
कल्पना कीजिए कि हर सुबह आपका जीवन एक निश्चित ढर्रे पर चल पड़ता है जैसे ऑटो-पायलट मोड पर सेट हो। ऐसा सिर्फ जेल के कैदियों के लिए नहीं होता, बल्कि ऐसा हम में से भी कई लोगों के साथ होता है। ये वो लोग होते हैं जो दिखावटी तौर पर तो आजादहैं लेकिन अपने ही बनाए अदृश्य पिंजरों में कैद हैं। हम अक्सर मानते हैं कि एक नया स्थान या नई जीवनशैली सब कुछ बदल देगी। लेकिन परिवर्तन की वास्तविक कुंजी कहीं हमारे भीतर ही तो नहीं छिपी है?
आईए वास्तविक परिवर्तन के मर्म को जानते हैं कि कैसे सतही स्तर के बदलावों से परे एक गहन आंतरिक रूपांतरण लाया जा सकता है। स्वतंत्र आंखों से एक ऐसे मार्ग की खोज करें जो हमारे परिवेश को बदलने से नहीं, बल्कि हमारे होने के तरीके को बदलने से शुरू होता है।
प्रश्नकर्ता: मैं वर्षों से संघर्ष में फँसा हुआ हूँ और अब अपने जीवन को नाटकीय रूप से बदलना चाहता हूँ - संभवतः भारत जाकर। मुझे परिवार की तरफ से कोई समस्या नहीं है, बल्कि वे इस फैसले में सहायक होंगे, मेरा काम भी इसके लिए आजादी देता है। लेकिन मैं अभी भी फंसा हुआ महसूस करता हूँ। मैं आपके काम की बहुत सराहना करता हूँ और खुद भी ग्रामीण समुदाय के उत्थान में योगदान देना चाहता हूँ। लेकिन मुझे समझ नहीं आ रहा कि बदलाव की मेरी यह इच्छा वास्तविक है या सिर्फ एक सपना। मुझे क्या करना चाहिए?
सद्गुरु: चाहे आप भारत जाएं या अंटार्कटिका, यदि आप तब भी वही व्यक्ति रहते हैं, तो कहीं जाने का क्या मतलब है? आप बदलना चाहते हैं, लेकिन अपने जीवन की बाहरी परिस्थितियों को बदलकर वास्तव में कुछ नहीं बदलता। चाहे आप लंदन में हों या भारत के किसी गाँव में, वास्तविक परिवर्तन तभी होगा जब आपके भीतर कुछ बदलेगा। यदि इस परिवर्तन को आसान बनाने के लिए, आप भारत, अफ्रीका, या दुनिया के किसी अन्य हिस्से में जाना चाहते हैं, तो यह एक छोटी सी व्यवस्था है, लेकिन यही फोकस नहीं होना चाहिए।
भारत जाना या किसी गांव को बदलना आपका फोकस नहीं होना चाहिए। यदि आपके भीतर कुछ ऐसा हुआ है जिसने इतना महत्वपूर्ण बदलाव ला दिया है कि आप उसे दूसरों से साझा करना चाहते हैं, तो आप वहाँ जाएं जहाँ उस अनुभव को साझा करने का सबसे अनुकूल माहौल हो, चाहे वह आपका परिवार हो, आपका व्यवसाय हो, लंदन की सड़कें हों, या भारत के गाँव हों।
बात यह नहीं है कि आप कहाँ हैं और क्या करते हैं। प्राथमिकताओं का क्रम होना चाहिए - ‘होना’ ‘करना’, और फिर ‘पाना’। सबसे पहले, अपने होने का तरीका निश्चित कीजिए। एक बार जब आपके होने का तरीका बदल जाता है, तो आप स्वाभाविक रूप से वहाँ जाने का अपना रास्ता पा लेंगे जहाँ आपको होना चाहिए, जो आपके लिए सबसे सही है, उसे अभिव्यक्त करने के लिए। स्थान बदलना कोई बड़ा निर्णय नहीं है जो आपको लेना है।
यदि आपके होने का तरीका बदल गया है, तो आप स्वाभाविक रूप से उस दिशा की ओर बढ़ेंगे जहाँ आप सबसे अधिक उपयोगी हो सकते हैं और अधिकतम अभिव्यक्ति पा सकते हैं। नहीं तो इससे क्या फर्क पड़ता है कि आप ‘कहाँ’ हैं? आप ‘कैसे’ हैं, यह वास्तव में आपके लिए और आपके आस-पास के हर व्यक्ति के लिए मायने रखता है। आप कहाँ हैं, यह न तो आपके लिए मायने रखता है, न ही आपके आस-पास के लोगों के लिए।
यदि आप पहले ही इनर इंजीनियरिंग से गुजर चुके हैं, तो भाव-स्पंदन और सम्यमा कर लेना भी अच्छा होगा। यह आपको एक कार्यक्रम से दूसरे में ले जाने की कोई मार्केटिंग चाल नहीं है। यदि लोग बेहतर तरीके से तैयार होते, या यदि समाज ने आपको पर्याप्त रूप से तैयार किया होता, तो कई कार्यक्रमों की जरूरत ही नहीं होती, हम सब कुछ एक ही बार में कर लेते।
यह तब हुआ जब हमें पहली बार एक जेल में जाने और कैदियों से बात करने की अनुमति मिली। मैंने पहले दिन के सत्र में केवल परिचय लेने और देने की योजना बनाई थी, लेकिन वहाँ ऐसे लोग थे जो आठ से पंद्रह साल से कैद में थे, और उनमें से कई तो अपना बाकी जीवन वहीं बिताने वाले थे। उनकी लालसा ऐसी थी कि हमने एक ही दिन में इनर इंजीनियरिंग कार्यक्रम पूरा कर लिया। हमने उसके बाद भाव-स्पंदन और फिर सम्यमा किया। कार्यक्रम के अंत में वे पूरी तरह से एक अलग अवस्था में थे।
इसी तरह की घटना तब हुई जब मैंने पेन्सिल्वेनिया की एक जेल में एक कार्यक्रम कराया था। वहाँ आजीवन कारावास, पैरोल की संभावना के बिना होता है। चूंकि बेहतर संभावना की कोई उम्मीद नहीं होती है, इसलिए एक कैदी को जिम्मेदार तरीके से व्यवहार करने के लिए कोई प्रोत्साहन नहीं होता है।
वहां एक लंबा अश्वेत व्यक्ति था जो पिछले तीस वर्षों से वहाँ कैद था। अठारह साल की उम्र में उसने एक डकैती की थी जिसमें उसने तीन लोगों को गोली मारी थी। बेहद खतरनाक और हिंसक माने जाने के कारण उसे पूरे समय एकांत कारावास में रखा गया था। मुझे उसके साथ उसकी कोठरी में कुछ समय बिताने की विशेष अनुमति मिली।
जेल में एक बहुत ही अनूठा माहौल होता है। सब कुछ सुचारु रूप से चल रहा होता है। आपको बिल नहीं चुकाने पड़ते फिर भी खाना समय पर दिया जाता है। आपको समय पर जगाया जाता है। आपके लिए दरवाजे खोले और बंद किए जाते हैं। आप हमेशा समय पर सो सकते हैं, और आपको कभी अधिक काम नहीं करना पड़ता। यह सब कुछ परफेक्ट लगता है, सिवाय इसके कि कोई और आपके लिए सब कुछ नियंत्रित कर रहा है - यही एकमात्र समस्या है। लेकिन अगर आप संवेदनशील हैं, तो आप महसूस करेंगे कि हवा में एक ऐसा दर्द घुला हुआ है जिसका वर्णन नहीं किया जा सकता। ऐसा सिर्फ इसलिए क्योंकि वहाँ इंसानों को कैद कर दिया गया है।
जब इस विशेष हिंसक कैदी ने कार्यक्रम में शामिल होने का फैसला किया, तो सभी को आश्चर्य हुआ। क्लास के अंदर एक सशस्त्र गार्ड तैनात किया गया। गार्ड को बाहर रखने के मेरे अनुरोध के बावजूद जेल के नियमों के तहत भीतर उसकी मौजूदगी आवश्यक थी। गार्ड पूरे समय अपनी बंदूक तैयार रखकर वहाँ खड़ा रहा।
चौथे दिन वह कैदी टूट गया और एक बच्चे की तरह रोने लगा। उसने बताया कि तीस वर्षों से वह स्थिर बैठने में असमर्थ था। लगातार अपनी कोठरी में चक्कर लगाता रहता था। अब जब उसने ध्यान करना शुरू किया था, तो पहली बार वह एक जगह पर बैठ पा रहा था। यह एहसास उसे अभिभूत कर गया।
आराम से बैठने की क्षमता एक सरल लेकिन गहन बात है जो न केवल कैदियों के लिए, बल्कि अधिकांश लोगों के लिए दुर्लभ है। यदि हर कोई पूरी तरह आराम से बैठ सकता, तो लोगों को ध्यान में दीक्षित करने की कोई आवश्यकता नहीं होती। कई व्यक्ति तो कैदियों से भी बदतर स्थिति में हैं। कैदियों के लिए तो व्यवस्था ने ऐसी स्थिति पैदा की है, लेकिन इस धरती पर अधिकांश लोग ऐसी स्थिति खुद पैदा कर रहे हैं। उन्होंने खुद को इतना बेचैन बना लिया है कि वे तब भी एक जगह नहीं बैठ सकते जब कुछ करने को नहीं होता।
अधिकांश लोगों को हमेशा ‘अपना काम’ करना होता है। लोगों के इस ‘अपने काम’ करने की वजह से ही धरती नष्ट हो रही है। ऐसा सिर्फ इसलिए है क्योंकि वे आराम से एक जगह नहीं बैठ सकते। यह उन्हें अर्थपूर्ण नहीं लगता। उन्हें हर समय कुछ न कुछ करते रहना होता है। यह समस्या सिर्फ जेल के उस एक व्यक्ति की नहीं है - यह पूरी दुनिया की समस्या है।