मुख्य आलेख

आध्यात्मिक मार्ग को अपनाने के विभिन्न तरीके

आध्यात्मिक ज्ञान की खोज में बढ़ने वाला मार्ग अक्सर भूलभुलैया जैसा महसूस होता है - प्रश्नों और अनिश्चितताओं से भरा हुआ। कोई अपने गुरु का आदर्श शिष्य कैसे बने? सद्‌गुरु अपने मजाकिया अंदाज में बताते हैं कि वास्तविक समझ के बिना अत्यधिक ज्ञान कैसे कष्टदायक हो सकता है और इस बात पर जोर देते हैं कि अपनी आध्यात्मिक यात्रा को एक मुद्रा के रूप में इस्तेमाल न करें। यह आलेख सच्चे ज्ञान और मुक्ति के बारे में आपकी समझ को एक नया रूप दे सकता है। आइए जानते हैं कि आप क्या हैं - एक खोजी, जिज्ञासु, परिश्रमी शिक्षार्थी, या भक्त?

प्रश्न: नमस्कारम् सद्‌गुरु। मैं आध्यात्मिक प्रक्रिया में काफी नया हूँ। मैं समझता हूँ कि इस प्रक्रिया के दौरान, हमें आगे बढ़ने और बढ़ते रहने के लिए एक गुरु की आवश्यकता होती है। गुरु के आदर्श शिष्य बनने के लिए मुझे क्या करना चाहिए, और किन बातों से बचना चाहिए?

खोजी, जिज्ञासु, शिक्षार्थी, या भक्त?

सद्‌गुरु: आपको क्या करना चाहिए? लोग आध्यात्मिक मार्ग पर अलग-अलग तरीकों से चलते हैं। कुछ खोजी के रूप में शुरुआत करते हैं, कुछ सिर्फ जिज्ञासा से। कुछ लोग अपने जीवन को बेहतर बनाने के लिए कुछ नया सीखना चाहते हैं।

कुछ लोग ऐसा ज्ञान प्राप्त करना चाहते हैं जो उनके जीवन को बेहतर बनाए। कुछ खुद को परम में विसर्जित करने आते हैं। कोई व्यक्ति आध्यात्मिक प्रक्रिया को एक खोजी के रूप में, एक जिज्ञासु, एक शिष्य जो सीखना चाहता है, या एक भक्त जो विसर्जित होना चाहता है, उसके रूप में अपना सकता है। यह एक व्यक्तिगत पसंद है। कोई आपको मजबूर नहीं कर सकता कि आप वह बनें जो आप अभी नहीं हैं।

यदि आप एक खोजी हैं, तो मुझे आपके साथ लगने में आनंद आएगा, लेकिन जैसा मैं हूँ, आपको इसमें आनंद नहीं आएगा। यदि आप एक जिज्ञासु हैं, तो मैं आपका सत्कार करूँगा, आपका ध्यान रखूँगा। यदि आप एक शिक्षार्थी हैं, तो इसका मतलब है कि आप कुछ इकट्ठा करना चाहते हैं। यह एक प्राचीन प्रवृत्ति है - मनुष्य, शिकारी और संग्राहक के रूप में चीजों को जमा करना चाहता है। वह मानता है कि अपना थैला भर लेने से उनका जीवन बेहतर होगा। वो यह नहीं समझ पाता कि थैला जितना बड़ा और भरा हुआ होता है, उसमें सामान चाहे जो भी हो, वह उतना ही बोझिल होता है।

कल्पना कीजिए कि अगर हम आप में से हरेक को बीस किलोग्राम सोने के टुकड़े दें जिन्हें आपको बिना किसी वाहन का उपयोग किए अपने शहर या गाँव तक अपने कंधे पर लेकर पैदल जाना होगा। चाहे वह सोना ही क्यों न हो, उसके वजन का बोझ बहुत अधिक होगा। आप जो भी इकट्ठा कर रहे हैं, जितना अधिक आप जमा करते हैं, उतना ही वह बोझिल हो जाता है। यही एक शिष्य की नियति है।

दूसरी ओर, एक भक्त कम से कम होता जाता है, जब तक कि वह कुछ भी नहीं रह जाता। वह हवा की तरह हल्के हो उड़ जाते हैं, बिना किसी बड़े प्रयास के।

संचय का बोझ: शिष्य का संघर्ष बनाम भक्त का समर्पण

यदि आप खुद को ज्ञान से भरना चाहते हैं, तो यह बोझिल हो जाएगा। अधिकांश लोगों को विसर्जित होने की इच्छा तब तक नहीं होगी जब तक जीवन का बोझ उन्हें तोड़ न दे। नहीं तो वे हमेशा सोचते हैं कि वे इसे कल करेंगे।

जीवन खुद एक बोझ नहीं है, इसे बोझ बनाता है आपका वह तरीका जिससे आप इसे धारण करते हैं। आप या तो जीवन का उपयोग एक ऐसे साधन के रूप में कर सकते हैं जिस पर सवार होकर तैर सकें, या आप इसे एक बोझ की तरह अपने सिर पर ढो सकते हैं। आप या तो धरती के साथ घूमते हुए सिर्फ तैर सकते हैं, या आप अपना अनुभव ऐसा बना सकते हैं कि आपको लगे कि आप पूरी दुनिया को अपने सिर पर उठाए हुए हैं।

जीवन खुद एक बोझ नहीं है, इसे बोझ बनाता है आपका वह तरीका जिससे आप इसे धारण करते हैं।

यदि आप इसे अपने सिर पर ढोते हैं, तो हम आपको शिष्य कहते हैं। यह एक बहुत सम्मानित स्थिति है क्योंकि आप ‘गुरु विश्वविद्यालय’ में हैं। लेकिन अगर आप एक भक्त हैं, तो कोई बोझ नहीं है। आप हवा की तरह धीरे से गुजर जाएंगे।

आदर्श शिष्य जल्दी से सब कुछ पढ़ लेता है, जो कुछ भी कहा गया है उसे सुनता है, अपने सिर को उससे भर लेता है, और फिर संघर्ष करता है। वे इतने यातनाग्रस्त हो जाते हैं कि वे इस सबसे खुद को मुक्त करना चाहते हैं।

ज्ञात को समझने की एक भिक्षुक की यात्रा

एक जापानी बौद्ध भिक्षुक की कहानी है जो एक अच्छे गुरु या जेन गुरु की खोज में था। वह बारह साल तक एक जेन गुरु के आश्रम से जुड़ा रहा। एक दिन गुरु ने कहा, ‘तुमने ज्ञान प्राप्त कर लिया है। अब यहाँ रहने का कोई मतलब नहीं है। अब समय आ गया है कि तुम बाहर जाओ और संदेश फैलाओ।’ रास्ते में वह भिक्षुक एक दूसरे वरिष्ठ भिक्षुक से मिला जो अभी भी भटक रहा था और जानना चाहता था।

उस दूसरे भिक्षुक ने पूछा, ‘तुमने वहाँ बारह साल बिताए। तुम्हें क्या जानने को मिला?’ पहले भिक्षुक ने कहा, ‘ओह! उस आश्रम में ऐसा कुछ नहीं था जो मैं पहले से नहीं जानता था।’ दूसरे भिक्षुक ने पूछा, ‘सचमुच? फिर तुमने वहाँ बारह साल क्यों बिताए?’ पहले ने कहा, ‘मुझे यह समझने में ही इतना समय लगा कि यहाँ ऐसा कुछ नहीं है जो मैं पहले से नहीं जानता था। जब मैंने यह समझ लिया, तब मेरे गुरु ने कहा, 'अब तुमने समझ लिया है, तुम बाहर जा सकते हो और दुनिया में संदेश फैला सकते हो।’

आध्यात्मिक बातों में खोया हुआ

एक आदर्श शिष्य को मेरी कही हुई हर बात को, और वे बातें जो दूसरे लोग कहते हैं कि मैंने कही हैं लेकिन वास्तव में मैंने नहीं कही हैं, उन सबसे खुद को भरने में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। जब आप खुद को इन सब बातों से भर लेंगे, तो आप पूरी तरह से भ्रमित हो जाएंगे। जब आप वास्तव में जाने बिना जानने का बोझ समझ लेंगे, केवल तभी आप बच पाएंगे। जब तक आपको लगता है कि आप जानते हैं, लेकिन वास्तव में आप कुछ नहीं जानते - यह यातना है। लेकिन इस यातना को आपको परिपक्व बनाना चाहिए। नहीं तो जो थोड़ी-बहुत जानकारी आपने यहाँ-वहाँ से इकट्ठा की है, उससे आप दूसरों के साथ अपना अनुभव साझा करने की कोशिश करेंगे, जो हम आपको हमेशा न करने के लिए कहते हैं।

एक बार जब आप अपनी आध्यात्मिक प्रक्रिया को सामाजिक मुद्रा की तरह इस्तेमाल करने लगते हैं, तो आप खत्म हो जाते हैं।

अगर आप दूसरों के साथ अपनी आध्यात्मिकता पर चर्चा करते हैं, तो जो थोड़ी-बहुत जानकारी आपने यहाँ-वहाँ से इकट्ठा की है, वह आपका प्रभाव बढ़ाने वाली सामाजिक मुद्रा बन जाएगी। उदाहरण के लिए, कोई कह सकता है, ‘जब मैं इस तरह बैठता हूँ, तो क्या आप जानते हैं मेरे साथ क्या होता है? मेरे गुरु व्यक्तिगत रूप से प्रकट होते हैं और मुझे विशेष दीक्षा देते हैं। उन्होंने ऐसा किसी और के लिए नहीं किया, सिर्फ मेरे लिए, क्योंकि मैं आदर्श शिष्य हूँ।’ एक बार जब आप अपनी आध्यात्मिक प्रक्रिया को सामाजिक मुद्रा की तरह इस्तेमाल करने लगते हैं, तो आप खत्म हो जाते हैं।

यही कारण है कि हम किसी भी व्यक्ति को जब आध्यात्मिकता पर बात करते देखते हैं, तो उसे ऐसा करने से रोकते हैं। एक बार जब आप ऐसा करते हैं, तो आप पूरी तरह से खत्म हो जाते हैं। यह आपको यातना देगा क्योंकि जो मैं कहता हूँ वह कभी-कभी विरोधाभासी लग सकता है। क्योंकि मैं अलग-अलग लोगों से बात करते समय एक ही बात नहीं कहूँगा। केवल वे आध्यात्मिक शिक्षक जो धर्मग्रंथ पढ़कर आते हैं, हर किसी को एक ही बात कहेंगे। मैं ऐसा नहीं हूँ। अगर मैं एक व्यक्ति से बात करता हूँ, तो मैं एक बात कहूँगा। अगर मैं दूसरे व्यक्ति से बात करता हूँ, तो मैं कुछ और कहूँगा।

किसी से ऐसे तरीके से बात करने का क्या मतलब है जो उनके लिए मतलब नहीं रखता है? लेकिन यही होता है जब आप किसी अधिकार को अपने जीवन में सत्य बना लेते हैं। चाहे वह कोई व्यक्ति हो, गुरु हो, विद्वान हो, किताब हो या धर्मग्रंथ - यदि आप उस पर अधिकार जमा लेते हैं, तो आप इसे खो देते हैं।

लड़का, बाइबिल, और आदम का अंडरवियर

आपको एक कहानी सुनाता हूँ। टेनेसी में पुराने धनी परिवारों में एक बड़ी चमड़े की जिल्द वाली बाइबिल रखना आम बात थी। ऐसे ही एक परिवार में एक युवा लड़का जिसने अभी-अभी पढ़ना सीखा था, पूर्वी तट के स्कूल से घर लौटा। अपने नए कौशल से उत्साहित होकर वह जो कुछ भी देखता था, सब कुछ पढ़ना चाहता था।

जब उसने परिवार की बड़ी बाइबिल खोली, तो पन्नों के बीच दबा हुआ एक सूखा पत्ता बाहर गिर गया। लड़के ने अपने उत्साह में, अपनी माँ को पुकारा, ‘माँ, आओ और देखो मैंने क्या पाया है!’ जब वह आई, तो उसने उत्साह से कहा, ‘देखो, आदम का अंडरवियर!’

साँस लेता दिमाग

हम नहीं जानते कि किताबों से क्या-क्या गिरता है, लेकिन कुछ विद्वान जानते हैं। और इसी कारण उनका सिर ज्ञान के बोझ से बहुत दबा हुआ है। मुझे नहीं पता कि मेरा सिर है या नहीं। आपकी मांसपेशियों की तुलना में आपका मस्तिष्क कहीं अधिक छिद्रपूर्ण है और यह महत्वपूर्ण है कि हवा इससे होकर गुजरे। मस्तिष्क जितना अधिक खुला होगा, उतना ही बेहतर काम करेगा। यह उन सभी चीजों से अवरुद्ध नहीं होना चाहिए जो आपने इकट्ठा की हैं, चाहे वह किसी विश्वविद्यालय के पुस्तकालय से हो, दूसरे लोगों से हो, या सद्‌गुरु से।

मस्तिष्क जितना अधिक खुला होगा, उतना ही बेहतर काम करेगा।

इसे साफ करें ताकि जब आप यहाँ बैठें, तो जैसे आपके नथुने खुले हैं और साँस ले रहे हैं, वैसे ही आपका मस्तिष्क भी साँस ले। तब आप एक आदर्श शिष्य बन जाते हैं। आप खुद को ज्ञान से बोझिल नहीं करते, लेकिन आप जाते भी नहीं - यही एक अच्छा शिष्य है।