जीवन के रहस्य

कर्मों के बंधन से छुटकारा दिलाने वाले चार साधन

कल्पना कीजिए कि आप अपनी त्वचा पर कोई सुपर-ग्लू लगाकर जीवन जी रहे हैं। हर स्पर्श, हर बातचीत, हर क्षणिक पल आपसे कसकर चिपक जाता है। नतीजा आप पर बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है जिसे आप अनजाने में ढो रहे हैं। यह चिपकने वाली शक्ति सिर्फ एक रूपक या कल्पना नहीं है, यह कार्मिक गोंद है जो आपको बांधती है। यह उस कृपा को भी धुँधला कर देती है जो हर वक्त मौजूद है। सद्‌गुरु ऐसे चार शक्तिशाली विलायक बता रहे हैं जिसमें इस अदृश्य गोंद को घोलकर साफ कर सकते हैं। आइए आप भी मुक्ति की एक असाधारण प्रक्रिया में शामिल हो जाइए जहां कर्म टूट जाता है, जिससे एक भार-रहित अस्तित्व के शुद्ध आनंद का मार्ग खुल जाता है।

प्रश्न: सद्‌गुरु, हम कैसे जान सकते हैं कि गुरु की कृपा हम पर है?

अदृश्य दैवीय हाथ

सद्‌गुरु: यह कोई छोटा सवाल नहीं है। क्या आपने ध्यान दिया है कि कई होटलों की लॉबी में लगातार बैकग्राउंड संगीत बजता रहता है? कुछ समय बाद आप इसे नोटिस करना बंद कर देते हैं जब तक कि यह आपकी बातचीत में बाधा न डाले। इसी तरह आप किसी भी ऐसी चीज पर ध्यान देने से चूक जाते हैं जो लगातार मौजूद रहती है। यही कारण है कि आप यह नहीं जान पाते कि आप पर दैवीय हाथ है क्योंकि यह हमेशा बना रहता है। आप आम तौर पर यह भी नहीं जानते कि आपकी सांस चल रही है। लेकिन अगर यह एक मिनट के लिए रुक जाए तो आप निश्चित रूप से ध्यान देंगे। चूंकि यह हमेशा चल रही है इसलिए आप इसके बारे में अनजान रहते हैं।

कृपा ऐसी चीज नहीं है जो कभी होती है और कभी नहीं होती है - यह बस हमेशा मौजूद रहती है।

तो सवाल है कि हमेशा मौजूद रहने वाली किसी चीज के बारे में अनजान रहने में समस्या क्या है? अगर आप नहीं जानते कि आप जीवित हैं, तो आप जीवन से ही चूक जाएँगे। कृपा में होने का आनंद आप पूरी तरह से खो देंगे। कृपा ऐसी चीज नहीं है जो कभी होती है और कभी नहीं होती है - यह बस हमेशा मौजूद रहती है। कृपा में होने के आनंद को जानने के लिए आपको इसके प्रति सचेतन होना होगा।

सतत कृपा

मैंने इसे कई तरीकों से कहा है, लेकिन आपमें से अधिकांश ने इसे नजरअंदाज कर दिया है कि ‘एक बार जब आप मेरे साथ एक क्षण के लिए भी बैठ जाते हैं, तो आपके जीवन में निजता जैसी कोई चीज नहीं रह जाती।’ एक बार जब आप मेरे साथ बैठ चुके हैं, विशेष रूप से अगर आपको मेरे द्वारा दीक्षित किया गया है, तो कृपा हमेशा बनी रहती है। बात बस इतनी है कि अधिकांश लोगों को यह उम्मीद होती है कि कृपा उनकी योजनाओं को पूरा करेगी। दरअसल यह उस पुरानी आदत का नतीजा है जब लोग मंदिरों, चर्चों या मस्जिदों में जाकर भगवान को बताते हैं कि उन्हें क्या करना चाहिए।

कृपा आपकी योजनाओं को पूरा करने के लिए नहीं है। यह आपके लिए जीवन की योजना को पूरा करने के लिए है। आपकी योजनाएँ अक्सर बदलती रहती हैं, लेकिन एक गुरु की कृपा आपकी तात्कालिक इच्छाओं को संतुष्ट करने के लिए नहीं, बल्कि जीवन को उसकी पूर्णता तक पहुंचाने में मदद करने के लिए बनी है। हमेशा यह शंका न उठाएँ कि क्या कृपा आपके साथ है। यदि मैं आपके लिए अपना सहयोग बरकरार न रख पाता और इसे संभव न बना पाता तो मैं आपके साथ अपना जीवन बर्बाद नहीं करता।

कृपा आपकी योजनाओं को पूरा करने के लिए नहीं है। यह आपके लिए जीवन की योजना को पूरा करने के लिए है।

एक सद्‌गुरु के लिए आप एक प्रोजेक्ट की तरह हैं। चाहे मेरे आसपास कुछ भी हो, मैं आराम से हूँ, क्योंकि मैं अपने शुरू किए गए सभी प्रोजैक्ट्स में सफल हूँ। असफलता किसी को भी परेशान करेगी, है न? क्योंकि मैं वास्तव में जो कर रहा हूँ उसमें सफल हूं, इसलिए मैं आराम से हूँ। जब आप खुद को एक अर्पण बना देते हैं, तो आप कृपा के प्रति अधिक सचेतन हो जाएंगे।

मुक्ति के चार साधन

प्रश्न: मेरे पास एक ज्वलंत प्रश्न है - क्या गुरु की कृपा और शिव के प्रति पूर्ण समर्पण कर्म को विसर्जित कर सकते हैं?

‍सद्‌गुरु: आइए पहले हम उन शब्दों को समझें जिनका आप इस्तेमाल कर रहे हैं - गुरु, कृपा, भक्ति और शिव। ये चार ‘डायनामाइट’ हैं - आपको विस्फोट करने के लिए इनमें से सिर्फ एक ही काफी होगा। चाहे आपके पास भक्ति हो, शिव ने आपको छुआ हो, आपको गुरु मिल गए हों, या आप पर कृपा हो - इनमें से कोई भी एक काफी है। समस्या यह हो सकती है कि आप इनके बीच बदल रहे हैं।

अगर मैं ऐसा कहता हूँ तो उसका क्या परिणाम होगा? इस तरह के सवाल एक निश्चित मानसिकता से आते हैं। आप पूछ रहे हैं कि क्या शिव के प्रति भक्ति आपको मुक्त करेगी। अगर मैं हाँ कहूँ, तो आप आज घर जाकर भक्त बनने का प्रयास कर सकते हैं। लेकिन, क्या ऐसा करना वास्तव में संभव है? भक्ति कोई अभ्यास नहीं है। जब आप अनुभव के आधार पर स्पष्ट रूप से जान जाते हैं कि कुछ है जो आपसे बहुत विशाल है, तो स्वाभाविक रूप से आप एक भक्त बन जाते हैं।

चाहे आपके पास भक्ति हो, शिव ने आपको छुआ हो, आपको गुरु मिल गए हों, या आप पर कृपा हो - इनमें से कोई भी एक काफी है।

मैं हमेशा लोगों को, खास तौर से ईशा योग केंद्र में रहने वालों को, हर कदम पर भक्ति के बारे में याद दिलाने की कोशिश करता रहता हूँ। यहाँ तक कि अगर मैं उनके ठीक पीछे गाड़ी से आ रहा हूँ और वे गाड़ी की आवाज सुन भी रहे होते हैं, तब भी कुछ लोग आराम से चलते रहते हैं। फिर अगर कोई उन्हें सचेत करता है, ‘अरे, सद्‌गुरु वहां हैं,’ तब वे कूदकर एक तरफ हो जाते हैं और नमस्कार में झुक जाते हैं। यह रवैया काम नहीं करेगा।

भक्ति की सार्वभौमिक दृष्टि

इसीलिए मैंने कहा कि यह मायने नहीं रखता कि आप सद्‌गुरु के प्रति समर्पित हैं, या शिव के प्रति, या किसी और के प्रति - आपको इसे हर चीज में देखना चाहिए। आपको हर किसी को सद्‌गुरु की तरह देखना चाहिए - पुरुष, महिला, बच्चा, गाय, आपके आसपास की हर चीज। अगर आप हर चीज को समान भक्ति के साथ देखते हैं, तो आप सच्चे भक्त हैं। क्या यह काम करेगा? बिल्कुल।

एक आदमी आँखों के डॉक्टर के पास गया। उसकी आंखों की जांच करने के बाद, डॉक्टर ने चश्मे का नंबर लिखा। आदमी ने पूछा, ‘डॉक्टर एक बार जब मुझे चश्मा मिल जाएगा, तो क्या मैं पढ़ पाऊंगा?’ डॉक्टर ने जवाब दिया, ‘निश्चित रूप से आप पढ़ पाएंगे।’ आदमी ने कहा, ‘यह वाकई बहुत बढ़िया है। मैं अपने जीवन में कभी पढ़ना नहीं सीख पाया।’

अगर आप हर चीज को समान भक्ति के साथ देखते हैं, तो आप सच्चे भक्त हैं।

आपकी भक्ति इसी तरह की है। अधिकांश लोग पूर्ण भक्ति के साथ अपने भगवान का नाम नहीं ले रहे हैं। वे कभी-कभी इसे चिड़चिड़ाहट, गुस्से, नफरत, या रोष में उच्चारण कर सकते हैं। नाम का इस्तेमाल युद्ध के नारे के रूप में भी किया जाता है, या कुछ पाने के लिए एक मंत्र के रूप में किया जाता है।

कर्म का शरारती चक्र

मैं चाहता हूँ कि आप समझें कि जब आप यहाँ बैठे हैं और साँस ले रहे हैं, यह खुद में कर्म है। जैसे-जैसे आप जीते हैं, आप कर्म को विसर्जित कर रहे हैं और नया कर्म पैदा कर रहे हैं, हर समय। यहाँ तक कि अपने सभी कर्मों से छुटकारा पाने की इच्छा रखना भी अपने आप में एक बड़ा कर्म है। आपको बेफिक्री की भावना तक पहुंचना होगा क्योंकि आप बार-बार अपने कर्म से छुटकारा नहीं पाने वाले हैं। यह साँस की तरह है - अगर आप साँस लेते हैं, तो आपको छोड़नी होगी, अगर आप साँस छोड़ते हैं, तो आपको फिर से साँस लेनी होगी।

जैसे-जैसे आप जीते हैं, आप कर्म को विसर्जित कर रहे हैं और नया कर्म पैदा कर रहे हैं, हर समय।

शंकरन पिल्लई पहली बार क्रूज पर गए। वह समुद्र में पहली बार जाकर थोड़ा घबराए हुए थे, हालांकि यह एक बड़ा जहाज था। वह कप्तान के पास गए और पूछा, ‘इस आकार का जहाज कितनी बार डूबता है?’ कप्तान ने उनकी ओर देखा और जवाब दिया, ‘यह वाला? केवल एक बार।’

अगर आप कर्म बनाने वाली ‘मशीन’ से, जो आपका शरीर और मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया है, खुद को दूर कर लें, तो यह खत्म हो जाता है। यह अभी भी चीजें उगलेगा, लेकिन वे आपसे चिपकेंगी नहीं। बिना किसी चीज को छुए आप जी नहीं सकते। भले ही आप सक्रिय रूप से इसकी तलाश न कर रहे हों, दुनिया फिर भी आपकी इंद्रियों के माध्यम से आपको छूती है।

कृपा, गुरु और महान विघटन

प्रतिदिन लाखों चीजों को छुए बिना जीवन घटित नहीं हो सकता। कल्पना कीजिए कि आप सिर से पैर तक सुपर-ग्लू से सने हुए हों। एक दिन के भीतर ही आप एक बड़ी मुसीबत बन जाएंगे क्योंकि हर चीज आपसे चिपक जाएगी। यह कर्म है - दुनिया में जो कुछ भी आप छूते हैं वह आपसे चिपक जाएगा। कुछ समय बाद, जब बहुत सारी चीजें आपसे चिपक जाती हैं, तो धीरे-धीरे आपका चेहरा लंबा हो जाएगा। अनजाने में आप मृत्यु के लिए तैयार हो रहे होंगे। जिस किसी चीज के साथ आप पहचाने जाते हैं वह आपसे चिपक जाती है, इसलिए आप इस बड़े बोझ को चारों ओर ढो रहे हैं।

हम आपसे आपके कर्म का बोझ उतारने में रुचि नहीं रखते। अगर हम सिर्फ उस गोंद को मिटा दें, तो कर्म अपने आप गिर जाएगा।

मान लीजिए आप काम पर गए और आप अपने काम पर बहुत गर्व करते हैं। जैसे ही आप वहाँ बैठे, कुर्सी, मेज, कंप्यूटर - सब कुछ आपसे चिपक गया। सोचकर देखिए कि आप कुछ ही समय में कितने बड़े पहाड़ बन जाएंगे। अभी यही हो रहा है। हमारा मकसद कर्म का पहाड़ हटाने का नहीं है, बल्कि भक्ति, कृपा, गुरु, और शिव का उपयोग विलायक के रूप में करना है, कर्म को घोलकर खत्म करने के लिए नहीं, बल्कि हर चीज को आपसे चिपकाने वाली गोंद को घुलाकर खत्म करने कि लिए।

हम आपसे आपके कर्म का बोझ उतारने में रुचि नहीं रखते। अगर हम सिर्फ उस गोंद को मिटा दें, तो कर्म अपने आप गिर जाएगा। लेकिन अगर आप चाहते हैं कि कुछ चीजें चिपकी रहें और कुछ चली जाएं, तो गोंद वापस आ जाएगी। यह भेदभाव नहीं करती – सब कुछ चिपक जाता है। इसलिए हमें बस गोंद को खत्म करना है। हमें कर्म को खत्म नहीं करना है। अगर आप गोंद को खत्म कर देते हैं, तो कर्म खुद गिर जाएगा। अगली बार जब आप कार्यालय में बैठेंगे, तो कुर्सी अपनी जगह पर ही रहेगी।

कल्पना कीजिए कि आप अपने ऑफिस की कुर्सी और कंप्यूटर को अपने साथ चिपकाए चल रहे हैं। अभी यही सब हो रहा है - लोग अपनी नौकरी, अपने परिवार, अपनी दुनिया और अपनी संपत्ति को अपने सिर पर ढो रहे हैं। यह बदसूरत है, लेकिन समाज में जो लोग अपने सिर पर बहुत कुछ ढो रहे हैं, उन्हें सफल माना जाता है। अगर आप अपने सिर पर सोने का पहाड़ ढोते हैं, तो लोग कह सकते हैं, ‘कितना धनी आदमी है,’ लेकिन कुछ समय बाद, आप महसूस करेंगे कि यह कितना बड़ा बोझ है।

शुद्ध उपस्थिति की शक्ति

आपको बस इतना करना है कि आंखें बंद करके ऐसे बैठें जैसे आप अभी-अभी पैदा हुए हों, बेशक बुद्धि और शरीर वयस्क का हो, लेकिन बिना किसी चीज के साथ चिपके। अगर आप बस सरलता से बैठ सकते हैं, तो बस यही काफी है।

कुछ लोगों ने हाल ही में मुझसे कहा, ‘सद्‌गुरु, आपने कहा था कि अगर हम आपके साथ एक क्षण के लिए बैठेंगे, तो आप हमें मुक्त कर देंगे। हम वहाँ बैठे थे। लेकिन अब आप अपने वचन से पीछे हट रहे हैं।’ मैंने उनसे कहा, “मैंने कहा था, 'अगर आप मेरे साथ बस सरलता से बैठ सकते हैं...’ - आप 'सरलता से' शब्द भूल गए। केवल अकेले बैठना काफी नहीं है।”

आपको बस इतना करना है कि आंखें बंद करके ऐसे बैठें जैसे आप अभी-अभी पैदा हुए हों, बेशक बुद्धि और शरीर वयस्क का हो, लेकिन बिना किसी चीज के साथ चिपके।

आपको या तो अधिक सतर्क होना होगा या पूर्ण बेफिक्री की स्थिति में होना होगा। सतर्कता को धीरे-धीरे बढ़ाया जा सकता है। ऐसा नहीं है कि आप अधिक जागरूक हो रहे हैं, बल्कि आप अधिक सतर्क हो रहे हैं, इतने सतर्क कि एक दिन आप महसूस करेंगे कि जागरूकता आपके अस्तित्व का स्वभाव है। दूसरा तरीका है पूर्ण बेफिक्री की स्थिति में आना।

भक्ति और शिव पूर्ण बेफिक्री से जुड़े हैं। इसे धीरे-धीरे नहीं किया जा सकता - यह एक बार की छलांग है। ऐसी छलांग लगाने के लिए, आपको या तो बावला होना चाहिए या बिल्कुल निडर। चूंकि कोई भी पूरी तरह से निडर नहीं है, इसलिए आपको बावला होना चाहिए। नहीं तो आप कार्मिक चक्र से बाहर नहीं निकल पाएंगे।

आप कब तक अतीत को दोहराते रहेंगे? ऐसा आपकी गतिविधि, दूसरे लोगों, या दुनिया के कारण नहीं हो रहा है, ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि आप कार्मिक गोंद से सने हुए हैं - जो कुछ भी आप छूते हैं वह आपसे चिपक जाता है।

अगर आप खुद को पूरी तरह से इन चार विलायकों  में से किसी एक में डुबो दें - भक्ति, कृपा, गुरु, या शिव - तो यह गोंद को घुलाकर खत्म कर देगा। उसके बाद, कर्म जैसी कोई चीज नहीं रहेगी।