ईशा लहर का अगस्त अंक साधना पर केन्द्रित है। इस अंक में साधना के प्रमुख हिस्सों, साधना के लक्ष्य और परिवार के बीच रहते हुये साधना करने जैसे पहलूओं पर चर्चा की गई है। पढ़ते हैं इस बार का सम्पादकीय स्तम्भ। साधना हम कहते किसे हैं, आइए जरा गौर करें। आम तौर पर जब हम साधना की बात करते हैं, तो मन में कुछ खास तरह की तस्वीरें उभरती हैं, जैसे पहाड़ पर या गुफाओं में बैठा योगी, जंगल में तपस्या करते ऋषि-मुनि, आसन व ध्यान करते साधक या फिर पूजा-पाठ या उपवास-व्रत करते नर नारी...। तो क्या कुछ खास तरह की गतिविधियां ही साधना हैं और बाकी के काम साधना नहीं हैं? नहीं, ऐसा नहीं है।

हर किसी के लिए होकर जीना मुश्किल होता है

इंसान इस धरती का सबसे विकसित प्राणी है। धरती के दूसरे प्राणियों का विकास पूरी तरह से कुदरती तौर पर होता है, इसमें उनका कोई वश नहीं चलता। जबकि इंसान के पास विकास की प्रक्रिया को मनचाही गति और दिशा देने का विकल्प होता है। दूसरे प्राणियों से इंसान इस मायने में अलग है कि वह जीवन को सचेतन जी सकता है, वह जागरूक रहने के काबिल है। जीवन को पूरी जागरूकता में जीने की यह क्षमता ही इंसान के अंदर दिव्य संभावनाओं को जन्म देती है और उसे सृष्टिकर्ता तक पहुंचने के काबिल बनाती है। हमारा हर वो काम जिसे हम सचेतन होकर पूरी जागरूकता में करते हैं, हमारे लिए साधना बन जाता है। अचेतन होकर, बेहोशी में किए गए काम हमारे कल्याण की विपरीत दिशा में हमें ले जाते हैं। हांलाकि जागरूकता, इंसान को अपने रचयिता से मिली एक अनमोल भेंट है, फिर भी हर किसी के लिए जागरूक होकर जीना मुश्किल होता है।

साधना बाहरी कम और भीतरी ज्यादा है

इसीलिए इंसान की भीतरी प्रकृति की समझ के आधार पर योग विद्या में कुछ ऐसे साधन बनाए गए हैं, जो सचेतन होकर जीने में हमें सक्षम बनाते हैं। इन्हीं साधनों को आम तौर पर साधना के नाम से जाना जाता है। लेकिन यह बात हमें स्पष्ट रूप से समझ लेनी चाहिए कि साधना कुछ खास तरह की गतिविधियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह एक बहुत ही व्यापक आयाम है। यह बाहरी कम और आंतरिक ज्यादा है। हम अपनी हर गतिविधि को, यहां तक कि अपनी हर सांस को साधना बना सकते हैं और निहाल होकर जी सकते हैं। साधना तो पारस है जिसके स्पर्श मात्र से लोहे सरीखा जीवन दमकते स्वर्ण में रूपांतरित हो सकता है। आप भी अपने जीवन को दमकते सोने सा निखारें, इसी स्वर्णिम कामना के साथ यह अंक, जिसमें हमने साधना से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समेटा है, आपको भेंट करते हैं। स्वीकार करें हमारी ये भेंट।

- डॉ सरस

ईशा लहर प्रिंट सब्सक्रिप्शन के लिए इस लिंक पर जाएं

ईशा लहर डाउनलोड करने के लिए इस लिंक पर जाएं

Subscribe

Get weekly updates on the latest blogs via newsletters right in your mailbox.