर दिया। मैंने जवाब दिया, ‘मैं नहीं चाहता कि मुझे याद किया जाए।’ मैं जो कर रहा हूँ, अगर उसमें सफल रहा, तो लोगों को इतनी खुशी से जीना आ जाना चाहिए कि वे मेरे बारे में सोचें भी नहीं। इसका मतलब होगा कि मैंने अच्छा काम किया है। अगर वे सोचें, ‘ओह नहीं, सद्‌गुरु यहाँ नहीं हैं। पता नहीं हमें क्या करना चाहिए?’ तो स्पष्ट रूप से, हमने अच्छा काम नहीं किया है।

अदृश्य नायक बनना

आपका अस्तित्व ऐसा होना चाहिए कि हर कोई उससे लाभ उठाए, लेकिन किसी को भी ध्यान न हो कि आप क्या कर रहे हैं। तभी आप सही मायने में मुक्त होते हैं।

इस स्थिति तक पहुंचने के लिए, हर किसी को थोड़ा काम करना चाहिए। दुर्भाग्य से, कई लोग सोचते हैं कि एक बार जब वे अपनी शिक्षा पूरी कर लेते हैं, तो सीखने का काम पूरा हो गया है। उसके बाद वे दिन-ब-दिन मूर्ख होते जाते हैं। यह जीवन की प्रकृति नहीं है। अगर आप लगातार खुद को अपग्रेड नहीं कर रहे हैं, तो जब जीवन की गतिविधि अपग्रेड होगी तो आप संघर्ष करेंगे।

कल्पना कीजिए कि किसी कार्यालय में एक क्लर्क किसी काम को संभाल रहा है। वह हमेशा मैनेजर बनना चाहता था, और आखिरकार उसे तरक्की मिल गई। मैनेजर होने का मतलब है दस गुना जिम्मेदारी। शुरू में वह शायद अकड़ दिखाए, लेकिन जल्द ही वह तनाव, चिंता और परेशानियों से भर जाता है। क्यों? बस इसलिए कि उसने अपने काम को तो अपग्रेड कर लिया, लेकिन खुद को नहीं - और अब वह परेशान है।

आपका अस्तित्व ऐसा होना चाहिए कि हर कोई उससे लाभ उठाए, लेकिन किसी को भी ध्यान न हो कि आप क्या कर रहे हैं। तभी आप सही मायने में मुक्त होते हैं।

अगर आप लगातार खुद को अपग्रेड करते हैं, तो दुनिया आपको कई अवसर प्रदान करेगी। क्षमता के साथ, आपको काम खोजने की आवश्यकता नहीं होगी, लोग आपके पास आएंगे। अपने कामकाज और परिवेश को अपग्रेड करने की कोशिश करने के बजाय, खुद को अपग्रेड करें। अगर आप खुद को पर्याप्त रूप से अपग्रेड करते हैं, तो आप जो कुछ भी करेंगे वह स्वाभाविक रूप से अपग्रेड हो जाएगा।

तेज गति की लेन से सीख

एक बार मैंने सिंगापुर F1 रेस में भाग लिया। रेस समाप्त होने के बाद मैं फेरारी पैडॉक में था जब किसी ने मुझे ट्रैक पर उनकी स्पोर्ट्स सेडान चलाने का प्रस्ताव दिया। मैंने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया, लेकिन मुश्किल से डेढ़ लैप तक चलने के बाद ही कार बहुत अधिक गर्म हो गई और हमें रुकना पड़ा।

फेरारी टीम ने मुझे ड्राइव करते देखकर मुझे इटली में एक फेरारी कैवलकेड में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने मुझे पांच दिनों के लिए एक फैक्टरी फेरारी दी। राजमार्ग पर वह कार 345 किलोमीटर प्रति घंटे की गति तक पहुंच गई। पहाड़ी सड़कों पर हमने 200 से 220 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति पकड़ी, जिसमें कार पूरी तरह से नियंत्रण में रही और अविश्वसनीय शक्ति का प्रदर्शन किया।

अगर आप मशीन को अपग्रेड किए बिना अपने प्रदर्शन को अपग्रेड करने की कोशिश करते हैं, तो कुछ न कुछ टूट जाएगा।

इसने मुझे दशकों पहले की घटना की याद दिला दी जब पहाड़ों में उच्च गति पर गियर बदलते समय मेरी मोटरसाइकिल का पूरा गियरबॉक्स टूट गया था। इसके उल्टा इस फेरारी के साथ मैं ढलानों पर 200 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति से ड्राइव कर सकता था और निर्बाध रूप से दूसरे गियर में शिफ्ट डाउन कर सकता था।

इस अनुभव के बाद मैंने फेरारी के तकनीकी प्रबंधकों से कहा, ‘यह बहुत ही शानदार कार है। मैंने अपने जीवन में कभी ऐसी कार नहीं चलाई।’ अगर आप मशीन को अपग्रेड किए बिना अपने प्रदर्शन को अपग्रेड करने की कोशिश करते हैं, तो कुछ न कुछ टूट जाएगा। यही आप दुनिया में देखते हैं - बहुत सारे लोग तनावग्रस्त या थका हुआ महसूस करते हैं क्योंकि उन्होंने खुद को अपग्रेड किए बिना अपनी गतिविधि को अपग्रेड कर लिया है। यह एक मारुति लेने जैसा है, जो आपके ऑफिस आने-जाने के लिए एक अच्छी कार है, और उसे आप फॉर्मूला 1 ट्रैक पर चलाने की कोशिश कर रहे हैं- यह उसके लिए नहीं बनी है।

अपग्रेड करें या कष्ट सहें

जीवन में सबसे महत्वपूर्ण बात है खुद को जितनी जल्दी हो सके लगातार अपग्रेड करना क्योंकि इसके बिना आप सफलता आने पर भी कष्ट भोगेंगे। अधिकांश सफल लोग इसी कारण से पीड़ित हैं। इसीलिए खुद को अपग्रेड करते रहना बहुत महत्वपूर्ण है।